-नगर आयुक्त और महापौर ने शहर को सौंदर्य और सुव्यवस्था के नए आयाम देने के लिए किया विशेष निरीक्षण
-18 करोड़ की परियोजना से शहर के प्रमुख चौराहों और एंट्री गेट का होगा कायाकल्प
-नगर निगम का अभियान: गाजियाबाद को मिलेगी अलग पहचान, स्वच्छता और सुंदरता दोनों पर फोकस
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। नगर निगम गाजियाबाद ने शहर के सौंदर्यीकरण के लिए महत्वाकांक्षी परियोजना की शुरूआत की है, जिसके तहत यूपी गेट से शहर में प्रवेश और अन्य प्रमुख चौराहों का कायाकल्प किया जाएगा। नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने निर्माण विभाग को हरी झंडी देते हुए कहा कि यह योजना न केवल शहर की भव्यता बढ़ाएगी बल्कि नागरिकों और आगंतुकों के लिए आकर्षण का केंद्र भी बनेगी। महापौर सुनीता दयाल ने कहा कि गाजियाबाद को केवल स्वच्छता तक सीमित नहीं रखा जा सकता, बल्कि इसे भव्य और व्यवस्थित शहर के रूप में विकसित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि प्रथम चरण में शहर के 5 से 6 प्रमुख स्थानों का सौंदर्यीकरण किया जाएगा, जिसमें चौराहों पर भव्य आकृतियाँ और सजावटी चिन्ह स्थापित किए जाएंगे। नगर निगम ने इस योजना के लिए लगभग 18 करोड़ रुपये की राशि निर्धारित की है। इस योजना में शामिल प्रमुख स्थल हैं, तीगड़ी गोल चक्कर चौराहा, हिंडन एलिवेटेड चौराहा और अन्य महत्वपूर्ण चौराहे। इसके अलावा, यूपी गेट की ओर आने वाले आगंतुकों के स्वागत हेतु भव्य गेट का निर्माण किया जाएगा।
यह गेट न केवल शहर की पहचान बढ़ाएगा बल्कि आगंतुकों के लिए आकर्षण का केंद्र बनेगा। नगर निगम के मुख्य अभियंता निर्माण, नरेंद्र कुमार चौधरी ने बताया कि भव्य आकृतियों और सजावटी चिन्हों के डिजाइन तैयार करने का कार्य पूर्ण गति से चल रहा है। प्रमुख चौराहों के चिन्हांकन और सैंपल आकृतियों की मंजूरी के बाद निर्माण कार्य धरातल पर लागू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सौंदर्यीकरण कार्य में सुरक्षा, पर्यावरणीय अनुकूलता और तकनीकी गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाएगा। यह परियोजना गाजियाबाद को ग्रेटर गाजियाबाद के रूप में विकसित करने की दिशा में अहम कदम है। उन्होंने बताया कि शहर में सौंदर्य और स्वच्छता दोनों को प्राथमिकता दी जा रही है। इस परियोजना से शहर के नागरिकों और आगंतुकों को आधुनिक और आकर्षक वातावरण मिलेगा। नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने कहा कि शहर के प्रमुख चौराहों और प्रवेश मार्गों का सौंदर्यीकरण न केवल स्थानीय लोगों के लिए सुखद अनुभव लाएगा, बल्कि यह शहर की आर्थिक और पर्यटन संभावनाओं को भी बढ़ाएगा।
नागरिकों के लिए सुविधाएं और सुरक्षा
महापौर ने यह भी बताया कि इस परियोजना में नागरिकों की सुविधा, सड़क सुरक्षा और यातायात सुगमता पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। प्रत्येक चौराहा और मार्ग ऐसा डिजाइन किया जाएगा कि वह सुरक्षित, सुंदर और सुव्यवस्थित हो। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे परियोजना में सहयोग दें और अपने क्षेत्र को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने में सक्रिय भूमिका निभाएं।
