-सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, फैशन शो और छात्र अनुभवों से सजी अनमोल शाम, संस्थान ने छात्रों को दी भविष्य की शुभकामनाएं
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। डासना स्थित सुंदरदीप ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशन्स में शुक्रवार को एमबीए सत्र 2023-25 के अंतिम वर्ष के विद्यार्थियों को भव्य विदाई समारोह के माध्यम से विदा किया गया। यह आयोजन संस्थान परिसर में पारंपरिक भारतीय आतिथ्य एवं आधुनिक सांस्कृतिक रंगों के संयोग के साथ संपन्न हुआ। समारोह का आरंभ तिलक एवं पुष्पवर्षा से हुआ, जिसने वातावरण को गरिमामयी बना दिया। इसके पश्चात एमबीए विभागाध्यक्ष डॉ. रश्मि चौधरी ने स्वागत भाषण देते हुए मंच पर उपस्थित सभी विशिष्ट अतिथियों का अभिनंदन किया। इस अवसर पर महेंद्र अग्रवाल (कुलाधिपति- सुंदरदीप विश्वविद्यालय), अखिल अग्रवाल (उपाध्यक्ष- सुंदरदीप समूह), नितिन अग्रवाल (प्रो-उपकुलपति), डॉ. प्रसंजीत कुमार (कुलपति), पीयूष श्रीवास्तव (प्रो-उपकुलपति) एवं राजीव रतन (पंजीयक) की गरिमामयी उपस्थिति ने कार्यक्रम को विशेष बना दिया।
सभी माननीय अतिथियों ने विद्यार्थियों को आशीर्वचन एवं भावी जीवन के लिए शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में छात्रों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने माहौल को उमंगों से भर दिया। नृत्य, गायन एवं टैलेंट राउंड ने दर्शकों का मन मोह लिया। जूनियर छात्रों द्वारा आयोजित फैशन शो ने पूरे आयोजन में ऊर्जा का संचार कर दिया, जिसमें सीनियर छात्रों ने आत्मविश्वास के साथ रैम्प वॉक कर अपने व्यक्तित्व का प्रदर्शन किया। सम्मान समारोह में विजेताओं को प्रो-उपकुलपति पीयूष श्रीवास्तव एवं डॉ. दीपा कंवर (उप निदेशक, एसडीसीएमटी) द्वारा स्मृति चिन्ह एवं उपाधि पट्टिका (टाइटल सैश) प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में उपस्थित सभी शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने विजेताओं को बधाई दी। कार्यक्रम का समापन ‘जम सेशन’ एवं भव्य भोज के साथ हुआ, जिसमें सभी ने उल्लासपूर्वक भाग लिया। विदाई समारोह का भावुक क्षण तब आया जब अंतिम वर्ष के छात्र मंच पर आए और संस्थान में बिताए अपने यादगार अनुभवों को साझा किया। सभी की आंखों में अपने शिक्षकों और मित्रों के प्रति आभार व स्नेह झलकता दिखा। यह विदाई केवल एक आयोजन नहीं बल्कि विद्यार्थियों के जीवन की अविस्मरणीय स्मृति बन गई, जो उन्हें हमेशा सुंदरदीप परिवार से जोड़े रखेगी।
प्रतियोगिता के प्रमुख विजेता
• मिस्टर एवं मिस फेयरवेल: संस्कार पालीवाल एवं प्रिया त्यागी
• मिस्टर आकर्षक एवं मिस सुंदर: अक्षय शर्मा एवं कृतिका वर्मा
• मिस्टर एवं मिस प्रतिभा: अभिनव सिंह एवं श्वेता तंवर

















