लोनी में 9 अनाधिकृत कॉलोनियों पर चला जीडीए का बुलडोज़र

-70 से ज्यादा भूखंडों की बाउंड्रीवालें जमींदोज, विरोध करने वालों को पुलिस ने खदेड़ा

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) ने अनाधिकृत कॉलोनियों के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए सोमवार को लोनी क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई की। जीडीए उपाध्यक्ष अतुल वत्स के निर्देश पर प्रवर्तन जोन-8 की टीम ने बुलडोज़र चलाकर 9 अनाधिकृत कॉलोनियों में 70 से 80 भूखंडों की बाउंड्रीवालें ध्वस्त कर दीं। यह कार्रवाई अधिशासी अभियंता लवकेश कुमार के नेतृत्व में सहायक अभियंता, अवर अभियंता अखिलेश कुमार और जीडीए पुलिस बल की मौजूदगी में अंजाम दी गई। अधिकारियों ने बताया कि ग्राम सबलूगढ़ी की 5 (3 पुरानी, 2 नई), ग्राम निठौरा की 2 पूर्व निर्मित और चिरोड़ी रोड स्थित धन सिंह डिग्री कॉलेज के सामने की 2 कॉलोनियों में अनाधिकृत तरीके से प्लॉट काटे जा रहे थे।

कार्रवाई के दौरान स्थानीय कॉलोनाइज़र और निर्माणकर्ताओं ने जमकर विरोध किया, लेकिन जीडीए के साथ मौजूद पुलिस बल ने उन्हें खदेड़कर हालात को नियंत्रित किया। इसके बाद अवैध निर्माणों को ध्वस्त किया गया। गौरतलब है कि लोनी क्षेत्र में बड़े पैमाने पर बिना अनुमति कॉलोनियां विकसित की जा रही हैं, जिनमें से कई पर जीडीए पूर्व में भी कार्रवाई कर चुका है। प्रवर्तन जोन-8 के प्रभारी ने चेतावनी दी कि बिना अनुमति निर्माण करने वालों पर इसी प्रकार की सख्त कार्रवाई होती रहेगी।