-400 वर्गमीटर पर पनप रहा था अवैध कारोबार का अड्डा, तीन जेसीबी की गर्जना से हुआ सफाया
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) की प्रवर्तन टीम ने बुधवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए गांव शाहपुर-बम्हेटा में 400 वर्गमीटर में फैली 18 अवैध दुकानों को ध्वस्त कर दिया। यह कार्रवाई जीडीए उपाध्यक्ष अतुल वत्स के निर्देश पर प्रवर्तन जोन-5 के प्रभारी अधिशासी अभियंता योगेश पटेल के नेतृत्व में की गई। सहायक अभियंता पीयूष सिंह और अवर अभियंता सुनील कुमार की टीम ने, पुलिस बल की मौजूदगी में तीन जेसीबी मशीनों की मदद से खसरा संख्या-735 व 736 पर बने अवैध निर्माण को पूरी तरह गिरा दिया।
बताया गया कि लीला धर व अन्य ने नियमों को ताक पर रखकर इस क्षेत्र में अवैध रूप से दुकानों का निर्माण कर लिया था। कार्रवाई के दौरान स्थानीय लोगों ने विरोध किया, लेकिन पुलिस बल ने मोर्चा संभालते हुए स्थिति को नियंत्रण में रखा और अतिक्रमण हटवा दिया। जीडीए ने मौके से स्पष्ट चेतावनी जारी की कि अनाधिकृत कॉलोनियों में प्लॉट न खरीदें और किसी प्रकार के अवैध निर्माण में निवेश न करें। यह अभियान आगे भी इसी सख्ती के साथ जारी रहेगा।















