उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। देश में एक राष्ट्र, एक चुनाव की अवधारणा को जन-जन तक पहुंचाने और लोकतांत्रिक सुधारों को बल देने के उद्देश्य से भारत माता सांस्कृतिक संस्थान के तत्वावधान में 10 मई को एक विशाल जन जागरण यात्रा एवं भारत माता महाआरती का आयोजन किया जाएगा। नवयुग मार्केट स्थित एक अतिथि गृह में गुरुवार को आयोजित पत्रकार वार्ता में आयोजन की संपूर्ण रूपरेखा साझा करते हुए कार्यक्रम के मुख्य नियंत्रक मयंक गोयल ने बताया कि देश को आर्थिक दृष्टि से मज़बूत करने और विकास कार्यों में गति लाने के लिए एक राष्ट्र, एक चुनाव जैसी व्यापक और दूरदर्शी योजना अत्यंत आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि यह आयोजन केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि गाजियाबाद की जनता की लोकतांत्रिक जागरूकता का प्रतीक होगा, जिसका संदेश सीधे राष्ट्रपति महोदय और प्रधानमंत्री तक भेजा जाएगा। यह जन जागरण यात्रा भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह के कर-कमलों द्वारा प्रारंभ होगी। यात्रा की शुरुआत ठाकुरद्वारा स्थित शहीद भगत सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ होगी। इसके पश्चात गुरुकुल के सनातनी छात्रों और वैदिक पुरोहितों द्वारा मंत्रोच्चारण, शंखनाद, ढोल-नगाड़ों और घंटा-घडिय़ालों की मंगल ध्वनि के साथ यात्रा का विधिवत शुभारंभ किया जाएगा। भारी संख्या में युवाओं की भागीदारी इस यात्रा को एक सशक्त जन आंदोलन में परिवर्तित कर देगी। यात्रा मार्ग में सांस्कृतिक झांकियों के माध्यम से अनेकता में एकता की झलक दर्शाई जाएगी।
यात्रा का मार्ग ठाकुरद्वारा से प्रारंभ होकर चंद्रशेखर आज़ाद की प्रतिमा, सेठ मुकुंद लाल इंटर कॉलेज, नवयुग मार्केट होते हुए दुर्गा भाभी चौक से होकर शहीद स्थल पर समाप्त होगा, जहां सुसज्जित मंच पर भारत माता महाआरती और जन संदेश का कार्यक्रम सम्पन्न किया जाएगा। यात्रा के दौरान लगभग 25 स्थलों पर नागरिकों द्वारा विभिन्न स्वरूपों में स्वागत और अभिनंदन की व्यवस्था की गई है। पत्रकार वार्ता में संयोजक सरदार एस.पी. सिंह, नागरिक सुरक्षा प्रमुख वार्डन ललित जायसवाल, भारत माता सांस्कृतिक संस्थान से सचिन सिंघल, बॉबी त्यागी, सह-संयोजक अभिनव जैन, मीडिया समन्वयक प्रदीप चौधरी, निगम उपाध्यक्ष पार्षद राजीव शर्मा सहित अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे और कार्यक्रम के प्रति अपना समर्थन जताया।
















