• नगर निगम की टीमों ने संभाला मोर्चा, जलभराव वाले हॉट स्पॉट पर लगाया गया पंपसेट
• मौसम विभाग का अलर्ट: अगले दो दिन तक तेज हवा, बारिश और ओले गिरने की संभावना
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। गुरुवार शाम मौसम ने अचानक करवट ली और तेज आंधी के साथ ओलावृष्टि और बारिश शुरू हो गई। शाम करीब 5 बजे आए इस मौसमीय बदलाव ने शहर को हिला कर रख दिया। गरज-चमक के साथ आई तेज हवाओं ने कई स्थानों पर पेड़ उखाड़ दिए, जिससे वाहन क्षतिग्रस्त हुए और ट्रैफिक व्यवस्था प्रभावित हुई। वहीं कई क्षेत्रों में जलभराव की समस्या उत्पन्न हो गई। राइटगंज घंटाघर के पास एक नीम का पेड़ आंधी में उखड़कर एक कार पर जा गिरा जिससे वह बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। इसके अलावा संजय नगर सेक्टर-23, कलेक्ट्रेट के सामने, टाउन हॉल और नया गाजियाबाद रेलवे स्टेशन के आसपास भी पेड़ गिरने की घटनाएं सामने आईं। वसुंधरा सेक्टर-4 और डायमंड फ्लाईओवर के आसपास भी सड़कों पर पेड़ गिर गए। गनीमत रही कि किसी जानमाल की बड़ी क्षति की सूचना नहीं मिली है। मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ के कारण यह बदलाव आया है और आने वाले दो दिन तक बादल छाए रहने, बारिश और आंधी की संभावना बनी हुई है।
इस मौसमीय बदलाव के कारण तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है। गुरुवार को अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। हवा की रफ्तार अधिकतम 28 किलोमीटर प्रति घंटा रही और वातावरण में आर्द्रता 71 प्रतिशत दर्ज की गई। नगर निगम प्रशासन ने स्थिति को संभालने के लिए तत्काल एक्शन लिया। नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह के निर्देश पर उद्यान विभाग, जलकल विभाग और स्वास्थ्य विभाग की टीमें प्रभावित क्षेत्रों में सक्रिय हो गईं। सड़कों से गिरे पेड़ों को हटाया गया और जलभराव वाले इलाकों में पंप सेट लगाकर जलनिकासी की गई। सिटी जोन क्षेत्र में हिंडन अंडरपास और नवयुग मार्केट, मोहननगर जोन में नागद्वार अंडरपास, विजयनगर जोन में गौशाला अंडरपास जैसे स्थलों पर जलनिकासी का कार्य समय रहते किया गया। अपर नगर आयुक्त अवनींद्र कुमार ने बताया कि गुरुवार शाम आई तेज आंधी और ओलावृष्टि के तुरंत बाद नगर निगम की सभी टीमें अलर्ट मोड पर आ गईं और बिना समय गंवाए प्रभावित क्षेत्रों में राहत व पुनर्स्थापन कार्य शुरू कर दिया गया।
उन्होंने कहा कि शहर के विभिन्न जोन—विशेष रूप से सिटी, कविनगर, मोहन नगर और विजयनगर क्षेत्रों में जलभराव और पेड़ गिरने की सूचना प्राप्त होते ही संबंधित विभागों की टीमें मौके पर पहुंचीं। जलकल विभाग की टीमों ने पंप सेट की मदद से जलभराव वाले क्षेत्रों से तेजी से पानी निकाला, जबकि उद्यान विभाग की टीमों ने गिरे हुए पेड़ों को हटाकर आवागमन बहाल किया। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि हिंडन नदी अंडरपास, नवयुग मार्केट, नागद्वार अंडरपास और गौशाला अंडरपास जैसे जलभराव वाले हॉटस्पॉट्स की लगातार निगरानी की जा रही है और जहां आवश्यकता है वहां अतिरिक्त संसाधन तैनात किए गए हैं।
नगर निगम के उद्यान विभाग के प्रभारी डॉ. अनुज कुमार सिंह ने जानकारी दी कि तेज आंधी और ओलावृष्टि के कारण शहर के विभिन्न हिस्सों में बड़े-बड़े पेड़ सड़कों पर गिर गए, जिससे आवागमन बाधित हो गया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए विभाग की ओर से तुरंत क्रेन और अन्य भारी उपकरणों को मौके पर रवाना किया गया। कई स्थानों पर पेड़ों की मोटी शाखाओं को काटने की आवश्यकता पड़ी, ताकि रास्ते को शीघ्र साफ किया जा सके। विभाग की सक्रियता और समयबद्ध कार्रवाई की बदौलत कुछ ही घंटों में सड़कों से पेड़ हटा दिए गए और यातायात व्यवस्था दोबारा सुचारु रूप से संचालित होने लगी। उन्होंने यह भी बताया कि पूरी कार्यवाही नगर निगम के आपदा प्रबंधन तंत्र की तत्परता और तालमेल का प्रमाण है, जिससे शहरवासियों को बड़ी असुविधा से बचाया जा सका। मौसम विभाग ने चेतावनी जारी की है कि अगले दो दिनों तक मौसम ऐसा ही बना रहेगा, ऐसे में नागरिकों से सतर्कता बरतने की अपील की गई है। साथ ही नगर निगम भी संभावित आपदा प्रबंधन के लिए अलर्ट मोड पर बना हुआ है।
नीम का पेड़ गिरा कार पर, वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त
राइटगंज घंटाघर के पास तेज हवा से उखड़ा नीम का पेड़ एक कार पर जा गिरा जिससे कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। शहर के अन्य इलाकों में भी पेड़ गिरने की घटनाओं से ट्रैफिक व्यवस्था बाधित रही। हालांकि नगर निगम के उद्यान विभाग की टीमों ने पेड़ों को हटाकर रास्ता साफ किया।
जलभराव के 52 हॉटस्पॉट्स पर पंपसेट लगाए गए
नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह के निर्देश पर सभी जोनों की टीमों ने तत्काल सड़कों पर जमा पानी को निकालने का काम शुरू कर दिया। सिटी जोन, मोहन नगर, विजयनगर और कविनगर जोन में जलकल, स्वास्थ्य व उद्यान विभाग की टीमों ने त्वरित कार्रवाई की।
प्रमुख स्थलों पर जलनिकासी कार्य
• हिंडन अंडरपास, नवयुग मार्केट (सिटी जोन)
• नागद्वार अंडरपास (मोहन नगर जोन)
• गौशाला अंडरपास (विजयनगर जोन)
• डायमंड फ्लाईओवर, संजय नगर सेक्टर-23 (कविनगर जोन)

















