-राजनगर एक्सटेंशन में 900 मीटर लंबी सड़क से होगा शहर में यातायात सुगमता और कनेक्टिविटी का सुधार
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) ने राजनगर एक्सटेंशन में प्रमुख लिंक रोड से नॉर्दर्न पेरिफेरल रोड का निर्माण कार्य औपचारिक रूप से शुरू कर दिया है। सोमवार को मुरादनगर विधायक अजीत पाल त्यागी ने नारियल फोड़कर इस महत्वाकांक्षी परियोजना का शिलान्यास किया। इस अवसर पर जीडीए के प्रभारी चीफ इंजीनियर आलोक रंजन, अधिशासी अभियंता बीडी गुप्ता, सहायक अभियंता रूद्रेश शुक्ला तथा अभियंत्रण अनुभाग के अधिकारी और स्थानीय किसान भी मौजूद रहे। गौरतलब है कि लगभग 15 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली यह सड़क 900 मीटर लंबी और 45 मीटर चौड़ी होगी। सड़क का निर्माण कार्य पूरा होने के बाद आसपास के हजारों लोगों को लाभ मिलेगा। नॉर्दर्न पेरिफेरल रोड के माध्यम से लोकमान्य तिलक इंटर कालेज मोरटा से जुड़ी 45 मीटर चौड़ी सड़क भी सीधे कनेक्ट हो जाएगी।
इस परियोजना में गोल चक्कर से बंधा रोड और सिटी फॉरेस्ट होते हुए लगभग तीन किलोमीटर लंबी सड़क तथा इसके अलावा इससे जुड़ी 7 किलोमीटर लंबी आउटर रिंग रोड को भी 45 मीटर चौड़ी से बढ़ाकर 60 मीटर चौड़ी सड़क बनाने का काम तेजी से शुरू कर दिया गया है। इससे वाहन तेज़ी से चल सकेंगे और शहर में जाम की समस्या में कमी आएगी। जीडीए उपाध्यक्ष अतुल वत्स ने बताया कि इस सड़क परियोजना से आसपास के हजारों नागरिकों को आवागमन में सुविधा होगी। नॉर्दर्न पेरिफेरल रोड पूरी तरह तैयार होने के बाद ट्रैफिक का दबाव कम होगा और लोगों को समय की बचत के साथ-साथ बेहतर जीवन गुणवत्ता सुनिश्चित होगी। विधायक अजीत पाल त्यागी ने कहा कि नॉर्दर्न पेरीफेरल रोड जैसी परियोजनाएं केवल सड़क निर्माण तक सीमित नहीं हैं। यह शहर के सामाजिक और आर्थिक विकास की दिशा में भी मील का पत्थर हैं।
उन्होंने कहा कि यह सड़क स्थानीय व्यापार, उद्योग और निवेश को बढ़ावा देगी तथा क्षेत्रवासियों के जीवन स्तर में सुधार लाएगी। जीडीए अधिकारियों ने बताया कि सड़क निर्माण कार्य पूरी योजना के तहत समयबद्ध तरीके से किया जाएगा। सभी तकनीकी और इंजीनियरिंग मानकों का पालन किया जाएगा ताकि निर्माण कार्य सुरक्षित, टिकाऊ और लंबी अवधि तक प्रभावी रहे। गाजियाबाद नगर निगम और जीडीए के पास योजना है कि आने वाले समय में आउटर रिंग रोड और अन्य मुख्य मार्गों को 60 मीटर चौड़ाई में विकसित किया जाए। इससे गाजियाबाद शहर में यातायात की गति और सुरक्षा दोनों बढ़ेंगी। इस परियोजना से शहर न केवल राष्ट्रीय स्तर पर बल्कि वैश्विक स्तर पर भी आधुनिक और व्यवस्थित शहर के रूप में अपनी पहचान बनाएगा।
सुदृढ़ीकरण कार्यों से व्यापक लाभ
गाजियाबाद नगर निगम और जीडीए की अन्य सड़क सुदृढ़ीकरण परियोजनाओं में लगभग 60 करोड़ की लागत से राजनगर एक्सटेंशन के कई मार्ग शामिल हैं। इनमें एके चिल्ड्रन सोसाइटी के सामने 18 मीटर चौड़ी सड़क, जीडी गोयनका स्कूल से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम तक की आउटर रिंग रोड, अजनारा सोसाइटी से गुजरने वाली 45 मीटर चौड़ी जोनल सड़क और सोना पैलेस से गुलमोहर सोसाइटी तक की सड़कें शामिल हैं।
पर्यावरण और शहर की छवि में सुधार
इन सभी सड़क निर्माण और सुदृढ़ीकरण कार्यों के पूरा होने से केवल यातायात ही नहीं सुगम होगा, बल्कि वायु प्रदूषण में कमी आएगी। इसके अलावा, शहर का वातावरण स्वच्छ और सुरक्षित रहेगा। गाजियाबाद के नागरिकों के लिए यह परियोजना विकास, आर्थिक गतिविधियों और निवेश के अवसर भी बढ़ाएगी।

















