गाजियाबाद। जिला मुख्यालय स्थित महात्मा गांधी सभागार में आज जिला पर्यावरण समिति की बैठक में जनपद में बढ़ते प्रदूषण से निपटने पर चर्चा की गई। पर्यावरण मानकों का उल्लंघन करने वालों पर सुप्रीम कोर्ट के आदेशानुसार कार्रवाई/जुर्माना अधिरोपित करने के निर्देश दिए गए। बैठक की अध्यक्षता मुख्य विकास अधिकारी अस्मिता लाल ने की। उन्होंने कहा कि पर्यावरण के मानकों का उल्लंघन होने पर संबंधित व्यक्तियों/संस्थानों के विरूद्ध सुप्रीम कोर्ट के आदेशानुसार कार्रवाई/जुर्माना अधिरोपित किया जाए, ताकि पर्यावरण अनुकूल बना रहे। उन्होंने बेहतर पर्यावरण की दृष्टि से आमजन से यथासंभव वाहनों का कम से कम प्रयोग करने की अपील की। जरूरत की वस्तुएं भी नजदीकी केंद्रों एवं संस्थानों से क्रय करने की अपील की गई। सीडीओ ने जीडीए, नगर निगम व लोक निर्माण विभाग आदि को सभी हॉट मिक्स प्लांट का संचालन पर्यावरणीय अधिनियम तथा आवश्यक जल छिडक़ाव कर कराना सुनिश्चित किए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि एनएचएआई के कार्यों से वायु प्रदूषण की समस्या उत्पन्न न हो, इसका ख्याल रखा जाए। पुलिस एवं परिवहन विभाग अभियान चलाकर प्रदूषणकारी वाहनों के विरूद्ध कार्रवाई करें। इसके अलावा प्रदूषणकारी औद्योगिक इकाइयों पर भी कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि 2021 में वृहद पौधरोपण अभियान चलाया जाना है। इस बावत सभी विभाग स्थल चयनित कर जरूरी तैयारी कर लें। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (भू.अ.) आदि अधिकारी मौजूद रहे।















