तूफानी बारिश में गाजियाबाद को मिला मजबूत सहारा, नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक बने संकटमोचक

लगातार हो रही भारी बारिश और मौसम विभाग द्वारा 8 सितंबर तक तेज बरसात की चेतावनी के बीच गाजियाबाद नगर निगम पूरी तरह अलर्ट हो गया है। नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने व्यक्तिगत रूप से मोर्चा संभालते हुए निगम अधिकारियों व कर्मचारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि हर हाल में नागरिकों को सुरक्षित व सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराया जाए। उनकी इस सक्रियता और दूरदर्शिता की सराहना करते हुए शहरवासियों ने कहा कि पहली बार किसी नगर आयुक्त ने हालात को संभालने के लिए इतनी तत्परता और जिम्मेदारी का परिचय दिया है। नगर आयुक्त ने रात में विशेष टीमें गठित की हैं, जो अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार निगरानी कर रही हैं। जोनल प्रभारियों को अलर्ट मोड पर रखा गया है ताकि जलभराव, बिजली और अन्य समस्याओं का समाधान तुरंत किया जा सके। स्वास्थ्य, जलकल और निर्माण विभाग की संयुक्त टीमें बिना रुके सेवा में लगी हुई हैं। नालों की सफाई, बैरिकेडिंग और पंपिंग मशीनों की तैनाती का कार्य निरंतर जारी है।

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। लगातार हो रही भारी बारिश और मौसम विभाग द्वारा 8 सितंबर तक तेज बरसात की चेतावनी के बीच गाजियाबाद नगर निगम पूरी तरह अलर्ट हो गया है। नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने व्यक्तिगत रूप से मोर्चा संभालते हुए निगम अधिकारियों व कर्मचारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि हर हाल में नागरिकों को सुरक्षित व सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराया जाए। उनकी इस सक्रियता और दूरदर्शिता की सराहना करते हुए शहरवासियों ने कहा कि पहली बार किसी नगर आयुक्त ने हालात को संभालने के लिए इतनी तत्परता और जिम्मेदारी का परिचय दिया है। नगर आयुक्त ने रात में विशेष टीमें गठित की हैं, जो अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार निगरानी कर रही हैं। जोनल प्रभारियों को अलर्ट मोड पर रखा गया है ताकि जलभराव, बिजली और अन्य समस्याओं का समाधान तुरंत किया जा सके। स्वास्थ्य, जलकल और निर्माण विभाग की संयुक्त टीमें बिना रुके सेवा में लगी हुई हैं। नालों की सफाई, बैरिकेडिंग और पंपिंग मशीनों की तैनाती का कार्य निरंतर जारी है।

नगर आयुक्त ने जनता से अपील की है कि वे बारिश के मौसम में पूरी सावधानी बरतें। उन्होंने कहा कि बिजली के खंभों से दूर रहें, डूब क्षेत्र और नालों के किनारे न जाएं और किसी भी समस्या की स्थिति में तुरंत टोल-फ्री नंबर 18001803012 पर संपर्क करें। नागरिकों से अनुरोध किया गया है कि वे अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलें और प्रशासन के साथ सहयोग करें। नगर आयुक्त की तत्परता और सक्रियता ने शहरवासियों का भरोसा जीता है। नागरिकों का कहना है कि विक्रमादित्य सिंह मलिक ने गाजियाबाद को एक सक्षम नेतृत्व दिया है, जिनकी प्राथमिकता जनता की सुरक्षा और सुविधा है। उनकी इस कार्यशैली से शहर में यह संदेश गया है कि निगम प्रशासन पूरी तरह जनता के साथ खड़ा है।

जनता की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता
नगर आयुक्त ने सभी विभागाध्यक्षों को साफ निर्देश दिए हैं कि बारिश के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। स्वास्थ्य विभाग को सफाई व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ करने तथा बीमारियों की रोकथाम हेतु विशेष अभियान चलाने के आदेश दिए गए हैं। जलकल विभाग को अतिरिक्त पंपिंग मशीनें लगाने और जल निकासी के कार्य को तेज करने का निर्देश दिया गया है। हर नागरिक की सुरक्षा और सुविधा सर्वोच्च है। नगर आयुक्त के नेतृत्व में निगम की टीमें चौबीसों घंटे मैदान में डटी हुई हैं और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।

पार्षदों के साथ भी सीधा संवाद
नगर आयुक्त ने कहा कि नागरिकों की समस्याओं का समय पर समाधान कराने के लिए पार्षदों से भी सीधा संवाद कायम रखा जाएगा। वार्ड स्तर पर किसी भी समस्या की सूचना तुरंत मिलने और उसके त्वरित निस्तारण के लिए पार्षदों को निगम प्रशासन से जोड़ा गया है।