छठ पर्व की तैयारियां जोरों पर, नगर आयुक्त ने सभी व्यवस्थाओं को किया चाक-चौबंद

-पुरबिया जन कल्याण परिषद ने नगर आयुक्त को सौंपा मांग पत्र, सभी घाटों पर मरम्मत और सौंदर्यकरण की मांग
-हिंडन नदी छठ घाट फिर बनेगा श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण का केंद्र
-नगर निगम अधिकारी और टीम आस्था के साथ जुड़कर निभाएंगे जिम्मेदारी, स्वच्छता और लाइटिंग पर विशेष ध्यान

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। छठ पर्व की भव्य तैयारी के लिए गाजियाबाद नगर निगम ने सक्रियता दिखाते हुए शहर के घाटों और मुख्य मार्गों की सफाई, मरम्मत और सजावट की योजना बनाना शुरू कर दिया है। बुधवार को पुरबिया जन कल्याण परिषद के सदस्यों ने नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक से मुलाकात कर मांग पत्र सौंपा, जिसमें छठ घाटों की बेहतर व्यवस्था, स्वच्छता, रंगाई-पुताई, लाइटिंग और पेयजल की समुचित सुविधा की अपील की गई।
नगर आयुक्त ने कहा कि इस वर्ष भी हिंडन नदी छठ घाट विशेष घाट रहेगा। सभी व्यवस्थाओं को बेहतर बनाते हुए इसे आकर्षक लाइटिंग और सजावट से सजाया जाएगा। नगर आयुक्त ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि घाटों की साफ-सफाई, सुरक्षा, जल एवं शौचालय की व्यवस्था और मार्गों की मरम्मत पर विशेष ध्यान दिया जाए।

मुख्य अभियंता निर्माण नरेंद्र कुमार चौधरी, महाप्रबंधक जल कामाख्या प्रसाद आनंद, और प्रभारी उद्यान डॉ. अनुज कुमार सिंह एवं मुख्य कर निर्धारण अधिकारी सुनील राय सहित सभी संबंधित अधिकारी नगर आयुक्त के निर्देशन में कार्य कर रहे हैं। गाजियाबाद नगर निगम सीमा के अंतर्गत लगभग 70 छठ घाट हैं, जिन पर इस समय मरम्मत और व्यवस्थाओं का कार्य चल रहा है। प्रमुख कार्यों में घाटों की मरम्मत और रंगाई-पुताई, लाइटिंग और सजावट का कार्य, स्वच्छता और कचरा प्रबंधन, पेयजल व्यवस्था और शौचालय सुविधाएँ, तथा घाटों तक पहुँचने वाले मार्गों की दुरुस्ती शामिल है।

निगम की टीम आस्था के साथ निभाएगी जिम्मेदारी
नगर आयुक्त ने अधिकारियों और निगम की टीम को उत्साहित करते हुए कहा कि टीम आस्था के साथ जुड़कर छठ पर्व की जिम्मेदारी निभाएगी। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा और घाटों की स्वच्छता सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। पुरबिया जन कल्याण परिषद की अध्यक्ष रीता सिंह और महासचिव राकेश तिवारी ने नगर निगम के सहयोग की सराहना की और आशा व्यक्त की कि इस वर्ष व्यवस्थाएँ पिछले वर्षों से बेहतर होंगी।

त्योहारों पर हर घाट सुरक्षित, स्वच्छ और आकर्षक
नगर आयुक्त ने स्पष्ट किया कि दीपावली और छठ पर्व के दौरान नगर निगम पूरी तत्परता के साथ काम करेगा। सभी घाटों को स्वच्छ, सुरक्षित और आकर्षक बनाने का लक्ष्य रखा गया है। विशेषकर हिंडन घाट पर लाइटिंग और सजावट का विशेष प्रबंध होगा। नगर निगम की इस पहल से न केवल घाटों की सुंदरता बढ़ेगी, बल्कि श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुविधाजनक अनुभव भी मिलेगा।

विक्रमादित्य सिंह मलिक
नगर आयुक्त

इस वर्ष भी हिंडन नदी छठ घाट विशेष घाट रहेगा, जहाँ श्रद्धालुओं की संख्या अधिक रहती है। हम सभी व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए पहले से ही तैयारी कर चुके हैं। घाटों की मरम्मत, साफ-सफाई, रंगाई-पुताई, लाइटिंग और पेयजल की सुविधा सुनिश्चित की जाएगी। साथ ही, अन्य सभी छठ घाटों पर भी स्वच्छता और सौंदर्यकरण पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। नगर निगम की टीम आस्था और जिम्मेदारी के साथ इन कार्यों को संपन्न करेगी ताकि प्रत्येक श्रद्धालु सुरक्षित और सुगम वातावरण में छठ पर्व का आनंद ले सके। हम सभी नागरिकों और समिति सदस्यों से भी अपील करते हैं कि वे इस कार्य में सहयोग दें और शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने में नगर निगम का साथ दें।
विक्रमादित्य सिंह मलिक
नगर आयुक्त