सौंदर्यकरण के लाभ
नगर निगम की इस पहल से गाजियाबाद के पर्यटन और व्यावसायिक दृष्टिकोण को भी बल मिलेगा। प्रमुख चौराहों पर भव्य आकृतियाँ और यूपी गेट की भव्य एंट्री शहर की पहचान में चार चाँद लगाएंगी। साथ ही यह परियोजना शहर में आने वाले आगंतुकों और नागरिकों के लिए एक आकर्षक और व्यवस्थित वातावरण प्रदान करेगी। नगर आयुक्त ने निर्देश दिए हैं कि सौंदर्यीकरण कार्य शीघ्र, पारदर्शी और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराया जाए। निर्माण कार्य में गुणवत्ता, तकनीकी विशेषज्ञता और भव्यता पर विशेष ध्यान रखा जाएगा। नगर निगम का लक्ष्य है कि अगले कुछ महीनों में शहर के प्रमुख चौराहों और यूपी गेट पर भव्य और आकर्षक सौंदर्यीकरण पूर्ण हो जाए। नगर निगम की इस पहल से न केवल गाजियाबाद की पर्यटन क्षमता बढ़ेगी, बल्कि नागरिकों को आधुनिक और सुव्यवस्थित शहर में रहने का अनुभव भी मिलेगा। यूपी गेट से एंट्री और प्रमुख चौराहों की भव्य आकृतियाँ शहर को एक नई शहरी पहचान देंगी।

महापौर
नगर निगम गाजियाबाद।
गाजियाबाद को केवल स्वच्छ और व्यवस्थित शहर बनाने तक सीमित नहीं रखा जा सकता। हमारी प्राथमिकता है कि शहर न सिर्फ साफ-सुथरा हो, बल्कि भव्य और आकर्षक भी दिखे। इस सौंदर्यीकरण परियोजना के तहत हम यूपी गेट एंट्री और शहर के प्रमुख चौराहों को आधुनिक और भव्य रूप देंगे। चौराहों पर भव्य आकृतियाँ और सजावटी चिन्ह स्थापित किए जाएंगे, जिससे गाजियाबाद की पहचान और बढ़ेगी। हम चाहते हैं कि नागरिक इस परियोजना का आनंद लें और अपने क्षेत्र की स्वच्छता और सुंदरता बनाए रखने में सक्रिय भूमिका निभाएं। यह कदम गाजियाबाद को ग्रेटर गाजियाबाद के रूप में विकसित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। हम शहर के नागरिकों और आगंतुकों के लिए सुरक्षित, सुव्यवस्थित और आकर्षक वातावरण सुनिश्चित करेंगे। हमारी योजना है कि प्रथम चरण में पांच से छह प्रमुख स्थानों पर यह कार्य संपन्न किया जाएगा और आने वाले महीनों में इसका असर शहर के हर हिस्से में दिखाई देगा।
सुनीता दयाल
महापौर

नगर आयुक्त
ग्रेटर गाजियाबाद को ध्यान में रखते हुए शहर के प्रमुख स्थानों को सुसज्जित और भव्य बनाने के लिए हमने व्यापक योजना तैयार की है। यूपी गेट से प्रवेश करने वाले आगंतुकों के लिए भव्य एंट्री गेट का निर्माण किया जाएगा और शहर के अन्य प्रमुख चौराहों का सौंदर्यकरण भी किया जाएगा। हमारा उद्देश्य केवल दृश्य सौंदर्य बढ़ाना नहीं है, बल्कि शहर को सुव्यवस्थित, आकर्षक और पर्यावरण के अनुकूल बनाना भी है। निर्माण विभाग को परियोजना के लिए हरी झंडी दे दी गई है और जल्द ही कार्य प्रारंभ कर दिया जाएगा। इस परियोजना से गाजियाबाद को एक नई पहचान मिलेगी और नागरिकों तथा आगंतुकों को आनंद मिलेगा। हम सुनिश्चित करेंगे कि परियोजना गुणवत्ता और समय सीमा के अनुसार पूरी हो।
विक्रमादित्य सिंह मलिक
नगर आयुक्त



















