तिरंगे की शान में गूंजा हिन्दी भवन, कलाकारों की प्रस्तुतियों से नम हुईं आंखें

-तिरंगा महोत्सव, मेला और संगीत समारोह ने बांधा देशभक्ति का रंग
-हर बच्चे में है प्रतिभा, बस उसे निखारने की जरूरत: सुनीता दयाल

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। हर घर तिरंगा अभियान के तहत जिला प्रशासन द्वारा हिन्दी भवन, लोहिया नगर में मंगलवार को आयोजित तिरंगा महोत्सव, तिरंगा मेला और भव्य तिरंगा संगीत समारोह ने पूरे माहौल को देशभक्ति के रंग में रंग दिया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि महापौर सुनीता दयाल और भाजपा महानगर अध्यक्ष मयंक गोयल ने शिरकत की। कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों द्वारा प्रदर्शनी स्टॉलों के अवलोकन से हुई, जिसमें विभिन्न विभागों और स्कूलों ने देशभक्ति की थीम पर बेहतरीन प्रदर्शनियां लगाईं। मुख्य विकास अधिकारी अभिनव गोपाल, एडीएम सिटी विकास कश्यप, जिला विकास अधिकारी प्रज्ञा श्रीवास्तव, चीफ वार्डन सिविल डिफेंस ललित जायसवाल, अनिल अग्रवाल सहित जिला स्तरीय अधिकारियों और अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलन कर समारोह का शुभारंभ किया। इस अवसर पर जिला प्रशासन की ओर से सभी गणमान्य अतिथियों को पौधा और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। मुख्य विकास अधिकारी ने मंच से सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए कार्यक्रम की सफलता के लिए जिला प्रशासन की प्रतिबद्धता दोहराई।

सांस्कृतिक कार्यक्रम की शुरुआत जे. विश्वकर्मा द्वारा प्रस्तुत ‘वंदे मातरम्’ के सुरमई और भावपूर्ण गायन से हुई, जिसने पूरे हाल में गूंज भर दी। इसके बाद के.आर. ग्रुप ने शहीद भगत सिंह के जीवन पर आधारित नृत्य-नाट्य प्रस्तुत किया, जिसे देखकर उपस्थित लोगों की आंखें नम हो गईं। दर्शकों ने खड़े होकर कलाकारों की प्रस्तुति की सराहना की। ग्रुप ने आगे “सबसे आगे होंगे हिन्दुस्तानी” गीत पर ऊर्जा से भरा नृत्य पेश किया। नीव संस्था की ओर से भागीरथी स्कूल के छात्रों ने देशभक्ति गीत पर मनमोहक प्रस्तुति दी, जबकि श्री विद्या स्कूल के विद्यार्थियों ने देशभक्ति डांस और ईमानदारी पर आधारित नाट्य मंचन किया, जिसने दर्शकों को सोचने पर मजबूर कर दिया। महापौर सुनीता दयाल ने जिला प्रशासन के इस उत्कृष्ट आयोजन की भूरि-भूरि प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि हिन्दी भवन और इसका पूरा प्रांगण तिरंगे की भव्यता से सजा है, यह सचमुच एक अद्भुत नजारा है।

हमारे देश के हर बच्चे में असीम प्रतिभा है, जरूरत है तो बस उसे निखारने और मंच देने की। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को याद रखें, जिन्होंने अपनी जान की परवाह किए बिना देश को आजादी दिलाई। महापौर ने सेना और सुरक्षा बलों में सेवा कर रहे जवानों को देश के सच्चे रक्षक बताते हुए कहा कि वे केवल नौकरी नहीं करते, बल्कि देश की रक्षा में अपने प्राणों की आहुति देने के लिए हमेशा तैयार रहते हैं। हमें ऐसे वीरों और उनके परिवारों का सम्मान करना चाहिए। महापौर ने तिरंगे के महत्व पर जोर देते हुए सभी से अपने घरों पर तिरंगा फहराने का आग्रह किया और ‘जय हिंद, जय भारत’ के जयघोष के साथ अपना संबोधन समाप्त किया। भाजपा महानगर अध्यक्ष मयंक गोयल ने भी कार्यक्रम की तारीफ करते हुए कहा कि यह आयोजन देशभक्ति की भावना को नई ऊर्जा देता है। उन्होंने जिला प्रशासन को इस सफल और भावनाओं से भरे कार्यक्रम के लिए धन्यवाद दिया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. पूनम शर्मा ने बेहतरीन ढंग से किया, जिन्होंने अपने ओजपूर्ण शब्दों और मंच संचालन से दर्शकों को जोड़े रखा। समारोह का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ, जिसमें पूरा सभागार एक स्वर में गूंज उठा।