नगर आयुक्त ने मूकबधिर बच्चों संग मनाया पर्यावरण का पर्व

-पेड़ लगाओ, प्लास्टिक हटाओ का संकल्प लेकर शुरू किया 1000 पौधों का अभियान

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। विश्व पर्यावरण दिवस से ठीक एक दिन पहले गाजियाबाद नगर निगम ने पर्यावरण संरक्षण का अनूठा संदेश देते हुए इंदिरापुरम स्थित अर्बन फॉरेस्ट में मूकबधिर बच्चों के साथ मिलकर पौधारोपण अभियान की शुरुआत की। नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक के नेतृत्व में बुधवार को पेड़ लगाओ, प्लास्टिक हटाओ का संदेश देते हुए 1000 से अधिक पौधों को रोपित करने की शुरुआत की गई। इस प्रेरणादायक अभियान में नोएडा डीफ समिति के 25 मूकबधिर बच्चों ने भाग लेकर पर्यावरण के प्रति अपने समर्पण को नई ऊंचाई दी। इस अवसर पर नगर आयुक्त ने बच्चों के साथ संवाद स्थापित करते हुए पौधारोपण किया और बताया कि पौधे लगाना ही नहीं, बल्कि उन्हें अपनाना भी जरूरी है। उन्होंने सभी शहरवासियों से अपील की कि पर्यावरण को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने की जिम्मेदारी हम सबकी है और इस दिशा में व्यक्तिगत प्रयास ही सामूहिक बदलाव लाएगा।

अभियान के तहत मियावाकी पद्धति से नीम, अर्जुन, पीपल, बरगद, पिलखान, बकैन, पापड़ी सहित फलदार और औषधीय पौधों का रोपण किया गया। मौके पर अर्थ एनजीओ की टीम, नगर निगम के ब्रांड एंबेसडर एवं पॉन्ड मैन रामवीर, उद्यान प्रभारी डॉ. अनुज कुमार सिंह, चीफ इंजीनियर निर्माण एनके चौधरी, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मिथिलेश कुमार समेत निगम के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। नगर आयुक्त ने बताया कि मानसून को ध्यान में रखते हुए इस वर्ष भी 1 जुलाई से वृहद स्तर पर पौधारोपण अभियान शुरू किया जाएगा। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि यह सिर्फ एक दिन का आयोजन नहीं है, बल्कि एक सतत अभियान है, जिसमें हर नागरिक की भागीदारी आवश्यक है।

नगर निगम द्वारा अर्बन फॉरेस्ट क्षेत्र में पूर्व में लगाए गए पौधों का भी निरीक्षण किया गया, जहां देखा गया कि हजारों पौधे सीएसआर फंडिंग के जरिए लगाकर संरक्षित किए जा चुके हैं। पॉन्ड मैन रामवीर ने बताया कि अर्बन फॉरेस्ट नगर निगम की जमीन पर विकसित किया गया है, जो आने वाले समय में गाजियाबाद की हरियाली और शुद्ध हवा का प्रमुख स्रोत बनेगा। विश्व पर्यावरण दिवस पर गुरुवार को नगर निगम के सभी पांचों जोनों में पार्षदों, आरडब्ल्यूए पदाधिकारियों, सामाजिक संस्थाओं और स्थानीय नागरिकों की भागीदारी के साथ व्यापक स्तर पर पौधारोपण किया जाएगा। साथ ही, स्वच्छ भारत मिशन टीम की ओर से प्लास्टिक मुक्त गाजियाबाद अभियान भी शुरू किया जाएगा।