-चार्जिंग इंतजार खत्म, स्वैपिंग मॉडल से आसान होगी यात्रा
– 13 प्रमुख स्थानों पर स्थापित होंगे आधुनिक ईवी स्टेशन
उदय भूमि संवाददाता
नोएडा। प्रदूषण नियंत्रण और इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा देने के लिए एक महत्वपूर्ण पहल की गई है। इस दिशा में मंगलवार को नोएडा प्राधिकरण और हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (HPCL) के बीच एक अहम समझौता (एमओयू) साइन किया गया। इस समझौते के तहत शहर में 13 अलग-अलग स्थानों पर ईवी बैटरी स्वैपिंग स्टेशन स्थापित किए जाएंगे, जिससे इलेक्ट्रिक वाहनों के उपयोग को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
प्राधिकरण के अधिकारियों के अनुसार, इस परियोजना का मुख्य उद्देश्य नोएडा में बढ़ते प्रदूषण स्तर को नियंत्रित करना और लोगों को पारंपरिक ईंधन वाहनों से हटाकर इलेक्ट्रिक वाहनों की ओर प्रोत्साहित करना है। बैटरी स्वैपिंग स्टेशन की सुविधा मिलने से ईवी चालकों को चार्जिंग के लिए लंबा इंतजार नहीं करना पड़ेगा। वे कुछ ही मिनटों में अपनी डिस्चार्ज बैटरी को चार्ज बैटरी से बदल सकेंगे, जिससे समय की बचत होगी और यात्रा अधिक सुगम बनेगी। यह पहल खासतौर पर उन लोगों के लिए फायदेमंद साबित होगी जो रोजाना लंबी दूरी तय करते हैं या व्यावसायिक उपयोग के लिए इलेक्ट्रिक वाहनों का इस्तेमाल करते हैं। बैटरी स्वैपिंग मॉडल से ईवी अपनाने में आने वाली बड़ी बाधाओं-जैसे चार्जिंग में लगने वाला समय-को काफी हद तक कम किया जा सकेगा।
इस परियोजना की एक और खास बात यह है कि सभी 13 बैटरी स्वैपिंग स्टेशनों की स्थापना का पूरा खर्च हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड ही उठाएगा। इससे नोएडा प्राधिकरण पर किसी प्रकार का अतिरिक्त वित्तीय बोझ नहीं पड़ेगा। प्राधिकरण केवल स्थान उपलब्ध कराएगा और आवश्यक प्रशासनिक सहयोग देगा। विशेषज्ञों का मानना है कि इस तरह की सुविधाएं विकसित होने से शहर में इलेक्ट्रिक वाहनों का उपयोग तेजी से बढ़ेगा। साथ ही, इससे कार्बन उत्सर्जन में कमी आएगी और पर्यावरण को भी लाभ होगा। यह पहल नोएडा को एक स्मार्ट और सस्टेनेबल सिटी बनाने की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। आने वाले समय में यदि यह परियोजना सफल रहती है, तो ऐसे और स्टेशन स्थापित किए जा सकते हैं, जिससे पूरे शहर में ईवी इंफ्रास्ट्रक्चर मजबूत होगा और लोगों को बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी।
इन स्थानों पर बनेंगे बैटरी स्वैपिंग सेंटर
प्राधिकरण ने जिन 13 स्थानों पर ये स्टेशन स्थापित किए जाने हैं, उनकी सूची भी जारी की है। इनमें सेक्टर-6 स्थित नोएडा अथॉरिटी ऑफिस के सामने, सेक्टर-29 गंगा शॉपिंग कॉम्प्लेक्स, सेक्टर-25ए मोदी मॉल के पास, सेक्टर-24 ईएसआईसी अस्पताल के सामने, सेक्टर-63 इलेक्ट्रॉनिक सिटी मेट्रो स्टेशन के पास, सेक्टर-63 एच-ब्लॉक मार्केट, सेक्टर-58 सुमन अस्पताल के सामने, सेक्टर-61 शॉप्रिक्स मॉल, सेक्टर-16ए, सेक्टर-16, सेक्टर-18 मेट्रो स्टेशन, अमिटी यूनिवर्सिटी और सेक्टर-15 मेट्रो स्टेशन के आसपास के क्षेत्र शामिल हैं।
















