-जिलाधिकारी ने विकासात्मक सुधार और भूमाफियाओं के खिलाफ एक माह के विशेष अभियान का किया ऐलान
-लोनी क्षेत्र की प्रमुख समस्याओं पर जिला प्रशासन की बैठक
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। सम्पूर्ण समाधान दिवस के बाद जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार माँदड़ ने सोमवार को तहसील लोनी में लोनी क्षेत्र की लंबित समस्याओं के समाधान हेतु सम्बंधित अधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की। बैठक में जिलाधिकारी ने ज्वाईंट मजिस्ट्रेट/उपजिलाधिकारी लोनी दीपक सिंघनवाल, अधिशासी अभियंता लोनी केके मिश्रा सहित अन्य संबंधित अधिकारियों को क्षेत्रवासियों की समस्याओं और विकास कार्यों से अवगत किया। बैठक के दौरान लोनी क्षेत्र में जाम, सड़कों पर जलभराव और गड्ढ़ायुक्त सड़कों को प्रमुख समस्या के रूप में चिन्हित किया गया। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस-वे के संचालन से लोनी क्षेत्र के जाम की समस्या में बड़ी राहत मिलेगी। इसके अतिरिक्त, दिल्ली-सहारनपुर रोड और नाले के नीचे बनी सड़कों के सुधार हेतु एसडीएम लोनी, ईओ लोनी, अधिशासी अधिकारी पीडब्ल्यूडी, एनएचआईए, नगर निगम सहित अन्य विभागों की टीम गठित की जाएगी और एक माह के भीतर रिपोर्ट प्रस्तुत करने का निर्देश दिया गया।
जिलाधिकारी ने सड़कों को गड्ढ़ा मुक्त करने और लोनी क्षेत्र में कहीं भी गंदगी न रहने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। उन्होंने कहा कि पुलिस विभाग को जाममुक्त वातावरण सुनिश्चित करने के लिए हर संभव प्रयास करना चाहिए। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को जागरूक किया कि क्षेत्र की समस्याओं का समाधान केवल प्रशासन की पहल से नहीं, बल्कि जनता और जनप्रतिनिधियों के सहयोग से ही संभव है। बैठक के उपरान्त जिलाधिकारी ने बदरपुर और अन्य बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने बाढ़ पीडि़तों के लिए खाद्य सामग्री, पेयजल और रहने की व्यवस्था का जायजा लिया और ग्रामीणों के साथ संवाद किया।
बाढ़ प्रभावित ग्राम प्रधानों से चर्चा कर उन्होंने क्षेत्र की वास्तविक स्थिति का पता लगाया और प्रभावितों की समस्याओं को तुरंत समाधान हेतु अधिकारियों को निर्देशित किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे हर परिस्थिति में जलभराव और जाम मुक्त, गड्ढ़ामुक्त और स्वच्छ लोनी सुनिश्चित करें। जिलाधिकारी ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में सुरक्षा और राहत व्यवस्था की स्थिति का स्वयं निरीक्षण करके अधिकारियों को रिपोर्ट प्रस्तुत करने का आदेश दिया। उन्होंने कहा कि प्रशासन और जनता के सहयोग से ही क्षेत्र की समस्याओं का स्थायी समाधान संभव है।
भूमाफियाओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई
जिलाधिकारी ने बाढ़ प्रभावित सीमावर्ती क्षेत्र में स्वार्थसिद्धि हेतु प्लॉटिंग करने वाले भूमाफियाओं के खिलाफ एक माह तक विशेष अभियान चलाने का आदेश दिया। इसके अंतर्गत अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि वे प्लॉट कटिंग करने वाले और गरीब परिवारों को परेशान करने वाले भूमाफियाओं के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि डूब क्षेत्र में लोगों की सुरक्षा और उनके जीवन एवं संपत्ति की रक्षा प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
समन्वय और टीमवर्क के माध्यम से क्षेत्र का विकास
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे एडीएम एफ/आर श्री सौरभ भट्ट, ज्वाईंट मजिस्ट्रेट दीपक सिंघनवाल, एसीपी लोनी, अधिशासी अभियंता केके मिश्रा और अन्य संबंधित अधिकारियों के साथ समन्वय बनाकर कार्य करें। उन्होंने जोर दिया कि जनता के सहयोग और प्रशासनिक तत्परता से ही लोनी क्षेत्र के विकासात्मक सुधारों को शीघ्र पूरा किया जा सकता है।
















