- नगर आयुक्त महोदय के नेतृत्व में महिला सफाई मित्रों और रहवासी महिलाओं को स्वास्थ्य, स्वच्छता और आत्मनिर्भरता से किया गया अवगत
- जोन वसुंधरा, विजय नगर, कवि नगर, शिब्बनपुरा और मोहन नगर में आयोजित किए गए स्वास्थ्य शिविर और जागरूकता कार्यक्रम
- स्वच्छता और सशक्तिकरण के माध्यम से महिलाओं के सामाजिक, आर्थिक और मानसिक विकास को बढ़ावा
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। मिशन शक्ति 5.0 अभियान के तहत गाजियाबाद नगर निगम ने महिलाओं के स्वास्थ्य, सुरक्षा और सशक्तिकरण के लिए एक व्यापक और प्रभावी पहल की है। नगर आयुक्त महोदय के मार्गदर्शन और नेतृत्व में नगर निगम की स्वच्छ भारत मिशन टीम ने बुधवार को शहर के विभिन्न जोनों में विशेष स्वास्थ्य शिविर और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए, जिनमें महिला सफाई मित्रों और रहवासी महिलाओं को स्वास्थ्य, स्वच्छता, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता के महत्व से अवगत कराया गया। अभियान की शुरुआत जोन वसुंधरा, वार्ड 36 से हुई, जहां महिला सफाई मित्रों के स्वास्थ्य की जांच के लिए शिविर आयोजित किया गया। चिकित्सकों ने महिलाओं को संतुलित आहार, कार्यस्थल पर सुरक्षा उपाय और नियमित स्वास्थ्य जांच के महत्व पर जानकारी दी। महिलाओं ने उत्साहपूर्वक इस पहल में भाग लिया और महत्वपूर्ण सुझाव प्राप्त किए। इसी प्रकार जोन विजय नगर, वार्ड 48 में भी स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें चिकित्सकों ने व्यक्तिगत स्वच्छता, पोषण और कार्यस्थल सुरक्षा के बारे में विस्तार से मार्गदर्शन किया।
उपस्थित महिलाओं ने इस पहल को अत्यंत उपयोगी बताया और नियमित स्वास्थ्य जांच कराने की आवश्यकता पर जोर दिया। नगर आयुक्त महोदय के निर्देशन में जोन कवि नगर, वार्ड 67 में रहवासी महिलाओं के लिए जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें नारी सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की गई। महिलाओं को लघु एवं सूक्ष्म उद्योगों से जुड़कर आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया गया। महिलाओं ने कार्यक्रम को प्रेरणादायक बताया और सक्रिय सहभागिता दिखाई। सिटी जोन, वार्ड 9 शिब्बनपुरा में आयोजित स्वास्थ्य शिविर में सफाई मित्रों को भारत सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, स्वास्थ्य जांच और पोषण के महत्व के बारे में जागरूक किया गया। इससे न केवल स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता बढ़ी, बल्कि महिलाओं को आत्मविश्वास और आत्मनिर्भर बनने के मार्ग भी दिखाई दिए। जोन मोहन नगर, वार्ड 60 में आयोजित स्वास्थ्य परीक्षण शिविर में विशेषज्ञों ने रोग-निवारक उपायों, पोषण और स्वच्छता के महत्व पर जानकारी दी।
महिलाओं को स्वास्थ्य बीमा और नियमित जांच की आवश्यकता के प्रति जागरूक किया गया। उपस्थित महिलाओं ने इस पहल की सराहना करते हुए नगर निगम से अनुरोध किया कि इस तरह की पहलें नियमित रूप से जारी रहें।
नगर आयुक्त महोदय के नेतृत्व में आयोजित इन कार्यक्रमों ने स्पष्ट संदेश दिया कि गाजियाबाद नगर निगम न केवल शहर को स्वच्छ रखने के लिए समर्पित है, बल्कि अपने कर्मियों और नागरिकों के सामाजिक, आर्थिक और मानसिक सशक्तिकरण के लिए भी सक्रिय है। मिशन शक्ति 5.0 के अंतर्गत ये पहलें महिला स्वावलंबन, सम्मान और सुरक्षा के प्रति नगर निगम की संवेदनशीलता और प्रतिबद्धता को दर्शाती हैं। गाजियाबाद नगर निगम का यह अभियान “स्वच्छता के साथ सशक्तिकरण” की भावना को वास्तविक रूप देता है, जहाँ स्वच्छता केवल आदत नहीं बल्कि महिला सशक्तिकरण और सामाजिक विकास की प्रेरणा बनकर उभर रही है।















