-महापौर ने रंगे हाथों पकड़ी 7 गाडिय़ां, हिस्ट्रीशीटर विजयपाल पर लगे बड़े आरोप
-ठेकेदार से मिलकर दिल्ली का कूड़ा गाजियाबाद में डलवा रहा था सपा नेता
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। नगर निगम गाजियाबाद की सीमा में मंगलवार को बड़ा खुलासा हुआ। शिकायत पर कार्रवाई करते हुए महापौर सुनीता दयाल ने शाहपुर बम्हेटा इलाके में दबिश दी और मौके पर दिल्ली नगर निगम की 7 कूड़ा गाडिय़ों को पकड़ लिया। इन गाडिय़ों में भरा हुआ कूड़ा गाजियाबाद की सीमा में फेंका जा रहा था। महापौर ने तत्काल नगर निगम के अधिकारियों को निर्देश देकर इन गाडिय़ों को जब्त करा लिया। बताया जा रहा है कि पकड़ी गई गाडिय़ों की कीमत करीब 2 करोड़ रुपए आंकी गई है। महापौर को मिली शिकायत में बड़ा नाम सामने आया। आरोप है कि शाहपुर बम्हेटा निवासी, समाजवादी पार्टी का नेता और हिस्ट्रीशीटर विजयपाल पहलवान ठेकेदारों से मिलकर दिल्ली का कूड़ा गाजियाबाद में डलवा रहा था। यह खेल पिछले कई हफ्तों से चल रहा था और नगर निगम को करोड़ों का चूना लगाया जा रहा था।
महापौर ने चार घंटे तक मौके पर खड़े रहकर पूरी कार्रवाई कराई। मौके पर विजयपाल पहलवान भी पहुंचा, लेकिन महापौर ने उसे डांटकर वहां से भगा दिया। इस दौरान आरोप है कि विजयपाल ने स्थानीय पार्षद पति राजेश यादव पहलवान को धमकाने की कोशिश भी की। इस पर महापौर सुनीता दयाल ने दो टूक जवाब दिया कि विजयपाल, धमकी देना भूल जाओ। अब योगी राज है। महापौर ने कहा कि गाजियाबाद में किसी भी हाल में दिल्ली का कूड़ा नहीं डलने दिया जाएगा। नगर निगम की सीमा में गाजियाबाद की सफाई व्यवस्था पहले से चुनौती झेल रही है। ऐसे में दिल्ली का कूड़ा गाजियाबाद में डालना जनहित के खिलाफ है।
उन्होंने निगम अधिकारियों को निर्देश दिया है कि इस पूरे मामले में कानूनी कार्रवाई की जाए और दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा न जाए। मौके पर महापौर के साथ पार्षद पति राजेश यादव पहलवान, पार्षद पवन गौतम और नगर निगम की प्रवर्तन टीम भी मौजूद रही। कार्रवाई के दौरान निगम अधिकारियों ने गाडिय़ों की जब्ती की औपचारिकताएं पूरी कीं। इस कार्रवाई से स्थानीय लोगों में खुशी की लहर दौड़ गई। लोगों ने महापौर की सख्ती की सराहना करते हुए कहा कि अब शहर की सफाई व्यवस्था को लेकर ठेकेदारों और माफियाओं की मनमानी नहीं चलेगी।

















