-36 घंटे की मैराथन में निखरी युवा प्रतिभा, टीमवर्क और नवाचार की नई मिसाल
– हार-जीत से ज्यादा अहम है सक्रिय भागीदारी: रविन्द्र कुमार माँदड़
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। राज कुमार गोयल इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (आरकेजीआईटी), गाजियाबाद में तीन दिनों तक चला राष्ट्रीय स्तर का नेक्सजेन हैकथॉन 2025 शनिवार को भव्य और सफल समापन तक पहुँचा। यह हैकथॉन 4 सितम्बर से आरंभ हुआ था और 6 सितंबर की शाम तक लगातार 36 घंटे तक चला। इस दौरान देशभर से आई 30 चयनित टीमों ने अपनी प्रतिभा, तकनीकी कौशल और नवाचार के दम पर समस्याओं का समाधान प्रस्तुत किया। गाजियाबाद सहित पूरे राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में इस आयोजन ने युवाओं में एक नई ऊर्जा और उत्साह का संचार किया। समापन समारोह में गाजियाबाद के जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार माँदड़ (आईएएस) मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन केवल प्रतियोगिता तक सीमित नहीं होते बल्कि यह छात्रों के भविष्य को दिशा देने वाले मंच साबित होते हैं। हार-जीत से कहीं अधिक महत्वपूर्ण यह है कि छात्र इसमें सक्रिय रूप से भाग लें और टीमवर्क से समस्या समाधान की कला सीखें। उनका कहना था कि इस प्रकार के कार्यक्रम युवाओं में शोध, नवाचार और तकनीकी उत्कृष्टता की नई राह खोलते हैं और यही भारत को आत्मनिर्भर बनाने की बुनियाद है।
कार्यक्रम में गेस्ट ऑफ ऑनर के रूप में स्केलअपअले के सीईओ एवं को-फाउन्डर मनु जैन और विशेष अतिथि के रूप में टीसीएस उत्तर भारत के हैड अकेडमिक रिलेशन्स श्री राजित सिक्का मौजूद रहे। दोनों ने ही छात्रों को नवाचार की ओर निरंतर आगे बढऩे की प्रेरणा दी। समापन सत्र की अध्यक्षता आरकेजीआईटी के उपाध्यक्ष अक्षत गोयल ने की, जबकि संस्थान के सलाहकार डॉ. लक्ष्मण प्रसाद, एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर डॉ. डी.के. चौहान, डायरेक्टर डॉ. बी.सी. शर्मा और डीन (एक्रेडिटेशन) रामेन्द्र सिंह समेत तमाम वरिष्ठ संकाय सदस्य इस ऐतिहासिक क्षण के साक्षी बने। प्रतियोगिता में जबरदस्त मुकाबले के बाद टीम 227 ने प्रथम पुरस्कार अपने नाम किया, जिसे पचास हज़ार रुपये की नकद राशि दी गई। द्वितीय पुरस्कार तीस हज़ार रुपये के साथ टीम फुलस्टैक रोस्टर्स को मिला, जबकि बीस हज़ार रुपये का तृतीय पुरस्कार भी टीम फुलस्टैक रोस्टर्स को ही दिया गया।
सांत्वना पुरस्कार के रूप में दस हज़ार रुपये टीम पायथनियर्स को प्रदान किए गए। विजेताओं को जिलाधिकारी और अन्य गणमान्य अतिथियों ने सम्मानित किया और भविष्य की सफलता के लिए शुभकामनाएँ दीं। नेक्सजेन हैकथॉन 2025 ने केवल तकनीकी समाधान प्रस्तुत करने का अवसर ही नहीं दिया बल्कि छात्रों को यह अनुभव कराया कि असली सफलता टीमवर्क, सहयोग और निरंतर प्रयास में निहित है। इस आयोजन ने यह साबित कर दिया कि गाजियाबाद का आरकेजीआईटी देशभर के युवाओं के लिए नवाचार और तकनीकी प्रगति का केंद्र बन चुका है। तीन दिनों तक चले इस आयोजन ने जहाँ छात्रों को उनकी प्रतिभा दिखाने का अवसर दिया वहीं उन्हें वास्तविक समस्याओं का सामना करने और उनके लिए ठोस समाधान खोजने की दिशा में भी प्रशिक्षित किया।
मुख्य अतिथि विन्द्र कुमार माँदड़ ने समापन के अवसर पर कहा कि यह आयोजन आने वाले समय में न सिर्फ छात्रों को बल्कि पूरे देश को नई दिशा देगा। उन्होंने इसे नवाचार, सहयोग और तकनीकी उत्कृष्टता का जीवंत उदाहरण करार दिया। गाजियाबाद में पहली बार इतने बड़े पैमाने पर आयोजित यह राष्ट्रीय हैकथॉन छात्रों और शिक्षकों दोनों के लिए प्रेरणा का स्रोत बन गया।

















