• सीसी और मैप अप्रूवल कार्य में लगे कर्मचारियों का हर दो महीने में स्थान परिवर्तन : नन्दी
• औद्योगिक विकास के लिए जमीन आवंटन में तेजी लाने के दिए निर्देश
उदय भूमि संवाददाता
ग्रेटर नोएडा। उत्तर प्रदेश सरकार के औद्योगिक विकास मंत्री नन्द गोपाल नन्दी ने शनिवार को यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण में अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में औद्योगिक विकास की प्रगति, निवेश प्रस्तावों, रोजगार सृजन और आगामी योजनाओं पर चर्चा हुई। समीक्षा बैठक के दौरान मंत्री नन्दी ने कंप्लीशन सर्टिफिकेट और मैप अप्रूवल कार्य को और बेहतर बनाने एवं मनमानी को खत्म करने व पब्लिक की सहूलियत के लिए इन कार्यों में लगे कर्मचारियों का हर दो महीने में स्थान परिवर्तन करने के निर्देश अधिकारियों को दिए। मंत्री नन्दी ने औद्योगिक विकास के लिए जमीन आवंटन में तेजी लाने के निर्देश अधिकारियों को दिए।
मंत्री नन्दी ने कहा कि नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट जेवर का निर्माण कार्य तेज गति से चल रहा है। यह एयरपोर्ट नवंबर तक पूरी तरह से तैयार हो जाएगा। यह एशिया का सबसे बड़ा और दुनिया का चौथा सबसे बड़ा एयरपोर्ट होगा। प्रोजेक्ट की प्रगति पर मंत्री नन्दी ने संतोष व्यक्त किया।
बैठक के दौरान बताया गया कि प्राधिकरण ने प्रस्तावित ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी के लक्ष्य 43,750 करोड़ को पार करते हुए अब तक 45,148 करोड़ के निवेश प्रस्ताव प्राप्त कर लिए हैं, जिससे 1.32 लाख रोजगार सृजन की उम्मीद है। मंत्री नन्दी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी भूखंडधारक कंपनियां निर्धारित समय में निर्माण कार्य शुरू करें और डीपीआर के अनुसार विकास पूरा करें। इस पर विशेष निगरानी रखी जाए। उद्योगों को स्थापित करने में निवेशकों को जो भी दिक्कत आ रही है, त्वरित गति से उसका निस्तारण किया जाए।
मेडिकल डिवाइस पार्क की जानकारी ली
मंत्री नन्दी ने प्राधिकरण क्षेत्र के सेक्टर-28 में 350 एकड़ में बन रहे मेडिकल डिवाइसेस पार्क की प्रगति की जानकारी ली। जिसके तेजी से आकार लेने की जानकारी दी गई। बताया गया कि 89 भूखंड आवंटित हो चुके हैं और फैक्ट्री निर्माण शुरू हो गया है।इसके साथ ही इलेक्ट्रॉनिक मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर, डाटा सेंटर पार्क योजनाओं की भी प्रगति की जानकारी दी गई। इलेक्ट्रॉनिक मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर के बारे में अधिकारियों ने बताया कि पहला पार्क तमिलनाडु में है। दूसरा पार्क यहां तैयार हो रहा है।
देश का तीसरा बड़ा सेमीकंडक्टर निर्माण केंद्र बनेगा यूपी
बैठक में उत्तर भारत की पहली सेमीकंडक्टर निर्माण इकाई के बारे में भी विस्तार से चर्चा हुई, जिसे फॉक्सकॉन और HCL के संयुक्त उद्यम वानासुन्दरी द्वारा सेक्टर-28 में बनाया जाएगा। यह परियोजना यूपी को देश का दूसरा बड़ा सेमीकंडक्टर निर्माण केंद्र बनाएगी।जेवर एयरपोर्ट के निकट स्टेट-ऑफ-द-आर्ट अस्पताल, फिल्म सिटी, फिनटेक सिटी, टॉय पार्क, फर्नीचर पार्क, अपैरल पार्क जैसी योजनाओं पर भी गहन विमर्श हुआ। मंत्री ने सभी परियोजनाओं को समयबद्ध पूरा करने और भूखंड उपयोग की निगरानी करने के निर्देश दिए।
स्मार्ट विलेज पर भी बात
स्मार्ट विलेज योजना, स्कूलों के कायाकल्प, तालाबों की सुंदरता और गौशालाओं के रखरखाव पर भी चर्चा हुई। मंत्री ने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर जोर देते हुए CSR फंड से सहयोग लेने का सुझाव दिया। मंत्री नंदी ने प्राधिकरण की प्रगति पर संतोष जताते हुए कहा कि यमुना प्राधिकरण अब प्रदेश के औद्योगिक नक्शे पर अपनी सशक्त पहचान बना रहा है। उन्होंने अधिकारियों को विकास कार्यों की गति और बढ़ाने के निर्देश दिए। बैठक का समापन स्मृति चिन्ह भेंट के साथ हुआ। बैठक में सचिव औद्योगिक विकास प्रांजल यादव, सीईओ यीडा राकेश कुमार सिंह, एसीईओ नागेंद्र प्रताप सिंह, एसीईओ कपिल सिंह, ओएसडी शैलेंद्र कुमार भाटिया, ओएसडी शैलेंद्र कुमार सिंह, डिप्टी कलेक्टर अजय शर्मा, जीएम प्रोजेक्ट राजेंद्र भाटी, ओएसडी मेहराम सिंह, डीजीएम वित्त आलोक राय, निदेशक उद्यान आनन्द मोहन सिंह, नंद किशोर सुंदरियाल आदि मौजूद रहे।

















