-मोहन नगर से हिंडन एयरफोर्स तक कार्यों की रफ्तार पर जताया संतोष, नागद्वार रोड पर मिली खामियों पर अफसरों को लगाई फटकार
-काम की गति बढ़ाएं, सुरक्षा और स्वच्छता में कोई समझौता न हो: विक्रमादित्य सिंह मलिक
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। शहर को बेहतर बुनियादी सुविधाएं देने की दिशा में चल रही सीएम ग्रिड परियोजना की प्रगति की समीक्षा के लिए मंगलवार को नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने निगम के चीफ इंजीनियर एनके चौधरी, अधिशासी अभियंता देशराज सिंह व कांट्रेक्टर के साथ सीएम ग्रिड योजना के तहत चल रहे कार्यों का मौके पर जाकर निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों और निर्माण एजेंसी के कार्यों की बारीकी से जांच की और कार्य की गुणवत्ता, गति और सुरक्षा मानकों को लेकर कई अहम निर्देश दिए। नगर आयुक्त सबसे पहले मोहन नगर चौराहे से हिंडन एयरफोर्स तक के 1300 मीटर लंबे निर्माण क्षेत्र में पहुंचे। यहां उन्होंने चल रहे कार्यों पर संतोष जताया और संबंधित ठेकेदारों को कार्य में तेजी बनाए रखने की हिदायत दी। इसके बाद जब वह नागद्वार रोड (1200 मीटर) पहुंचे तो वहां चल रहे कार्यों की धीमी प्रगति और अव्यवस्था को देखकर नाराज हो गए।
उन्होंने निर्माण एजेंसी को सख्त लहजे में चेतावनी दी कि काम में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। नगर आयुक्त ने निरीक्षण के दौरान मौके पर ही निर्माण विभाग के अधिकारियों, ठेकेदार और एजेंसी के प्रतिनिधियों को बुलाकर निर्देश दिया कि सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित हो, विशेषकर कार्य स्थल पर श्रमिकों की सुरक्षा को लेकर कोई चूक न हो। कार्यस्थल की साफ-सफाई नियमित रूप से की जाए, जिससे नागरिकों को असुविधा न हो। काम की गुणवत्ता और समयबद्धता में कोई समझौता नहीं होना चाहिए। लापरवाही पर नोटिस देने और कार्य बंद करने की कार्रवाई भी की जा सकती है। नगर आयुक्त मलिक ने कहा कि सीएम ग्रिड जैसी परियोजनाएं शहर के विकास की रीढ़ हैं। इसलिए इसमें किसी भी प्रकार की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अधिकारियों को चाहिए कि हर दिन प्रगति रिपोर्ट दें और कार्य की गुणवत्ता से समझौता न करें। जनहित सर्वोपरि है।
निर्माण कार्यों की निगरानी अब और होगी सख्त
मुख्य अभियंता निर्माण नरेंद्र कुमार चौधरी ने बताया कि नगर आयुक्त के निर्देशों के बाद अब प्रत्येक कार्यस्थल की निगरानी और रिपोर्टिंग दैनिक आधार पर की जाएगी। आर एंड सी इंफ्रास्ट्रक्चर द्वारा चल रहे इस निर्माण कार्य को नगर निगम की टीम लगातार मॉनिटर कर रही है।
शहर के लिए अहम है यह परियोजना
सीएम ग्रिड परियोजना का उद्देश्य शहर में मजबूत और व्यवस्थित सिविल इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार करना है, जिससे भविष्य में जलभराव, ट्रैफिक और पाइपलाइन जैसी समस्याओं से निपटा जा सके। इसके तहत कई क्षेत्रों में नई सड़कों, सीवर और जलनिकासी तंत्र का निर्माण किया जा रहा है।
जनता से भी की सहयोग की अपील
नगर आयुक्त ने शहरवासियों से भी अपील की कि वे निर्माण स्थलों के आसपास सतर्कता बरतें, और किसी भी असुविधा या समस्या की सूचना तुरंत नगर निगम को दें।
सीएम ग्रिड जैसी महत्वपूर्ण परियोजनाएं शहर के ढांचागत विकास की रीढ़ हैं। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही या देरी कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मैं स्वयं लगातार निरीक्षण कर रहा हूँ और सभी संबंधित अधिकारियों व ठेकेदारों को निर्देश दे चुका हूँ कि कार्य को समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण और सुरक्षित ढंग से पूरा किया जाए। कार्य स्थल पर सुरक्षा के सभी मानकों का पालन हो, और सफाई व्यवस्था में कोई कोताही न हो। यदि कहीं भी ढिलाई पाई गई तो संबंधित फर्म के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। नगर निगम का उद्देश्य है – गाजियाबाद को स्मार्ट और सुविधा संपन्न शहर बनाना, और इसमें कोई समझौता नहीं किया जाएगा।
विक्रमादित्य सिंह मलिक
नगर आयुक्त

















