बंधा रोड-नूरनगर सड़क निर्माण को मिली मंजूरी

-जिलाधिकारी की अध्यक्षता में ऐतिहासिक फैसला, किसानों की सौ फीसदी सहमति से बनेगा विकास का मार्ग
-गाजियाबाद विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष अतुल वत्स की पहल को मिली सराहना

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। शहर के समग्र और सुनियोजित विकास की दिशा में गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) द्वारा एक ऐतिहासिक कदम उठाया गया है। राजनगर एक्सटेंशन से नूरनगर को जोडऩे वाली नई सड़क के निर्माण को अब पूरी तरह से मंजूरी मिल गई है, और यह कार्य अब जमीन पर तेजी से शुरू होने जा रहा है। यह विकास परियोजना न केवल यातायात को सुगम बनाएगी, बल्कि क्षेत्र के सामाजिक-आर्थिक परिदृश्य में भी क्रांतिकारी बदलाव लाएगी। 9 मई 2025 को जिलाधिकारी की अध्यक्षता में आयोजित उच्चस्तरीय बैठक में यह बड़ा निर्णय लिया गया कि संबंधित भूमि का अधिग्रहण किसानों से आपसी सहमति के आधार पर वर्तमान सर्किल रेट के दोगुने मूल्य पर किया जाएगा। गौर करने वाली बात यह है कि नूरनगर ऐसा पहला गांव बना है, जहां 100 प्रतिशत किसानों ने इस विकास कार्य के लिए अपनी सहमति दी है, जो क्षेत्र के प्रगतिशील दृष्टिकोण और प्रशासन पर विश्वास का प्रतीक है।

विकास के बाद प्रतीकात्मक छवि

इस दिशा में जीडीए उपाध्यक्ष अतुल वत्स की सक्रियता और संवेदनशील प्रशासनिक कार्यशैली की व्यापक सराहना हो रही है। उन्होंने न केवल किसानों से संवाद स्थापित कर विश्वास अर्जित किया, बल्कि टेंडर प्रक्रिया की पारदर्शिता सुनिश्चित कर कार्य में तेजी लाई। अब निर्माण कार्य जल्द ही आरंभ होगा और अनुबंध की प्रक्रिया भी अंतिम चरण में है। गाजियाबाद अब तेजी से उन शहरों की श्रेणी में शामिल हो रहा है, जहां विकास योजनाएं सिर्फ कागजों तक सीमित नहीं, बल्कि जमीन पर उतरती नजर आ रही हैं और इसका बड़ा श्रेय जीडीए के नेतृत्व को जाता है। बंधा रोड से नूरनगर को जोडऩे वाली सड़क का निर्माण गाजियाबाद के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। जीडीए उपाध्यक्ष अतुल वत्स के नेतृत्व में यह परियोजना न केवल यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ करेगी, बल्कि किसानों और प्रशासन के बीच सहयोग का एक उत्कृष्ट उदाहरण भी प्रस्तुत करेगी।

सड़क की विशेषताएं और लागत
यह सड़क 18 मीटर चौड़ाई में लगभग 750 मीटर और 24 मीटर चौड़ाई में 350 मीटर लंबी होगी। भूमि क्रय पर लगभग 32 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे जबकि निर्माण कार्य में लगभग 10 करोड़ रुपये की लागत आएगी। जीडीए की भू-अर्जन और अभियंत्रण अनुभाग की टीम द्वारा टोटल स्टेशन सर्वे के आधार पर भूमि चिन्हांकन व पिलरिंग की प्रक्रिया पहले ही पूरी की जा चुकी है।

विकास की श्रृंखला में नया अध्याय
जीडीए उपाध्यक्ष अतुल वत्स ने बताया कि यह सड़क सिर्फ एक मार्ग नहीं, बल्कि क्षेत्रीय विकास की रीढ़ सिद्ध होगी। इससे न केवल बेहतर यातायात सुविधा मिलेगी, बल्कि क्षेत्र का मानचित्र स्वीकृति और नियोजित विकास भी सुनिश्चित होगा। साथ ही इससे प्राप्त राजस्व को अन्य महत्वपूर्ण परियोजनाओं जैसे ‘हम तुम रोड’, ‘प्रस्तावित कमिशनरेट मार्ग’, ‘सिकरोड’ आदि के विकास में भी लगाया जाएगा।

अतुल वत्स की कार्यशैली बनी उदाहरण
इस पूरी प्रक्रिया में जीडीए उपाध्यक्ष अतुल वत्स की सक्रिय, पारदर्शी और संवादोन्मुखी कार्यशैली ने प्रशासन के प्रति जनता का विश्वास और गहरा किया है। वे ना केवल योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाने के लिए जाने जाते हैं, बल्कि आमजन और किसानों के साथ संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं को प्राथमिकता से हल करने में भी अग्रणी रहे हैं।

अतुल वत्स
जीडीए उपाध्यक्ष

हमारा उद्देश्य गाजियाबाद के बुनियादी ढांचे को सुदृढ़ करना और यातायात व्यवस्था को सुगम बनाना है। बंधा रोड से नूरनगर को जोडऩे वाली सड़क का निर्माण इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इस परियोजना से न केवल नागरिकों को बेहतर यातायात सुविधा मिलेगी, बल्कि क्षेत्रीय विकास को भी गति मिलेगी। सड़क निर्माण कार्य को शीघ्र प्रारंभ करने के लिए भूमि अधिग्रहण प्रक्रिया तेजी से जारी है। हम यह सुनिश्चित कर रहे हैं कि भू-धारक कृषकों को उचित मुआवजा मिले और अन्य भूमि स्वामियों को कंपनसेटरी एफएआर (0.5) का लाभ प्रदान किया जाए, ताकि विकास कार्यों में कोई रुकावट न आए। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण शहर के आधारभूत ढांचे को और बेहतर बनाने के लिए प्रतिबद्ध है और हम नागरिकों को विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत रहेंगे।
अतुल वत्स
उपाध्यक्ष, गाजियाबाद विकास प्राधिकरण