गाजियाबाद में 3 सितंबर को खुलेगा संपत्तियों का खजाना, निवेशकों के लिए सुनहरा अवसर, जीडीए बेच रहा 142 से ज्यादा भूखंड

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) ने शहरवासियों और निवेशकों के लिए सुनहरा अवसर प्रदान किया है। प्राधिकरण अपनी विभिन्न योजनाओं में लंबे समय से रिक्त पड़ी संपत्तियों को बेचने के लिए आगामी 3 सितंबर को भव्य नीलामी आयोजित करने जा रहा है। नीलामी लोहिया नगर स्थित हिंदी भवन में सुबह 10 बजे से होगी। इसमें बोलीदाता अपनी पसंद के भूखंड और संपत्ति हासिल कर सकेंगे। जीडीए इस बार खास तौर पर व्यावसायिक भूखंडों की बिक्री पर जोर दे रहा है। विभाग की योजनाओं में खाली पड़े 97 व्यावसायिक भूखंड नीलामी में शामिल किए गए हैं। इनसे न केवल कारोबारियों को नए अवसर मिलेंगे बल्कि प्राधिकरण की आय में भी इज़ा$फा होगा। इसके अलावा नीलामी में 35 आवासीय भूखंड और 10 स्कूल, नर्सिंग होम व अस्पताल हेतु भूखंड भी शामिल किए गए हैं। औद्योगिक भूखंडों के साथ ये संपत्तियां इंदिरापुरम, मधुबन-बापूधाम, वैशाली, कोयल एन्क्लेव, कर्पूरीपुरम और पटेलनगर जैसी प्रमुख योजनाओं में स्थित हैं, जिससे खरीदारों को बेहतरीन लोकेशन पर निवेश करने का मौका मिलेगा।

प्राधिकरण ने इस बार एक विशेष पहल करते हुए आरडीसी क्षेत्र के 10 कियोस्क को भी नीलामी में शामिल किया है। इन्हें 10 साल की लीज पर दिया जाएगा। इसके साथ ही वैशाली योजना में मौजूद सामुदायिक केंद्र भी नीलामी का हिस्सा होगा। यह कदम छोटे उद्यमियों और सेवा क्षेत्र के कारोबारियों के लिए एक बड़ा अवसर माना जा रहा है। नीलामी में भाग लेने के लिए इच्छुक लोगों को एक सितंबर तक बैंक से ब्रोशर और फॉर्म खरीदना होगा। फॉर्म भरकर उसी दिन तक जीडीए कार्यालय में जमा करना अनिवार्य होगा। केवल वे आवेदक जो समय पर फार्म जमा करेंगे, उन्हें ही नीलामी में प्रतिभाग का अवसर मिलेगा। फार्म की जांच प्रक्रिया पूरी होने के बाद तीन सितंबर को बोली लगाई जाएगी। गौरतलब है कि पिछले साल जीडीए द्वारा आयोजित नीलामी को जबरदस्त सफलता मिली थी। गोविंदपुरम, इंदिरापुरम, इंद्रप्रस्थ, कौशांबी और प्रताप विहार जैसी योजनाओं में भूखंडों को लोगों ने भारी संख्या में खरीदा था। उस नीलामी से प्राधिकरण ने करीब 288 करोड़ रुपए की आय अर्जित की थी। इस बार भी जीडीए को शानदार परिणाम की उम्मीद है।

जीडीए सचिव राजेश कुमार सिंह ने जानकारी देते हुए कहा कि आगामी 3 सितंबर को लोहिया नगर स्थित हिंदी भवन में नीलामी का आयोजन होगा। उन्होंने बताया कि गाजियाबाद में प्राधिकरण की विभिन्न योजनाओं में रिक्त पड़ी संपत्तियों को खरीदने का यह सुनहरा अवसर है। इच्छुक लोग फॉर्म भरकर नीलामी प्रक्रिया में शामिल होकर अपनी पसंद का भूखंड खरीद सकते हैं। इस नीलामी को निवेशकों और कारोबारियों के लिए एक बड़ा अवसर माना जा रहा है। एक ओर जहां उन्हें अपनी पसंद का भूखंड या संपत्ति हासिल करने का मौका मिलेगा, वहीं दूसरी ओर जीडीए की आय भी मजबूत होगी। इससे शहर के विकास कार्यों को गति मिलेगी और गाजियाबाद का इंफ्रास्ट्रक्चर और भी सुदृढ़ बनेगा।