एनजीटी के आदेश पर जीडीए की बड़ी कार्रवाई: पार्क की जमीन पर बनी अवैध सड़क ध्वस्त

-राजेंद्रनगर औद्योगिक क्षेत्र में बुलडोजर चला, अधिकारियों और पुलिस की मौजूदगी में अतिक्रमण हटाया गया

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) ने गुरुवार को राजेंद्रनगर औद्योगिक क्षेत्र में पार्क की जमीन पर अवैध रूप से बनाई गई सड़क को ध्वस्त कर दिया। यह कार्रवाई नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल (एनजीटी) के सख्त आदेश के अनुपालन में की गई। एनजीटी में सामाजिक कार्यकर्ता सुशील राघव द्वारा याचिका दाखिल की गई थी, जिसमें आरोप लगाया गया था कि औद्योगिक क्षेत्र स्थित फैक्ट्री के पास पार्क की निर्धारित भूमि पर लोगों ने अनाधिकृत रूप से पक्की सड़क बना ली है। एनजीटी के आदेश के बाद जीडीए प्रवर्तन जोन-7 की टीम ने गुरुवार को बुलडोजर चलाकर पूरी सड़क को धराशायी कर दिया। कार्रवाई अधिशासी अभियंता आलोक रंजन के निर्देशन में सहायक अभियंता सुरजीत, अवर अभियंता महेश श्रीवास्तव तथा नगर निगम, जीडीए पुलिस और साहिबाबाद थाना पुलिस की निगरानी में की गई।

जीडीए अधिकारियों ने बताया कि पार्क की जमीन पर किया गया यह अतिक्रमण न केवल हरित क्षेत्र को खत्म कर रहा था बल्कि शहरी योजनाओं और पर्यावरणीय नियमों का भी उल्लंघन था। कार्रवाई के दौरान मौके पर भारी पुलिस बल की तैनाती रही ताकि किसी प्रकार की अव्यवस्था न फैले। टीम ने स्पष्ट किया कि भविष्य में भी जीडीए शहर में हर प्रकार के अतिक्रमण के खिलाफ सख्त रुख अपनाएगा। जीडीए की यह केवल एक कार्रवाई नहीं, बल्कि पर्यावरण और शहर की नियोजित विकास योजनाओं की रक्षा के लिए हमारी प्रतिबद्धता का प्रतीक है। पार्क की भूमि पर किसी भी तरह का निर्माण स्वीकार्य नहीं है।