संभव जनसुनवाई: नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने किए पांच प्रमुख मामलों का तत्काल निस्तारण

-त्योहारों के अवसर पर शहरवासियों की समस्याओं का शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने के लिए सभी विभागों को दिए सख्त निर्देश

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। नगर निगम मुख्यालय में मंगलवार को आयोजित संभव जनसुनवाई का उद्देश्य नागरिकों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना था। इस जनसुनवाई की अध्यक्षता नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने की। इस अवसर पर नागरिकों की ओर से विभिन्न विभागों से जुड़े कुल पांच संदर्भ प्राप्त हुए। प्राप्त संदर्भों में निर्माण विभाग से दो मामले, उद्यान विभाग से दो मामले और प्रकाश विभाग से एक मामला शामिल था। इन संदर्भों में प्रमुख रूप से शामिल थे- विजयनगर सेक्टर-9 के पार्क में लगे सबमर्सिबल को चालू करना, वसुंधरा सेक्टर-1 में सड़क मरम्मत, वसुंधरा सेक्टर-1 के पार्क की लाइट व्यवस्था दुरुस्त करना, तथा नंदग्राम में अवैध अतिक्रमण हटाने के कार्य। नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने सभी अधिकारियों को इन संदर्भों पर तत्काल और प्रभावी कार्यवाही के आदेश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि त्योहारों का समय चल रहा है, और इस दौरान शहर की साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, पार्कों की देखरेख और सड़कों की मरम्मत में किसी भी प्रकार की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनसुनवाई में प्राप्त सभी शिकायतों का समयबद्ध समाधान किया जाए और प्रत्येक समस्या का निस्तारण धरातल पर सुनिश्चित किया जाए। संभव के बाद, नगर आयुक्त ने सभी विभागीय अधिकारियों को स्थलीय निरीक्षण करने का आदेश दिया, ताकि शिकायतों का समाधान वास्तविक स्थिति के अनुसार किया जा सके। उन्होंने यह भी जोर देकर कहा कि जनहित से जुड़े मामलों में पारदर्शिता और तत्परता अत्यंत आवश्यक है। नगर आयुक्त ने यह भी कहा कि त्योहारों के दौरान शहर में काम की गति धीमी नहीं होनी चाहिए। हर विभाग अपने-अपने क्षेत्र में मुस्तैदी से काम करे और नागरिकों की समस्याओं को प्राथमिकता पर हल करे। उनका लक्ष्य है कि त्योहारों के समय गाजियाबादवासी स्वच्छ, सुरक्षित और जगमगाते शहर का अनुभव कर सकें।

इस अवसर पर अपर नगर आयुक्त जंग बहादुर यादव, संयुक्त नगर आयुक्त ओमप्रकाश, प्रभारी उद्यान डॉ. अनुज कुमार सिंह, मुख्य कर निर्धारण अधिकारी सुनील राय, प्रभारी संपत्ति पल्लवी सिंह, महाप्रबंधक जल के.पी. आनंद, प्रभारी प्रकाश आश कुमार सहित नगर निगम के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। नगर निगम प्रशासन ने कहा कि संभव जनसुनवाई का मुख्य उद्देश्य नागरिकों की समस्याओं पर त्वरित कार्रवाई कर उन्हें समय पर राहत पहुंचाना है। इस पहल से यह संदेश गया कि नगर निगम प्रशासन त्योहारों के समय भी नागरिकों की समस्याओं के प्रति सजग, पारदर्शी और तत्पर है।