सांस्कृतिक रंगों और सामुदायिक एकता से गूंजा रॉयल अपार्टमेंट्स गणेशोत्सव

-पांच दिवसीय महोत्सव में भक्ति, उत्साह और भाईचारे का संगम
–बच्चों की प्रतियोगिताएं और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां
-इको-फ्रेंडली प्रतिमा विसर्जन के साथ सम्पन्न हुआ भव्य आयोजन

उदय भूमि संवाददाता
ग्रेटर नोएडा। रॉयल रेजि़डेंट कम्युनिटी की ओर से सिग्मा-4 स्थित रॉयल अपार्टमेंट्स में आयोजित पांच दिवसीय गणपति महोत्सव (27 से 31 अगस्त) भक्ति, उल्लास और सामुदायिक एकता का अद्भुत उदाहरण बनकर सम्पन्न हुआ। वर्ष 2023 से शुरू हुई यह परंपरा अब समाज का प्रमुख उत्सव बन चुकी है, जिसमें हर आयु वर्ग के लोग बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रहे हैं। पूरे पांच दिनों तक सुबह-शाम आरती की गूंज अपार्टमेंट परिसर में भक्तिमय वातावरण रचती रही। प्रत्येक संध्या को सामूहिक अल्पाहार की व्यवस्था ने न सिर्फ लोगों के बीच आत्मीयता को गहरा किया बल्कि समाज के हर वर्ग को एक सूत्र में पिरोने का भी काम किया।

महोत्सव की असली रौनक बच्चों और युवाओं की प्रस्तुतियों में देखने को मिली। चित्रकला, नृत्य, गायन और खेलकूद प्रतियोगिताओं ने न सिर्फ बच्चों की प्रतिभा को निखारा बल्कि दर्शकों को भी मंत्रमुग्ध कर दिया। रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने महोत्सव को और अधिक जीवंत बना दिया। समापन दिवस पर श्रद्धालुओं ने भावभीने माहौल में इको-फ्रेंडली गणेश प्रतिमा का विसर्जन सोसाइटी परिसर में ही किया।

पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते इस कदम की सभी ने सराहना की। निवासियों ने पुलिस प्रशासन और सहयोगी संस्थाओं का भी आभार व्यक्त किया, जिनकी बदौलत पूरा आयोजन निर्विघ्न, सुरक्षित और गरिमामय ढंग से सम्पन्न हो सका। रॉयल रेजिडेंट कम्युनिटी के इस आयोजन ने एक बार फिर साबित किया कि सामुदायिक एकता और सांस्कृतिक विरासत मिलकर समाज को और मजबूत बना सकती हैं।