– राज नगर एक्सटेंशन में 48 हजार वर्गमीटर एरिया में बनेगा विश्वस्तरीय कॉम्प्लेक्स
– खेल और सामाजिक मेलजोल का बनेगा केंद्र: सुनीता दयाल
– पर्यावरण अनुकूल मॉडल होगा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स: विक्रमादित्य सिंह मलिक
– 30 से अधिक इंडोर गेम और अत्याधुनिक आउटडोर सुविधाएं, भव्य बिल्डिंग में बैंक्विट, कैफेटेरिया और योगा रूम
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। नगर निगम गाजियाबाद ने शहर के खिलाडिय़ों और नागरिकों को खेल व स्वास्थ्य से जोडऩे की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। शासन की स्वीकृति मिलने के बाद अब गाजियाबाद में 92 करोड़ 22 लाख 49 हजार की लागत से एक भव्य स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स तैयार किया जाएगा। यह कॉम्प्लेक्स राज नगर एक्सटेंशन में 48,000 वर्गमीटर क्षेत्रफल में फैला होगा और इसमें न केवल खेलों के लिए बल्कि सामाजिक-सांस्कृतिक गतिविधियों के लिए भी अत्याधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी। महापौर सुनीता दयाल ने कहा कि स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के निर्माण से गाजियाबाद के खिलाडिय़ों को विश्वस्तरीय सुविधाएं मिलेंगी। उन्होंने कहा कि यह कॉम्प्लेक्स गाजियाबाद के खिलाडिय़ों को बड़े स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर देगा। भविष्य में यहाँ से निकलने वाले खिलाड़ी देश-विदेश में शहर का नाम रोशन करेंगे। महापौर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निविदा की प्रक्रिया जल्द पूरी कर तेजी से काम शुरू किया जाए, ताकि शहरवासी जल्द से जल्द इस सौगात का लाभ उठा सकें।
इस स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में इनडोर और आउटडोर दोनों तरह के खेलों की विश्वस्तरीय सुविधाएं होंगी। आउटडोर में क्रिकेट पिच, लॉन टेनिस, वॉलीबॉल कोर्ट, फिट इंडिया जोन, किड्स प्ले एरिया और जॉगिंग/वॉकिंग ट्रैक बनाए जाएंगे। वहीं, इंडोर में बैडमिंटन, बास्केटबॉल, जिमनास्टिक, कबड्डी, शूटिंग, जूडो, ताइक्वांडो, योगा और अन्य 30 से अधिक खेलों की सुविधाएं होंगी। नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने कहा कि यह प्रोजेक्ट पर्यावरण अनुकूल मॉडल होगा। हरित तकनीक और टिकाऊ संसाधनों के उपयोग से इसका निर्माण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स गाजियाबाद को नई पहचान देगा। यह सभी वर्गों के लिए सुलभ और समावेशी होगा। पर्यावरण को ध्यान में रखते हुए यहाँ की हर सुविधा को टिकाऊ और आधुनिक बनाया जाएगा।
सिर्फ खेल ही नहीं, सामाजिक जीवन भी होगा मजबूत
यह कॉम्प्लेक्स गाजियाबाद के नागरिकों के लिए सिर्फ खेल का मैदान नहीं बल्कि सामाजिक मेलजोल और स्वास्थ्य का बड़ा केंद्र बनेगा। यहाँ युवा, बच्चे, महिलाएँ और बुजुर्ग सभी के लिए सुविधाएं उपलब्ध होंगी। फिट इंडिया जोन और योगा हॉल से स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ेगी, वहीं बैंक्विट हॉल और कैफेटेरिया जैसी सुविधाएं सामाजिक आयोजनों को भी नई दिशा देंगी।
शहर की बढ़ेगी लोकप्रियता, खिलाडिय़ों को मिलेगा मंच
गाजियाबाद का यह स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स एनसीआर और उत्तर प्रदेश ही नहीं, बल्कि पूरे देश में एक उदाहरण बनेगा। भविष्य में यहाँ राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के टूर्नामेंट कराए जा सकेंगे। इससे न केवल खिलाडिय़ों को सुनहरा अवसर मिलेगा बल्कि शहर की लोकप्रियता और छवि भी राष्ट्रीय स्तर पर और मजबूत होगी।
भव्य बिल्डिंग और आधुनिक व्यवस्थाएं
कॉम्प्लेक्स में सिर्फ खेल ही नहीं, बल्कि सामाजिक और सांस्कृतिक मेलजोल की भी सुविधा होगी। यहाँ 1033 वर्ग फीट का बैंक्विट हॉल और पार्टी लॉन, 60 सीटिंग क्षमता वाला ओपन कैफेटेरिया, गेस्ट रूम, योगा रूम, बोर्ड गेम रूम, डॉक्टर क्लीनिक और पर्याप्त पार्किंग की व्यवस्था होगी। दो मंजिला भव्य बिल्डिंग खिलाडिय़ों और नागरिकों दोनों के लिए आकर्षण का केंद्र बनेगी।

92 करोड़ की लागत से बनने वाला यह भव्य स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स गाजियाबाद के खिलाडिय़ों और युवाओं के लिए मील का पत्थर साबित होगा। यहाँ मिलने वाली विश्वस्तरीय सुविधाओं से खिलाड़ी अपने सपनों को नई उड़ान देंगे और गाजियाबाद का नाम राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन करेंगे। यह केवल खेलों का केंद्र ही नहीं बल्कि शहरवासियों के लिए सामाजिक मेलजोल और स्वास्थ्य का भी नया मंच बनेगा। शासन को धन्यवाद देते हुए मैं अधिकारियों को निर्देश देती हूँ कि निविदा प्रक्रिया जल्द से जल्द पूरी की जाए और काम तेजी से शुरू किया जाए, ताकि यह सपना जल्द हकीकत बन सके।
सुनीता दयाल
महापौर

नगर आयुक्त
राज नगर एक्सटेंशन में बनने वाला यह स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स पूरी तरह पर्यावरण अनुकूल मॉडल होगा। हरित तकनीक और टिकाऊ संसाधनों का प्रयोग करते हुए इसे आधुनिक और सुलभ बनाया जाएगा। इसमें सभी वर्गों के लिए समावेशी सुविधाएं होंगी-खिलाडिय़ों के लिए प्रशिक्षण और प्रतियोगिता की व्यवस्था होगी, वहीं नागरिकों के लिए फिट इंडिया जोन, योगा रूम और सामाजिक आयोजनों की भी व्यवस्था होगी। यह कॉम्प्लेक्स न केवल खिलाडिय़ों को अवसर देगा बल्कि गाजियाबाद की लोकप्रियता को भी नई ऊँचाई तक पहुँचाएगा।
विक्रमादित्य सिंह मलिक
नगर आयुक्त















