ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट 4.0: निवेश परियोजनाओं की प्रगति पर हुई समीक्षा बैठक

-निवेश बाधाओं का त्वरित समाधान हो, धरातल पर दिखे विकास: अभिनव गोपाल

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। जनपद में औद्योगिक निवेश को गति देने और ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट 4.0 के अन्तर्गत हस्ताक्षरित एम.ओ.यू. की प्रगति की समीक्षा के लिए बुधवार को बैठक का आयोजन किया गया। मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) अभिनव गोपाल की अध्यक्षता में यह बैठक दुर्गावती देवी सभागार में आयोजित हुई, जिसमें निवेशकों, उद्योग विभाग, और संबंधित विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया। बैठक का मुख्य उद्देश्य था कि ऐसे निवेश प्रोजेक्ट्स, जिनके एम.ओ.यू. पहले ही हस्ताक्षरित हो चुके हैं लेकिन धरातल पर शुरू नहीं हो पाए हैं, उनकी समस्याओं को चिन्हित कर उनका त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए। सीडीओ ने कहा कि प्रत्येक निवेश इकाई की समस्या को गंभीरता से लेते हुए, शीघ्रातिशीघ्र निस्तारित करें। विकास की दिशा में किसी भी स्तर पर विलंब अब स्वीकार्य नहीं होगा। उन्होंने कहा कि यदि विभागीय समन्वय में कोई अड़चन है तो उसे इंटर-डिपार्टमेंटल बैठकें करके दूर किया जाए।

बैठक में सी.सी.एल. हॉलीडेज प्रा.लि. द्वारा प्रस्तुत मानचित्र स्वीकृति से संबंधित समस्या पर चर्चा की गई। इस प्रकरण में सीडीओ ने ईओ खोड़ा और एडीएम के साथ अलग से बैठक आयोजित करने के निर्देश दिए। वहीं एस.जी. स्टेट प्रा.लि. के भूखण्ड पर अतिक्रमण को लेकर आवास विकास विभाग ने अवगत कराया कि एक माह के भीतर पुलिस बल की मदद से अतिक्रमण हटाने की कार्यवाही की जाएगी। बैठक में उपायुक्त उद्योग श्रीनाथ पाससान, उद्यमी मित्र, और विभिन्न निवेशकगण मौजूद रहे। उन्होंने अपनी समस्याएं और अपेक्षाएं खुलकर साझा कीं।

सीडीओ ने आश्वासन दिया कि गाजियाबाद को निवेश के लिए आकर्षक गंतव्य बनाने की दिशा में हर समस्या का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा। मुख्य विकास अधिकारी ने दोहराया कि गाजियाबाद को औद्योगिक और निवेश हब के रूप में स्थापित करना शासन की शीर्ष प्राथमिकताओं में है। ऐसे में ज़रूरी है कि सभी संबंधित विभाग पारस्परिक समन्वय से कार्य करें और हर निवेश प्रस्ताव को शीघ्रतापूर्वक ज़मीन पर उतारा जाए।