अनुसूचित जाति बालक छात्रावास में मुख्य विकास अधिकारी का औचक निरीक्षण

-बुनियादी सुविधाओं की कमी और मरम्मत कार्यों की धीमी रफ्तार पर जताई नाराजगी, अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। जनपद के मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) अभिनव गोपाल ने बुधवार को समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित राजकीय अनुसूचित जाति बालक छात्रावास, नंदग्राम का अचानक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने छात्रावास की समग्र स्थिति, संचालन की व्यवस्था, मूलभूत सुविधाएं, स्वच्छता, बिजली की आपूर्ति और भवन की स्थिति का बारीकी से अवलोकन किया। निरीक्षण के समय यह पाया गया कि छात्रावास में उत्तर प्रदेश सिडको द्वारा कराए जा रहे अनुरक्षण (मरम्मत) कार्य कई स्थानों पर अधूरे हैं तथा जहां कार्य पूरा किया गया है वहां गुणवत्ता संतोषजनक नहीं है। इस पर सीडीओ ने संबंधित अधिकारियों को निर्धारित समय में उच्च गुणवत्ता के साथ कार्य पूर्ण करने का निर्देश दिया।

निरीक्षण के दौरान सीडीओ ने छात्रावास में रह रहे छात्रों से संवाद किया और उनकी समस्याएं जानीं। छात्रों ने बताया कि उन्हें भोजन, पेयजल और विद्युत की उपलब्धता में समय-समय पर दिक्कतें आती हैं। इस पर सीडीओ ने तत्काल प्रभाव से एक संपर्क अधिकारी नियुक्त करने और सतत निगरानी प्रणाली को मजबूत करने के निर्देश दिए। इस औचक निरीक्षण से जहां विभागीय अमले को चेतावनी मिली है, वहीं छात्रावास में रह रहे विद्यार्थियों के लिए यह एक आशा की किरण है कि अब उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना और सुलझाया जाएगा।

साफ-सफाई व्यवस्था पर असंतोष
छात्रावास में सफाई व्यवस्था भी असंतोषजनक पाई गई, जिस पर सीडीओ ने नाराजगी जताई और सफाईकर्मियों को प्रतिदिन निरीक्षण कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के आदेश दिए। उन्होंने कहा कि यह छात्रावास सामाजिक न्याय की भावना का प्रतीक है, और इसमें लापरवाही सामाजिक उत्तरदायित्व की अनदेखी मानी जाएगी।

विभागीय चेतावनी और आशा का संदेश
निरीक्षण के अंत में सीडीओ ने समाज कल्याण अधिकारी को स्पष्ट निर्देश दिए कि यदि किसी भी प्रकार की अनियमितता पाई जाती है, तो उच्चाधिकारियों को तत्काल अवगत कराते हुए सुधारात्मक कार्रवाई की जाए।

अभिनव गोपाल
मुख्य विकास अधिकारी

अनुसूचित जाति के विद्यार्थियों के लिए बनाए गए इस छात्रावास में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यह केवल एक भवन नहीं बल्कि इन बच्चों के भविष्य की नींव है। सभी अधिकारी अपनी जिम्मेदारी पूरी निष्ठा से निभाएं ताकि विद्यार्थियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
अभिनव गोपाल
मुख्य विकास अधिकारी