-जहां कभी अपराध का दबदबा था, वहीं आज सुव्यवस्था, स्वच्छता और स्मार्ट योजनाओं का है बोलबाला: योगी
-खोड़ा, लोनी, मुरादनगर को नगर निगम में शामिल करने और ‘ग्रेटर गाजियाबाद के विजन पर सीएम की मुहर
उदय भूमि संवाददाता
गााजियाबाद। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि ग्रेटर गाजियाबाद बनाने की तैयारी है। खोड़ा-मकनपुर,लोनी नगर पालिका परिषद और मुरादनगर नगर पालिका परिषद को जोड़कर नगर निगम का विस्तार किया जाएगा। इन्हें नगर निगम का हिस्सा बनाया जाएगा। गुरूवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ करीब पांच घंटे तक गाजियाबाद में रहे। उन्होंने इंदिरापुरम स्थित कैलाश मानसरोवर भवन में भाजपा के वरिष्ठ कार्यकर्ताओं एवं मंत्री,विधायकों समेत जनप्रतिनिधियों के साथ मुलाकात और बैठक की। इस दौरान ग्रेटर गाजियाबाद की परिकल्पना को लेकर उनके सुझाव भी मांगे। कैलाश मानसरोवर भवन में मुख्यमंत्री ने यात्रा के लिए जाने वाले यात्रियों को किट प्रदान करते हुए रवाना किया। इस मौके पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि हिंडन नदी के पुनरूद्धार का कार्य जारी है। हिंडन नदी के दोनों ओर पेड़ लगाए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि गाजियाबाद की सूरत पिछले 8 साल में बदली है। पहले गाजियाबाद में कूड़े के पहाड़ रहते थे। लेकिन अब गाजियाबाद विश्व के स्वच्छ 50 शहरों में शामिल हैं। उन्होंने नगर निगम अधिकारियों की स्वच्छता को लेकर तारीफ की।
उन्होंने कहा कि कभी गाजियाबाद की कानून व्यवस्था पर गैंगवार पर फिल्में बनती थीं। अब गाजियाबाद प्रदेश का सबसे स्वच्छ शहर हैं। गाजियाबाद देश का पहला ऐसा शहर है, जहां नमो भारत रैपिड रेल चलती है। गाजियाबाद की अपनी मेट्रो ट्रेन है। अपना एयरपोर्ट है। यह सब पिछले 8 साल में डबल इंजन की सरकार की वजह से ही हो पाया है। इसी बीच मुख्यमंत्री योगी ने अधिकारियों के साथ बैठक करते हुए विकास कार्यों की समीक्षा भी की। इससे पहले उन्होंने साहिबाबाद स्थित सेंट्रल इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड कंपनी परिसर में डाटा सेंटर का उद्घाटन किया। इस मौके पर योगी आदित्यनाथ ने कहा कि वर्ष-2027 तक यूपी 2000 मेगावाट रिनिवल एनर्जी का उत्पादन करने लगेगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा व मार्गदर्शन में पिछले 8 वर्ष में जो कार्य किया है, उससे गाजियाबाद नए गाजियाबाद के रूप में चमक रहा है। यहां के बारे में धारणा बदली है। पहले गाजियाबाद के नाम पर कभी अपराध और गैंगवार की फिल्में बनती थीं। वहीं गाजियाबाद विकास,स्वच्छता व सुव्यवस्था का मॉडल बनकर उभर रहा है। 10 वर्ष पहले कोई सोचता नहीं था कि जनपद 12 लेन के ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस-वे के साथ जुड़ेगा और देश की पहली रैपिड रेल गाजियाबाद से होकर जाएगी,लेकिन आज यह सब कुछ हो गया।
