-पर्यावरण संरक्षण, महिला सशक्तिकरण और स्थानीय विकास की दिशा में नगर निगम की अभिनव पहल
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। नगर निगम ने प्राकृतिक और पर्यावरण के अनुकूल पेंट निर्माण की दिशा में एक महत्वाकांक्षी कदम उठाया है। नंदी पार्क गौशाला में स्थापित प्राकृतिक पेंट प्लांट में सोमवार को गोबर से पेंट बनाने की प्रक्रिया का सफल ट्रायल किया गया। यह पहल गाजियाबाद को एक हरित और टिकाऊ शहर बनाने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगी। नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने निर्माणाधीन पेंट प्लांट का जायजा लिया और मशीनों द्वारा बनाए जा रहे पेंट का परीक्षण किया। इस अवसर पर अपर नगर आयुक्त अवनींद्र कुमार, उप मुख्य पशु चिकित्सा एवं कल्याण अधिकारी डॉ. अनुज कुमार सिंह, मुख्य अभियंता निर्माण नरेंद्र कुमार चौधरी और प्रभारी प्रकाश आस कुमार भी उपस्थित रहे।
नगर आयुक्त ने कहा कि प्रथम चरण में लगभग 500 लीटर डिस्टेंपर तैयार किया गया है, जिसे नंदी पार्क गौशाला में प्रयोग के लिए रखा जाएगा।
भविष्य में इस प्लांट से डिस्टेंपर और इमल्शन पेंट का उत्पादन बड़े पैमाने पर किया जाएगा, जिसे दीपावली से पहले गाजियाबाद के सरकारी कार्यालयों और सार्वजनिक संस्थानों में उपयोग किया जाएगा। नगर निगम ने इस परियोजना को समयबद्ध तरीके से पूरा करने का निर्णय लिया है। महापौर द्वारा भव्य उद्घाटन के बाद पेंट का उत्पादन और वितरण शहर में शुरू होगा। आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि मशीनों की स्थापना, उपकरणों की जांच और उत्पादन की तैयारी को पूरी गति से अंजाम दिया जाए। नगर निगम ने ब्लूमबर्ग मेयर चैलेंज 2025 के अंतर्गत गोबर से पेंट निर्माण की प्रक्रिया को तेजी से आगे बढ़ाया है।
इस परियोजना में स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को शामिल किया गया है, जिससे उन्हें स्वरोजगार और स्थानीय आर्थिक विकास का अवसर मिलेगा। गोबर से पेंट निर्माण की यह पहल गाजियाबाद में स्थायी और प्राकृतिक पेंट के उत्पादन का उदाहरण पेश करती है। इसके सफल होने पर यह मॉडल अन्य शहरों के लिए भी प्रेरणा बनेगा। आयुक्त ने बताया कि लगभग 10 से 12 उपकरणों के माध्यम से पेंट का उत्पादन किया जा रहा है और इसे सरकारी कार्यालयों, शैक्षणिक संस्थानों और सार्वजनिक स्थलों में व्यापक रूप से इस्तेमाल किया जाएगा।
महिला सशक्तिकरण और रोजगार सृजन
यह पहल केवल पर्यावरण संरक्षण तक सीमित नहीं है, बल्कि स्थानीय महिलाओं को स्वरोजगार के अवसर प्रदान करके महिला सशक्तिकरण की दिशा में भी कदम बढ़ाए जा रहे हैं। प्राकृतिक पेंट प्लांट के सफल संचालन से गाजियाबाद में रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और स्थानीय संसाधनों का बेहतर उपयोग सुनिश्चित होगा।
गाजियाबाद की हरित पहचान
नगर निगम के इस प्रयास से गाजियाबाद न केवल राष्ट्रीय स्तर पर बल्कि वैश्विक स्तर पर भी एक अभिनव और पर्यावरण-संवेदनशील शहर के रूप में उभर कर सामने आएगा। प्राकृतिक पेंट के इस्तेमाल से शहर के इमारती ढांचे को लंबे समय तक टिकाऊ और सुरक्षित बनाया जा सकेगा।
भविष्य की योजनाएँ
नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि पायलट प्रोजेक्ट की सफलता के बाद इस पहल को और व्यापक रूप में लागू किया जाएगा। गोबर से निर्मित पेंट न केवल पर्यावरण को संरक्षित करेगा बल्कि गाजियाबाद को आधुनिक, टिकाऊ और हरित तकनीक के क्षेत्र में अग्रणी शहर के रूप में स्थापित करेगा।
















