-शहीद स्मारक से लेकर स्कूलों तक, देशभक्ति की गूंज में डूबेगा जनपद
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। स्वतंत्रता की 78वीं वर्षगांठ पर इस बार गाजियाबाद में देशभक्ति का ज्वार पहले से कहीं अधिक बुलंद होगा। महात्मा गांधी सभागार, कलेक्ट्रेट में मंगलवार को जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार के निर्देशन और अपर जिलाधिकारी प्रशासन रणविजय सिंह की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में 15 अगस्त 2025 के कार्यक्रमों की रूपरेखा तय की गई। इस अवसर पर उन्होंने सभी विभागों को स्पष्ट निर्देश दिया कि स्वतंत्रता दिवस को भव्यता और गरिमा के साथ मनाया जाए, ध्वज संहिता का अक्षरश: पालन हो और हर आयोजन में ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ की झलक दिखे। एडीएम प्रशासन रणविजय सिंह ने कहा कि इस बार स्वतंत्रता दिवस केवल एक औपचारिकता नहीं, बल्कि जनपदवासियों के लिए गर्व और एकजुटता का संदेश देने का अवसर है। उन्होंने निर्देश दिया कि 15 अगस्त की सुबह 8 बजे सभी सरकारी, अर्द्धसरकारी और निकाय भवनों पर पुष्प पंखुडिय़ों से सुसज्जित राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाएगा। ध्वजारोहण से पहले और बाद में सांस्कृतिक कार्यक्रम, विचार गोष्ठी और वृक्षारोपण होंगे। उन्होंने यह भी सुनिश्चित करने को कहा कि स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों, वीरता पुरस्कार प्राप्त सैनिकों, शहीदों के परिजनों और पूर्व सैनिकों को सम्मानित किया जाए।
14 और 15 अगस्त की रात को सभी सरकारी भवनों, शहीद स्थलों और ऐतिहासिक स्थलों पर सफाई व रोशनी की विशेष व्यवस्था होगी। महामाया स्टेडियम में सुबह 6 बजे महिला 3 किमी और पुरुष 5 किमी दौड़ से दिन की शुरुआत होगी। इसके बाद सीनियर सिटीजन्स की पैदल चाल, हॉकी, फुटबॉल, मुक्केबाजी और कुश्ती जैसी प्रतियोगिताएं होंगी। विजेताओं को मौके पर ही पुरस्कृत किया जाएगा। इस वर्ष मुख्य अतिथि के रूप में उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री सुनील शर्मा को नामित किया गया है। वे सुबह 11 बजे मेरठ रोड स्थित शहीद स्मारक पर ध्वजारोहण करेंगे। नगर निगम और पुलिस विभाग संयुक्त रूप से इस कार्यक्रम की व्यवस्थाएं सुनिश्चित करेंगे। पीएसी का बैण्ड भी मौके पर देशभक्ति की धुनें बजाएगा। शाम 6 बजे हिन्दी भवन, लोहिया नगर में सिविल डिफेन्स की ओर से ‘जय हिंदÓ नामक देशभक्ति नाटक का मंचन होगा, जिसमें मुख्य अतिथि सुनील शर्मा होंगे।
वहीं शिक्षा विभाग को निर्देश दिया गया है कि राजकीय कन्या इंटर कॉलेज, एमएमएच इंटर कॉलेज और शम्भु दयाल हंटर कॉलेज में निबंध, पेंटिंग, वाद-विवाद और सांस्कृतिक प्रतियोगिताएं कराई जाएं। इन कार्यक्रमों में राष्ट्रीय एकता, अखंडता और भाईचारे का संदेश दिया जाएगा और सामूहिक राष्ट्रगान भी होगा। स्वतंत्रता दिवस पर मानव सेवा समिति और नागरिक कल्याण समिति द्वारा जिला अस्पताल, महिला अस्पताल, संयुक्त चिकित्सालय और कुष्ठ आश्रम में मरीजों एवं निवासियों को फल वितरित किए जाएंगे।
साथ ही नगर निगम विशेष स्वच्छता अभियान चलाकर मुख्य मार्गों, सरकारी दफ्तरों और चौराहों को सजाएगा और एन्टी-लार्वा छिड़काव भी कराएगा। एडीएम रणविजय सिंह ने कहा कि इस स्वतंत्रता दिवस पर गाजियाबाद ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ की भावना के साथ एकजुट होकर स्वच्छ, स्वस्थ और समर्थ जनपद बनाने का संकल्प लेगा। उन्होंने जोर दिया कि सभी विभाग अपने दायित्व को निष्ठा और ईमानदारी से निभाएं ताकि हर नागरिक के मन में देशभक्ति की भावना और राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान और गहरा हो। बैठक में एडीएम सिटी विकास कश्यप, एडीएम जे अंजुम बी., सभी उप जिलाधिकारी और विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
















