-रथ, झांकियां, बैंड-बाजा और वीरांगनाओं के प्रतिनिधित्व से सजेंगे मार्ग, प्रमुख समाजसेवी और अधिकारी रहेंगे उपस्थित
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। वैश्य अग्रवाल परिवार (रजि.) एवं महाराजा अग्रसेन ट्रस्ट (पंजी.) के तत्वावधान में अग्र कुल प्रवर्तक महाराजा अग्रसेन की जयंती के उपलक्ष में इस वर्ष भी भव्य शोभा यात्रा का आयोजन रविवार को किया जाएगा। इस आयोजन की जानकारी देते हुए संयोजक प्रदीप गुप्ता ने बताया कि यह शोभा यात्रा शिव मंदिर, शिप्रा सनसिटी (जयपुरिया मॉल के सामने) से प्रारंभ होकर इंदिरापुरम के विभिन्न मार्गों से होते हुए महाराजा अग्रसेन चौक पर समाप्त होगी। शोभा यात्रा में महाराज अग्रसेन जी और कुलदेवी मां लक्ष्मी जी की झांकियां प्रमुख आकर्षण होंगी। रथों पर सवार महारानी माधवी के साथ-साथ 18 घोड़ों पर सवार राजकुमार, बैंड-बाजे, नपीरी और ढोल नगाड़ों के साथ यात्रा का आनंद दुगना करेंगे।
इस भव्य यात्रा में महिलाओं की कलश यात्रा भी शामिल होगी, साथ ही नवदुर्गा और हमारे देश की वीरांगनाओं-रानी लक्ष्मी बाई, रानी दुर्गावती और महारानी अहिल्याबाई होलकर के प्रतिनिधित्व में घोड़ों पर सवार प्रतिभागी होंगे। अलीगढ़ का प्रसिद्ध मां काली का अखाड़ा भी शोभा यात्रा का विशेष आकर्षण बनेगा। इस अवसर पर सांसद, मंत्री, महापौर, पार्षद और अनेक प्रतिष्ठित सामाजिक विभूतियां मुख्य अतिथि और विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगी। प्रदीप गुप्ता ने बताया कि शोभा यात्रा के पश्चात सभी उपस्थित जनों के लिए भोजन प्रसाद की भी विशेष व्यवस्था की गई है।
उन्होंने सभी नागरिकों और समाज के प्रतिष्ठित व्यक्तियों से अपील की है कि वे इस भव्य और ऐतिहासिक अग्रसेन जयंती शोभा यात्रा में भाग लेकर संस्कृति, समर्पण और एकता के संदेश को जीवंत करें। प्रदीप गुप्ता ने सभी को महाराजा अग्रसेन जयंती की अग्रिम शुभकामनाएं भी दीं और आशा व्यक्त की कि यह आयोजन पारंपरिक महिमा और आधुनिक उत्साह के साथ सफलतापूर्वक संपन्न होगा।
















