नवरात्रि पर जीडीए की ओर आवंटियों के लिए खुशियों भरी सौगात: मधुबन-बापूधाम योजना में 160 भूखंडों का लाटरी ड्रॉ संपन्न

-जीडीए उपाध्यक्ष अतुल वत्स और सचिव राजेश कुमार के मार्गदर्शन में पारदर्शी प्रक्रिया से भूखंडों के नंबर तय, आवंटियों में खुशी की लहर

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) की मधुबन-बापूधाम योजना में श्मशान और कब्रिस्तान के पास पहले से आवंटित भूखंडों को सुरक्षित और वैकल्पिक स्थान पर शिफ्ट करने की प्रक्रिया मंगलवार को पूरी हुई। इसी के तहत कुल 160 भूखंडों का लाटरी ड्रॉ आयोजित कर आवंटियों को उनके नए भूखंडों के नंबर प्रदान किए गए। यह नवरात्रि के शुभ अवसर पर आवंटियों के लिए विशेष तोहफे के समान साबित हुआ।
लाटरी ड्रॉ का आयोजन लोहिया नगर स्थित हिंदी भवन में सुबह 11 बजे से शुरू हुआ। इसे जीडीए सचिव राजेश कुमार की अध्यक्षता में संपन्न कराया गया। साथ ही समिति के सदस्य, अपर सचिव प्रदीप कुमार सिंह, ओएसडी कनिका कौशिक, संयुक्त सचिव श्याम अवध चौहान सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। जीडीए उपाध्यक्ष अतुल वत्स ने आवंटियों के लंबे समय से चली आ रही समस्याओं को गंभीरता से लिया और योजना को पुन: ले-आउट कर इसे शीघ्र समाधान की दिशा में आगे बढ़ाया।

मधुबन-बापूधाम योजना के पॉकेट-ई में वर्ष 2010 से 2012 के बीच आवंटित भूखंड श्मशान घाट के समीप थे। इसमें कुल 115 वर्गमीटर के 50 भूखंड, 60 वर्गमीटर के 89 भूखंड और 40 वर्गमीटर के 21 भूखंड शामिल थे। कई सालों से आवंटियों की ओर से इन्हें अन्यत्र स्थान पर शिफ्ट करने की मांग की जा रही थी। जीडीए उपाध्यक्ष ने इन भूखंडों की स्थिति की समीक्षा की और आवंटियों की सुरक्षा और सुविधा को ध्यान में रखते हुए निर्णय लिया। लाटरी ड्रॉ के दौरान आवंटियों की उपस्थिति में पूरी प्रक्रिया पारदर्शिता और सूचितापूर्ण तरीके से संपन्न हुई। जीडीए सचिव राजेश कुमार सिंह ने बताया कि आवंटियों को वैकल्पिक स्थान प्रदान करने का मुख्य उद्देश्य उनका सुरक्षित, स्वस्थ और गरिमापूर्ण जीवन सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि आवंटियों की संतुष्टि ही जीडीए की सबसे बड़ी प्राथमिकता है।

इस अवसर पर कई परिवारों के चेहरे पर खुशी और संतोष झलक रहा था। आवंटियों ने जीडीए अधिकारियों और उपाध्यक्ष अतुल वत्स का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वर्षों से लंबित उनकी समस्या का यह समाधान उनके लिए राहत और विश्वास का प्रतीक है। जीडीए अधिकारियों ने बताया कि नए ले-आउट के अनुसार सभी भूखंडों की संख्या और स्थिति पूरी तरह से व्यवस्थित की गई है, ताकि भविष्य में किसी प्रकार की असुविधा न हो। यह लाटरी ड्रॉ नवरात्रि के शुभ अवसर पर आयोजित किया गया, जिससे आवंटियों को न केवल वैकल्पिक भूखंड प्राप्त हुए बल्कि धार्मिक और सांस्कृतिक उत्सव के माहौल में यह खुशी दोगुनी हो गई।

जीडीए उपाध्यक्ष अतुल वत्स ने कहा कि हमारा लक्ष्य है कि प्रत्येक आवंटी को ऐसा घर मिले, जहाँ उनका परिवार सुरक्षित, स्वस्थ और गरिमापूर्ण जीवन व्यतीत कर सके। इस नवरात्रि पर 160 आवंटियों और उनके परिवारों को राहत देने का अवसर हमारे लिए गर्व का विषय है। आवंटियों का संतोष हमारी प्राथमिकता है और इसी भावना के साथ जीडीए निरंतर प्रयासरत है। इस भव्य आयोजन ने न केवल आवंटियों में खुशी और उत्साह भर दिया बल्कि गाजियाबाद में जीडीए की पारदर्शिता, योजना और जनता के प्रति प्रतिबद्धता को भी दर्शाया। इस कार्यक्रम में उपस्थित सभी अधिकारी और आवंटियों ने जीडीए प्रशासन की कार्यप्रणाली की सराहना की और इसे सफल तथा अनुकरणीय आयोजन बताया।