डीसीपी धवल जायसवाल बने जनता की आवाज़ के हमसफर

-हर शिकायत का मिलेगा समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण समाधान: धवल जायसवाल

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। पुलिस आयुक्त कमिश्नरेट गाजियाबाद के निर्देशों के तहत गुरुवार को नगर पुलिस उपायुक्त धवल जायसवाल ने अपने कार्यालय में जनसुनवाई करते हुए आम नागरिकों की समस्याएं सुनीं। विभिन्न इलाकों से आए लोग अपनी शिकायतें और मुद्दे लेकर पहुंचे, जिन पर डीसीपी ने न केवल धैर्यपूर्वक संवाद किया, बल्कि गंभीरता को समझते हुए तत्काल आवश्यक कार्यवाही के निर्देश भी दिए। डीसीपी जायसवाल ने संबंधित विभागों और अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि हर शिकायत का निस्तारण उच्च गुणवत्ता और निर्धारित समय सीमा में किया जाए, ताकि जनता को समय पर न्याय और राहत मिल सके।

उन्होंने कहा कि पुलिस का मुख्य उद्देश्य केवल सुरक्षा नहीं, बल्कि जनता की समस्याओं का त्वरित और पारदर्शी समाधान भी है। हम चाहते हैं कि हर नागरिक को भरोसा हो कि पुलिस हमेशा उनके साथ खड़ी है। इस पहल से लोगों के चेहरों पर संतोष और विश्वास की झलक देखने को मिली। नागरिकों का मानना है कि ऐसी जनसुनवाई से पुलिस-जन सहयोग और मजबूत होगा तथा गाजियाबाद में कानून-व्यवस्था और जनसेवा दोनों में सकारात्मक बदलाव देखने को मिलेंगे।