आज गाजियाबाद के पास रैपिड रेल, 12 लेन हाईवे, मेट्रो ट्रेन,एयरपोर्ट भी है। मुख्यमंत्री ने पत्रकारों से बातचीत की। इससे पहले इंदिरापुरम स्थित कैलाश मानसरोवर भवन से कैलाश मानसरोवर यात्रा पर जा रहे जत्थे को किट प्रदान की। मुख्यमंत्री ने यात्रियों का हृदय से अभिनंदन करते हुए सुखद-मंगलमय यात्रा की कामना की। मुख्यमंत्री ने कहा कि देवाधिदेव महादेव से प्रार्थना करता हूं कि इन सब पर कृपा बनी रहे। दर्शन करके आने वाले सभी यात्रियों को उत्तर प्रदेश सरकार की तरफ से एक-एक लाख रुपए की सहायता दी जाएगी। कैलाश मानसरोवर भवन हमने यात्रियों की सुविधा के लिए स्थापित किया था। आज 200 से अधिक श्रद्धालु इस भवन में आकर यात्रा का हिस्सा बनने जा रहे हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समीक्षा बैठक में खोड़ा-मकनपुर नगर पालिका,लोनी नगर पालिका व मुरादनगर नगर पालिका को नगर निगम का हिस्सा बनाने पर कहा कि गाजियाबाद अब ग्रेटर गाजियाबाद के रूप में नई यात्रा को प्रारंभ कर रहा है। यहां सभी संस्थाओं ने अच्छे कार्य किए हैं।
ग्रेटर गाजियाबाद की दृष्टि से कुछ नए इनेसेटिव आगे बढ़ाने के साथ ही इन्हें गाजियाबाद नगर निगम का हिस्सा बनाने और इसके वृहद विकास की कार्ययोजना बनाने को कहा है। इंटीग्रेटेड ऑफिस कॉम्प्लेक्स सभी जनपद मुख्यालयों को एक छत के नीचे लाने और पुलिस कमिश्नरेट कार्यालय के जरिए मुख्यालय के रूप में सुरक्षा व बेहतरीन कानून व्यवस्था पर भी चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने बाबा दुग्धेश्वर नाथ मंदिर कॉरिडोर निर्माण समेत विकास-बुनियादी सुविधाओं से जुड़े कार्यक्रमों पर भी चर्चा की। स्टेडियम बनाने के लिए बीसीसीआई ने बहुत पहले राजनगर एक्सटेंशन में जमीन खरीद ली थी, लेकिन काम आगे नहीं बढ़ा। उन्होंने गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) उपाध्यक्ष अतुल वत्स को निर्देश दिए कि उस जमीन का प्रयोग करें और स्टेडियम बनाकर उसका संचालन करें। मुख्यमंत्री ने कहा कि नागरिक अब कैलाश मानसरोवर भवन, उत्तराखंड भवन व पूर्वांचल भवन का उपयोग शुरू करें। जीडीए व नगर निगम इसका मॉडल बनाकर भेजें,जिससे इसे ठीक ढंग से आगे बढ़ाया जा सकें। उन्होंने कहा कि गाजियाबाद में कुछ वर्षोंं में उठाए गए कदम के कारण गाजियाबाद में ग्रीनरी का लेवल बढ़ा है।
यह सुंदर सिटी के रूप में आगे बढ़ा हैं। यहां कूड़े के ढेर समाप्त हुए और मियावाकी पद्धति,सिटी फॉरेस्ट के रूप में नया मॉडल देखने को मिल रहा है। गाजियाबाद की कभी पहचान रही हिंडन नदी के पुनरोद्धार,प्राकृतिक पद्धति से सुदृढ़ीकरण,एक पेड़ मां के नाम पर नदी के दोनों ओर व्यापक पौधरोपण किए जा रहे हैं। विकास,रोजगार समेत अनेक मुद्दों पर भी बैठक में चर्चा हुई है। डबल इंजन सरकार की विकास की यह यात्रा इसी प्रकार से आगे बढ़ेगी और जनप्रतिनिधियों के सुझाव व इनेसेटिव को प्रशासन धरातल पर उतारेगा। इस दौरान कैबिनेट मंत्री सुनील कुमार शर्मा,राज्यमंत्री नरेंद्र कश्यप, राज्यमंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री असीम अरूण,सांसद अतुल गर्ग,बागपत के सांसद डॉ.राजकुमार सांगवान,महापौर सुनीता दयाल,विधायक संजीव शर्मा, विधायक डॉ.मंजू सिवाच,विधायक नंदकिशोर गुर्जर,जिला पंचायत अध्यक्षा ममता त्यागी एवं पुलिस कमिश्नर जे. रविन्दर गौड़,एडिशनल पुलिस कमिश्नर आलोक प्रियदर्शी, जिलाधिकारी दीपक मीणा, जीडीए उपाध्यक्ष अतुल वत्स, नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक, सीडीओ अभिनव गोपाल समेत अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को कैलाश मानसरोवर यात्रा पर जाने वाले श्रद्धालुओं को किट प्रदान करते हुए जत्थे को रवाना भी किया।

















