-मानचित्र के विपरीत किए गए निर्माणों पर बुलडोजर और हथौड़े की कार्रवाई, प्रवर्तन टीम का अभियान जारी
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) की प्रवर्तन टीम ने सोमवार को राजेंद्रनगर सेक्टर-2, साहिबाबाद में मानचित्र के विपरीत किए गए अवैध निर्माण को ध्वस्त कर दिया। यह कार्रवाई जीडीए उपाध्यक्ष अतुल वत्स के सख्त निर्देशों के तहत की गई, जो शहर में अवैध निर्माणों पर जीरो टॉलरेंस नीति लागू करने के पक्षधर हैं। जानकारी के अनुसार, राजेंद्र नगर सेक्टर-2 में भूखंड संख्या-6/111 पर सनी गुप्ता द्वारा जीडीए से स्वीकृत नक्शे के विपरीत निर्माण किया गया था। 29 जुलाई को इसे रोकने के लिए नोटिस जारी किया गया था। इसी प्रकार, बाबू राम शर्मा पुत्र रमेश चंद्र शर्मा द्वारा भूखंड संख्या-6/146 पर किए गए अवैध निर्माण के खिलाफ 24 जुलाई को नोटिस दिया गया। दोनों मामलों में निर्माणकर्ताओं को सुनवाई का अवसर प्रदान किया गया, लेकिन कोई संतोषजनक उत्तर या साक्ष्य नहीं पेश किए गए।
जीडीए प्रवर्तन टीम के प्रभारी आलोक रंजन के नेतृत्व में सहायक अभियंता राजीव कुमार और अवर अभियंता राजेश शर्मा ने जीडीए पुलिस बल की मौजूदगी में अवैध निर्माण को बुलडोजर और हथौड़े से ध्वस्त किया। इसमें फ्रंट सैटबैक में अवैध निर्माण और पार्टिशन दीवारें शामिल थीं। उपाध्यक्ष अतुल वत्स ने बताया कि यह कार्रवाई शहर में नियमों के प्रति कड़ा संदेश देने के लिए की गई है। उन्होंने कहा कि अवैध निर्माण केवल शहर की नियोजित योजना को प्रभावित नहीं करते बल्कि नागरिकों की सुरक्षा और शहर के सौंदर्य को भी प्रभावित करते हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि ऐसे किसी भी निर्माण की अनुमति नहीं दी जाएगी और भविष्य में भी नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
जीडीए प्रवर्तन टीम का यह अभियान केवल एक स्थान तक सीमित नहीं है। उपाध्यक्ष ने निर्देश दिए हैं कि पूरे शहर में प्रवर्तन टीम अवैध निर्माण की निगरानी करेगी और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ बुलडोजर और आवश्यक कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी। जीडीए प्रवर्तन टीम ने संकेत दिया है कि आगामी हफ्तों में शहर के अन्य हिस्सों में भी अवैध निर्माणों के खिलाफ इसी तरह की कार्रवाइयां की जाएंगी। शहरवासियों से अनुरोध किया गया है कि वे किसी भी प्रकार के अवैध निर्माण की सूचना तुरंत जीडीए प्रवर्तन विभाग को दें।
















