-सर्वश्री हंस सीड्स परिसर में हुआ फलदार और छायादार वृक्षों का रोपण, क्लब अध्यक्ष भारती गर्ग ने दिए पर्यावरण संरक्षण के संदेश
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। रोटरी क्लब गाजियाबाद स्मार्ट सिटी ने मंगलवार को रोटरी नववर्ष 2025-26 का स्वागत आध्यात्मिकता और पर्यावरणीय चेतना के साथ किया। क्लब द्वारा आयोजित हवन एवं वृक्षारोपण कार्यक्रम ने समाजसेवा और प्रकृति प्रेम का एक उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया। रोटरी वर्ष की शुरुआत में आयोजित इस कार्यक्रम में सबसे पहले हवन यज्ञ का आयोजन हुआ, जिसमें रोटरी सदस्यों एवं उनके परिजनों ने आहुतियाँ अर्पित कर क्लब के नए सत्र की सफलता, समृद्धि और सामाजिक प्रभाव के लिए प्रार्थना की। इसके उपरांत सर्वश्री हंस सीड्स प्रा. लि., साउथ साइड, जी.टी. रोड स्थित परिसर में वृक्षारोपण कार्यक्रम हुआ, जिसमें सभी सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
क्लब अध्यक्ष भारती गर्ग ने कहा कि रोटरी का यह नया वर्ष हम सभी के लिए सेवा, समर्पण और सतत विकास की प्रेरणा लेकर आया है। हमारा पहला वृक्षारोपण कार्यक्रम इस बात का प्रतीक है कि हम समाज की भलाई के साथ-साथ पर्यावरण की रक्षा के लिए भी संकल्पबद्ध हैं। इस वर्ष विभिन्न सार्वजनिक स्थलों, स्कूलों, अस्पतालों और कॉलोनियों में वृक्षारोपण अभियान चलाया जाएगा।
पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर डॉ. सुभाष जैन ने कहा कि रोटरी का उद्देश्य सिर्फ सेवा नहीं, संस्कार देना भी है। हर नया रोटरी वर्ष हमें समाज और पर्यावरण के प्रति नई जिम्मेदारी की याद दिलाता है। आज के हवन और वृक्षारोपण कार्यक्रम के माध्यम से रोटरी क्लब गाजियाबाद स्मार्ट सिटी ने यह दिखा दिया कि वह न केवल सेवा के क्षेत्र में अग्रणी है, बल्कि सतत विकास और सांस्कृतिक मूल्यों के संरक्षण के लिए भी प्रतिबद्ध है। यह वर्ष हरियाली, स्वास्थ्य और सामूहिक चेतना को समर्पित रहेगा।
पूर्व अध्यक्ष दीपक अग्रवाल ने कहा कि आज का आयोजन केवल पर्यावरण संरक्षण नहीं, बल्कि आने वाले पूरे रोटरी वर्ष की कार्यशैली का परिचायक है। हम हर कदम पर समाज के साथ खड़े हैं चाहे वो शिक्षा हो, स्वास्थ्य हो या प्रकृति की सेवा। रोटरी गाजियाबाद स्मार्ट सिटी का यह प्रेरणादायक आगाज यह स्पष्ट करता है कि यह वर्ष सेवा, समर्पण और सतत विकास के नए आयाम हरियाली के साथ, समाज की भलाई के साथ गढ़ेगा। वृक्षारोपण के दौरान क्लब सदस्यों ने फलदार एवं छायादार पौधे लगाए, ताकि न केवल हरियाली बढ़े, बल्कि भविष्य की पीढिय़ों को स्वच्छ हवा और बेहतर पर्यावरण मिले। कार्यक्रम ने रोटरी क्लब की सामाजिक प्रतिबद्धता को और मजबूत किया। इस विशेष अवसर पर पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर डॉ. सुभाष जैन, बबीता जैन, प्रवीन गोयल (सचिव), दीपक अग्रवाल (पूर्व अध्यक्ष), आशीष गर्ग, डॉ. राकेश छारिया, डॉ. अरुणा सिंघल, साक्षी जिन्दल शर्मा, विपिन गुप्ता, मनोज अग्रवाल, अल्का गोयल, रीना अग्रवाल, डा. रेनू गोयल, पंकज जैन सहित बड़ी संख्या में रोटेरियन, उनके परिजन और हंस सीड्स कंपनी के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।



















