-नेहरू नगर पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में आयोजित समारोह में महापौर ने की पद और गोपनीयता की शपथ, कर्मचारियों के हित के लिए किया संकल्प
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। नगर निगम कर्मचारी संघ के नव निर्वाचित पदाधिकारियों ने सोमवार को औपचारिक शपथ ग्रहण किया। इस अवसर पर नेहरू नगर स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में आयोजित समारोह में महापौर सुनीता दयाल ने सभी निर्वाचित पदाधिकारियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। महापौर ने कहा कि कर्मचारियों के हित में सभी पदाधिकारी पूरी ईमानदारी और पारदर्शिता के साथ कार्य करें।
समारोह में अध्यक्ष अनुराग नागर ने कहा कि उनका पैनल नगर निगम कर्मचारियों की समस्याओं और आवश्यकताओं के समाधान के लिए हमेशा तत्पर रहेगा। उन्होंने कहा कि हमारा उद्देश्य है कि कर्मचारियों को हर प्रकार की सुविधा और समर्थन मिले। संघ के माध्यम से हम उनके अधिकारों की रक्षा करेंगे और उनकी आवाज को प्रभावी ढंग से प्रशासन तक पहुंचाएंगे। उपाध्यक्ष मयूर गिरधर ने कहा कि हम कर्मचारी संघ के माध्यम से कर्मचारियों की बेहतरी और कल्याण के लिए निरंतर कार्य करेंगे। उनके रोजमर्रा के कामकाज में आने वाली समस्याओं का समाधान प्राथमिकता से करेंगे और संघ की गतिविधियों को और प्रभावी बनाएंगे।
महामंत्री महेंद्र प्रताप मोंटी ने कहा कि संघ का नया नेतृत्व कर्मचारियों के हितों और कल्याण की दिशा में पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेगा। हम यह सुनिश्चित करेंगे कि कर्मचारियों को उनके अधिकार और सुविधाएं समय पर मिलें और उनका कामकाज सुचारू रूप से चले। नगर निगम कर्मचारी संघ के हाल ही में संपन्न हुए चुनावों में अनुराग गुट के सभी प्रत्याशी विजयी रहे। अध्यक्ष पद पर अनुराग नागर ने जीत दर्ज की, जबकि उपाध्यक्ष मयूर गिरधर, महामंत्री महेंद्र प्रताप मोंटी, उपमहामंत्री भीम सिंह, संगठन मंत्री आकाश शर्मा, प्रचार मंत्री सिराज अब्बासी, कोषाध्यक्ष सुनील कुमार और कार्यालय मंत्री विक्रम सिंह निर्वाचित हुए। यह पैनल नगर निगम कर्मचारियों के हितों और कल्याण की दिशा में सक्रिय रहेगा। शपथ ग्रहण समारोह में नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक सहित निगम के सभी अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित थे। साथ ही स्थानीय पार्षद और अन्य गणमान्य नागरिक भी समारोह में शामिल हुए।
महापौर ने नव निर्वाचित पदाधिकारियों का फूल-माला पहनाकर स्वागत किया और उन्हें शुभकामनाएं दीं। महापौर सुनीता दयाल ने इस अवसर पर कहा कि नगर निगम कर्मचारी संघ का यह नया नेतृत्व कर्मचारियों की भलाई, सुविधाओं और अधिकारों के लिए प्रतिबद्ध रहेगा। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों से सहयोग का आह्वान किया ताकि नगर निगम में कार्यप्रणाली और कर्मचारियों की कार्यशैली को और प्रभावी बनाया जा सके।
नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने शपथ ग्रहण समारोह के दौरान कहा कि मैं नव निर्वाचित पदाधिकारियों को बधाई देता हूँ। मेरा विश्वास है कि उनका नेतृत्व कर्मचारियों के हितों और कल्याण के लिए निर्णायक साबित होगा। नगर निगम कर्मचारियों के मेहनत और समर्पण के बिना शहर के सुचारू संचालन की कल्पना भी नहीं की जा सकती। इसीलिए संघ और प्रशासन के बीच सहयोग बेहद महत्वपूर्ण है। मैं आश्वस्त करता हूँ कि प्रशासन कर्मचारी संघ के साथ मिलकर उनकी समस्याओं के त्वरित समाधान और सुविधाओं के बेहतर प्रबंध के लिए निरंतर प्रयास करेगा।
हम चाहते हैं कि कर्मचारी अपने कर्तव्यों का पालन पूरी निष्ठा और ईमानदारी से करें और अपने कार्यस्थल को और प्रभावी बनाएं। शपथ ग्रहण समारोह में उपस्थित कर्मचारियों ने नव निर्वाचित पदाधिकारियों का उत्साहपूर्वक स्वागत किया और उनके नेतृत्व में संघ की गतिविधियों से उम्मीद जताई कि कर्मचारियों के हित और उनके कल्याण के लिए और बेहतर प्रयास होंगे। समारोह में कर्मचारियों के बीच एक नई सकारात्मक ऊर्जा देखने को मिली। अध्यक्ष अनुराग नागर ने कहा कि संघ अगले कुछ महीनों में कर्मचारियों के लिए विभिन्न कल्याणकारी गतिविधियों और प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित करेगा।
साथ ही कर्मचारियों के रोजमर्रा के कामकाज और उनके अधिकारों के संरक्षण के लिए नियमित बैठकें और जागरूकता अभियान भी चलाए जाएंगे। इस दौरान अपर नगर आयुक्त अवनींद्र कुमार, उप मुख्य पशु चिकित्सा एवं कल्याण अधिकारी डॉ. अनुज कुमार सिंह, मुख्य अभियंता निर्माण नरेंद्र कुमार चौधरी, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ मिथिलेश कुमार, मुख्य कर निर्धारण अधिकारी सुनील राय और प्रभारी प्रकाश आस कुमार एवं चौब सिंह, विनोद त्यागी, विशाल गौरव, अरविंद त्यागी, नितिन भारद्वाज सहित निगम के सभी अधिकारी, कर्मचारी व बाबू मौजूद रहे।


















