-व्यापारियों की समस्याओं के समाधान को मिली प्रशासनिक प्रतिबद्धता
-मुख्य विकास अधिकारी अभिनव गोपाल की अध्यक्षता में आयोजित व्यापार बंधु की बैठक में व्यापारियों की मांगों को मिला भरोसा
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। प्रदेश सरकार की मंशा के अनुरूप आर्थिक और औद्योगिक विकास के साथ-साथ व्यापारिक हितों को प्राथमिकता देने के उद्देश्य से मंगलवार को जनपद गाजियाबाद में व्यापार बंधु की अहम बैठक का आयोजन किया गया। इस बैठक की अध्यक्षता मुख्य विकास (सीडीओ) अधिकारी अभिनव गोपाल ने की। बैठक में शहर के व्यापारी संगठनों ने अपनी समस्याएं खुलकर रखीं, जिनका प्रशासन ने त्वरित संज्ञान लेते हुए समाधान का भरोसा दिलाया। मुख्य विकास अधिकारी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि व्यापारी वर्ग प्रदेश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ है और शासन की प्राथमिकता है कि उन्हें कोई कठिनाई न हो। उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि व्यापारियों की हर समस्या का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि यदि किसी भी स्तर पर लापरवाही पाई गई तो संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई तय है। बैठक में व्यापारियों ने कांवड़ भंडारों के लिए सिंगल विंडो सुविधा की मांग की, गंग नहर की पटरी की मरम्मत और बंद सड़कों से अतिक्रमण हटाने का मुद्दा उठाया।
साथ ही हापुड़ चुंगी से विवेकानंद नगर टी प्वाइंट तक दोनों ओर ग्रीन बेल्ट में तारबंदी की व्यवस्था कराने, मलिक नगर से ईदगाह बस्ती तक नाले की पटरी के निर्माण सहित अन्य आवश्यक बिंदुओं को भी प्रशासन के समक्ष प्रस्तुत किया गया। मुख्य विकास अधिकारी ने सभी विभागों को निर्देशित किया कि इन समस्याओं का तत्काल स्थलीय निरीक्षण कर निस्तारण की प्रक्रिया शुरू करें। इसके साथ ही उन्होंने व्यापारियों से आग्रह किया कि वे अपनी विशिष्ट समस्याओं की एक स्पष्ट सूची बनाकर संबंधित विभागों को सौंपें ताकि उन्हें प्राथमिकता के आधार पर हल किया जा सके। उन्होंने कहा व्यापारी हमारी अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं। सरकार की मंशा है कि हर व्यापारी निर्भीक होकर व्यापार करे और उसे प्रशासन से पूरा सहयोग मिले। व्यापारिक हित सर्वोपरि हैं, और हमारी प्राथमिकता है कि हर समस्या का समाधान तय समय में हो।
व्यापार बंधु की इस बैठक में एडीएम सिटी विकास कश्यप, एएमसी जेबी यादव, एडीसीपी ट्रैफिक सचिदानंद, राज्य कर विभाग की संयुक्त आयुक्त सुजाता सिंह सहित नगर निगम, गाजियाबाद प्राधिकरण, लोक निर्माण विभाग, विद्युत विभाग, खाद्य सुरक्षा विभाग सहित अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। व्यापारी संगठनों की ओर से तिलक राज अरोड़ा, अशोक भारती, प्रशांत सरैया, धनेश सिंघल, प्रीतम लाल, पंकज गर्ग जैसे प्रमुख व्यापारी नेताओं ने भाग लिया। बैठक के अंत में मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि प्रशासन व्यापारियों के साथ खड़ा है और हर विभाग की यह जिम्मेदारी है कि व्यापारिक माहौल को सुगम और सरल बनाया जाए। उन्होंने भरोसा दिलाया कि व्यापारियों की सभी समस्याओं का त्वरित समाधान कर ‘सुखी व्यापारी-सशक्त प्रदेशÓ के लक्ष्य को साकार किया जाएगा।
• पारी संगठनों ने बैठक में कई बुनियादी एवं महत्वपूर्ण समस्याएं रखीं:
• कांवड़ भंडारों के लिए सिंगल विंडो सुविधा शुरू की जाए
• गंग नहर की पटरी की ढलान की मरम्मत शीघ्र हो
• बम्बा पटरी की बंद सड़क से अतिक्रमण हटाया जाए
• हापुड़ चुंगी से विवेकानंद नगर टी प्वाइंट तक ग्रीन बेल्ट में तारबंदी की जाए
• मलिक नगर से ईदगाह बस्ती तक नाले की पटरी का पूर्ण निर्माण हो
समस्याओं की सूची जल्द उपलब्ध कराने का निर्देश
सीडीओ ने व्यापारियों से विशेष रूप से अनुरोध किया कि वे अपनी-अपनी समस्याओं की विभागवार सूची तैयार कर विभागों को सौंपें, जिससे कार्रवाई में गति लाई जा सके। उन्होंने कहा कि व्यापारी समाज अर्थव्यवस्था की रीढ़ है, और शासन उसकी बेहतरी के लिए प्रतिबद्ध है।

















