-27 जुलाई को सिटी फॉरेस्ट से शुरू होगी ग्रीनाथॉन मैराथन, जीडीए ने की ऐतिहासिक आयोजन की भव्य तैयारी
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। शहर में प्रकृति और पर्यावरण संरक्षण की अलख जगाने के लिए एक विशेष पहल होने जा रही है। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) द्वारा आगामी 27 जुलाई, रविवार को सिटी फॉरेस्ट, राजनगर एक्सटेंशन से “रन फॉर ग्रीन गाजियाबाद ग्रीनाथॉन” का आयोजन किया जा रहा है। यह आयोजन न केवल एक स्वास्थ्यवर्धक दौड़ है, बल्कि पर्यावरण जागरूकता का भी एक जनांदोलन बनने जा रहा है। इस आयोजन को लेकर जीडीए उपाध्यक्ष अतुल वत्स के निर्देशन में तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। उन्होंने बताया कि यह मैराथन विश्व प्रकृति संरक्षण दिवस (28 जुलाई) के उपलक्ष्य में आयोजित की जा रही है और इसका उद्देश्य गाजियाबाद को “ग्रीन हब” के रूप में विकसित करना है। मैराथन की थीम ‘रन फॉर ग्रीन गाजियाबाद’ रखी गई है और प्रतिभागियों के लिए विशेष रंग की टी-शर्ट और प्रतीक चिह्न (लोगो) भी तैयार किए गए हैं।
मैराथन का शुभारंभ सुबह 5:00 बजे ज़ुम्बा और भांगड़ा जैसे फिटनेस कार्यक्रमों के साथ होगा, जिसके बाद विभिन्न वर्गों की दौड़ शुरू होगी। 21.1 किलोमीटर की हाफ मैराथन सुबह 5:30 बजे, 10 किलोमीटर दौड़ 5:45 बजे, 5 किलोमीटर दौड़ 6:15 बजे तथा 3 किलोमीटर की फन रन 6:30 बजे शुरू होगी। इस दौड़ को और अधिक सार्थक बनाने के लिए जीडीए ने एक भावनात्मक पहल भी जोड़ी है “एक दौड़, एक पेड़ मां के नाम”, जिसके अंतर्गत सुबह 8:30 बजे से 9:00 बजे तक वृक्षारोपण कार्यक्रम होगा। प्रतिभागी इस दौरान अपनी माताओं के नाम पर पौधे लगाएंगे, जिससे आयोजन में भावनात्मक और सांस्कृतिक गहराई भी जुड़ जाएगी।
मैराथन में भाग लेने वालों को टी-शर्ट, मेडल और प्रमाणपत्र प्रदान किए जाएंगे, जबकि विजेताओं को आकर्षक नकद पुरस्कार भी मिलेंगे। 21.1 किमी दौड़ में प्रथम विजेता को 21,000, द्वितीय को 11,000 और तृतीय को 5,100 मिलेगा। इसी तरह 10 किमी और 5 किमी दौड़ के विजेताओं को भी क्रमशः 11,000 से लेकर 2,100 तक की राशि दी जाएगी। इस आयोजन के लिए ऑनलाइन पंजीकरण जारी है, और शहर सहित एनसीआर के लोग उत्साह के साथ आवेदन कर रहे हैं। जीडीए स्टाफ को प्रतिभागियों को सामग्री और दिशा-निर्देश उपलब्ध कराने की जिम्मेदारी दी गई है। दौड़ का मार्ग हिंडन एलिवेटेड रोड से होकर गुजरेगा और मार्ग के किनारे हजारों पौधों का रोपण किया जाएगा, जिससे यह आयोजन एक हरित क्रांति का संदेश भी देगा।

















