– वॉटर वेपर (भाप) आधारित मिनिमली इन्वेजि़व प्रक्रिया से मरीज को मिली तुरंत राहत
– डॉ. संजय गर्ग और डॉ. आशीष त्यागी ने मिलकर की अत्याधुनिक रेज़म थेरेपी की सफल सर्जरी
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। एनएच-24 स्थित मणिपाल हॉस्पिटल ने एक नई उपलब्धि दर्ज की है। शहर में पहली बार प्रोस्टेट एनलार्जमेंट (बढ़े हुए प्रोस्टेट) का इलाज अत्याधुनिक रेजम प्रक्रिया के जरिए सफलतापूर्वक किया गया। इस वॉटर वेपर आधारित मिनिमली इन्वेजि़व थेरेपी ने 53 वर्षीय मरीज को लंबे समय से हो रही मूत्र संबंधी समस्या से राहत दिलाई, जिससे न केवल उनकी जीवन गुणवत्ता में सुधार आया बल्कि बड़ी सर्जरी और दीर्घकालिक दवाइयों से भी छुटकारा मिला। यह अभिनव चिकित्सा प्रक्रिया मणिपाल हॉस्पिटल गाजियाबाद के यूरोलॉजी विभाग की टीम ने डॉ. संजय गर्ग, सीनियर कंसल्टेंट यूरोलॉजी एवं एंड्रोलॉजी, और डॉ. आशीष त्यागी, कंसल्टेंट यूरोलॉजी के नेतृत्व में पूरी की। मरीज पिछले दो वर्षों से मूत्रत्याग में अत्यधिक कठिनाई का सामना कर रहा था। कई बार स्थिति इतनी बिगड़ गई कि मूत्रनली पूरी तरह ब्लॉक हो गई, और मूत्र निकालने के लिए पाइप की आवश्यकता पड़ी।
पहले दवाओं से उपचार का प्रयास किया गया, लेकिन जब दवाओं के साइड इफेक्ट और कम प्रभाव सामने आए, तो रेज़म प्रक्रिया को अपनाया गया। इस थेरेपी में अत्यधिक गर्म वॉटर वेपर का उपयोग करके प्रोस्टेट टिश्यू को सिकोड़ दिया जाता है, जिससे मूत्र प्रवाह सामान्य हो जाता है। डॉ. संजय गर्ग ने कहा कि प्रोस्टेट संबंधी समस्याएं बुजुर्ग पुरुषों में आम होती जा रही हैं। 60 वर्ष की आयु तक लगभग 50 % पुरुषों में प्रोस्टेट बढ़ने लगता है। रेज़म प्रक्रिया से मरीज को एक ही दिन में राहत मिली और यौन स्वास्थ्य पर भी कोई प्रतिकूल प्रभाव नहीं पड़ा। यह प्रक्रिया कम समय में, कम जोखिम में और अत्यधिक प्रभावशाली परिणाम देती है। डॉ. आशीष त्यागी ने इसे गाजियाबाद के लिए एक चिकित्सा उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा, यह तकनीक प्रोस्टेट के इलाज में मरीजों के लिए एक सुरक्षित और सहज विकल्प है।
हमारी यह सफलता यह दर्शाती है कि मणिपाल हॉस्पिटल गाजियाबाद अत्याधुनिक यूरोलॉजिकल केयर में अग्रणी भूमिका निभा रहा है। मरीज ने बिना किसी जटिलता के उपचार के बाद अपनी दिनचर्या पुन: शुरू कर दी है। मणिपाल हॉस्पिटल में इस प्रक्रिया की सफलता ने यह स्पष्ट कर दिया है कि अब गाजियाबाद व आसपास के मरीजों को प्रोस्टेट जैसी समस्याओं के लिए महानगरों का रुख नहीं करना पड़ेगा। आधुनिक तकनीकों और विशेषज्ञ डॉक्टरों की मौजूदगी में अब इलाज यहीं उपलब्ध है—उच्च गुणवत्ता, कम जोखिम और बेहतर परिणामों के साथ।
















