-युद्धस्तर पर कार्रवाई, उपाध्यक्ष अतुल वत्स की अगुवाई में गड्ढामुक्त मार्ग, स्ट्रीट लाइट, प्लास्टिक कवरिंग और हरियाली की विशेष योजना पर काम जारी
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। श्रावण मास के पावन अवसर पर निकलने वाली कांवड़ यात्रा 2025 को लेकर जहां एक ओर शासन-प्रशासन व्यापक स्तर पर इंतजामों को अंतिम रूप देने में जुटा है, वहीं दूसरी ओर गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) भी श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और श्रद्धा का सम्मान सुनिश्चित करने हेतु बेहद सजग, संवेदनशील और समर्पित भावना के साथ तैयारियों को अमलीजामा पहनाने में कोई कसर नहीं छोड़ रहा है। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण के यशस्वी उपाध्यक्ष अतुल वत्स की सक्रिय अगुवाई में कांवड़ मार्गों को न केवल गड्ढामुक्त और दुरुस्त बनाया जा रहा है, बल्कि बिजली व्यवस्था, सड़क मरम्मत, सफाई अभियान, जल निकासी और रात्रिकालीन रोशनी जैसे महत्वपूर्ण पहलुओं पर समग्र और समन्वित दृष्टिकोण के साथ युद्धस्तर पर कार्य प्रारंभ कर दिया गया है, जिससे यह यात्रा श्रद्धालुओं के लिए पूरी तरह सुरक्षित, सुगम और श्रद्धास्पद बन सके।
राजनगर एक्सटेंशन की 24 मीटर आशियाना रोड, वीवीआईपी रोड, देविका स्काईपर्स रोड, मनन धाम फाटक से मधुबन बापूधाम तक की सड़कों पर चल रहे कार्यों को लेकर प्राधिकरण के अभियंत्रण अनुभाग को निर्देशित किया गया है कि श्रद्धालुओं की वापसी से पूर्व सभी सड़कें पूरी तरह गड्ढामुक्त होनी चाहिए। इसी तरह, रात्रि में किसी भी प्रकार की अंधकार की स्थिति न बने इसके लिए स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत के साथ-साथ दो किलोमीटर की दूरी पर अस्थायी लाइटें भी लगाई जा रही हैं। प्राधिकरण उपाध्यक्ष अतुल वत्स ने कहा कि श्रद्धालुओं की सेवा किसी साधारण जिम्मेदारी नहीं, बल्कि एक पुण्य कार्य है, जिसमें तनिक भी लापरवाही अस्वीकार्य है।
गाजियाबाद विकास प्राधिकरण का यह नैतिक और प्रशासनिक कर्तव्य है कि उसकी देखरेख में आने वाली हर कॉलोनी, हर सड़क, हर सार्वजनिक मार्ग पर सुविधाएं न केवल पूरी हों, बल्कि आदर्श स्तर की हों। उन्होंने कहा कि यह यात्रा केवल धार्मिक आस्था का प्रदर्शन नहीं, बल्कि हमारी प्रशासनिक कार्यशैली, सेवा भावना और सांस्कृतिक उत्तरदायित्व की भी कसौटी है। कांवडिय़ों को बेहतर, सुरक्षित और व्यवस्थित अनुभव देना हमारी प्राथमिकता ही नहीं, हमारा दायित्व भी है। हर विभाग, हर अधिकारी को इसे व्यक्तिगत जवाबदेही समझकर काम करना होगा। जीडीए वीसी ने बताया कि गाजियाबाद विकास प्राधिकरण इस अवसर पर आस्था और प्रशासनिक कार्यकुशलता का ऐसा संतुलन प्रस्तुत करेगा, जो आने वाले वर्षों में भी उदाहरण बने।
हर बिजली के पोल पर सुरक्षा की परत
बरसात के मौसम में करंट के खतरे को देखते हुए सभी स्ट्रीट लाइट और बिजली पोलों को प्लास्टिक शीट से कवर किया जा रहा है, जिससे कि कोई श्रद्धालु हादसे का शिकार न हो। टीलामोड़ से लोनी फ्लाईओवर तक के मार्ग पर यह कार्य सबसे प्राथमिकता के आधार पर किया जा रहा है।
सिर्फ सड़कों पर नहीं, हरियाली पर भी ध्यान
कांवड़ मार्ग पर पेड़ों की लटकती टहनियों को हटाने का जिम्मा उद्यान अनुभाग को सौंपा गया है। इन टहनियों से अक्सर कांवड़ की टकराहट से दुर्घटना की आशंका बनी रहती है, जिसे इस बार पूरी तरह दूर किया जा रहा है।
जनता ने सराहा, उम्मीदें भी बढ़ीं
गाजियाबाद की जनता और सामाजिक संगठनों ने जीडीए की इस तत्परता को सकारात्मक पहल बताया है। कई स्थानीय नागरिकों और व्यापारिक मंडलों ने इस बार की तैयारियों को बीते वर्षों से कहीं बेहतर बताया। कांवड़ यात्रा में हर साल लाखों श्रद्धालु गाजियाबाद होकर गुजरते हैं। ऐसे में उनकी सुरक्षा, सुविधा और सहजता सिर्फ प्रशासनिक कार्य नहीं, बल्कि गाजियाबाद की छवि और संस्कृति से जुड़ा सवाल है।

















