-निर्माण, जलकल, उद्यान, अतिक्रमण और टैक्स से जुड़ी शिकायतों पर विभागों को सौंपे निर्देश
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से मंगलवार को आयोजित ‘संभव जनसुनवाईÓ कार्यक्रम में नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने आमजन से सीधा संवाद किया। इस दौरान कुल 20 जनसंदर्भ प्राप्त हुए, जिनमें से अधिकतर निर्माण विभाग से संबंधित थे। नगर आयुक्त ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को तत्काल निरीक्षण कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। जनसुनवाई के दौरान प्राप्त शिकायतों में निर्माण विभाग से पांच, स्वास्थ्य विभाग से चार, उद्यान विभाग से चार, प्रकाश विभाग से एक, जलकल विभाग से दो, टैक्स विभाग से एक और अतिक्रमण संबंधी तीन प्रमुख समस्याएं सामने आईं। सभी संदर्भों को गंभीरता से लेते हुए नगर आयुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिया कि हर शिकायत पर त्वरित कार्रवाई की जाए, और समाधान की प्रगति की नियमित रिपोर्ट सौंपी जाए।
कार्यक्रम में वार्ड संख्या 24 और 78 के पार्षदों ने भाग लेते हुए नगर आयुक्त को स्थानीय समस्याओं से अवगत कराया। वार्ड 24 में ग्रीन बेल्ट की सफाई और अवैध सीवर कनेक्शन की समस्या पर नगर आयुक्त ने मौके पर ही टीम भेजकर कार्रवाई सुनिश्चित कराई। वहीं, वार्ड 78 में जलापूर्ति और उद्यान रखरखाव से जुड़ी शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया। नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने जनसुनवाई के दौरान कहा कि संभव केवल एक जनसुनवाई मंच नहीं, बल्कि लोगों के विश्वास और हमारी जवाबदेही का प्रतीक है।
किसी भी विभाग द्वारा लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि हर समस्या का समयबद्ध समाधान हो और जनता को इसकी जानकारी दी जाए। मौके पर अपर नगर आयुक्त जंग बहादुर यादव, संयुक्त नगर आयुक्त ओमप्रकाश, चीफ इंजीनियर एनके चौधरी, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मिथिलेश कुमार, उद्यान प्रभारी डॉ. अनुज कुमार सिंह, मुख्य कर निर्धारण अधिकारी डॉ. संजीव सिन्हा, अधिशासी अभियंता एसपी मिश्रा आदि उपस्थित रहे और प्राप्त संदर्भों पर तुरंत कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू की।

















