-जनता का प्रशासन पर भरोसा बढ़ा, बड़ी संख्या में नागरिकों ने दर्ज कराई अपनी शिकायतें
– भूमि, बिजली, जल निकासी, स्वास्थ्य और कानून-व्यवस्था से संबंधित मुद्दों पर मौके पर अधिकारियों को दिए निर्देश
– शिकायत निस्तारण के बाद फीडबैक लेना अनिवार्य, अधिकारी सुनिश्चित करें कि कोई नागरिक निराश न लौटे
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। कलेक्ट्रेट सभागार में बुधवार को आयोजित जनसुनवाई में जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार माँदड़ ने नागरिकों की समस्याओं को ध्यानपूर्वक सुना और संबंधित अधिकारियों को तत्काल एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनसुनवाई केवल औपचारिक प्रक्रिया नहीं, बल्कि जनता के प्रशासन पर विश्वास और प्रशासन की जवाबदेही का सशक्त प्रतीक है। जिलाधिकारी के समक्ष बड़ी संख्या में नागरिक अपनी शिकायतें लेकर पहुंचे, जो इस बात का प्रमाण है कि जनता अब सीधे प्रशासन से संवाद करना चाहती है और अपनी समस्याओं के त्वरित समाधान में भरोसा दिखा रही है।
जनसुनवाई के दौरान नगर निगम, पुलिस विभाग, गाजियाबाद विकास प्राधिकरण, विद्युत विभाग, स्वास्थ्य विभाग और राजस्व विभाग सहित विभिन्न विभागों से संबंधित शिकायतें प्राप्त हुईं। जिलाधिकारी ने सभी प्रार्थियों की बातों को गंभीरता और सहानुभूति के साथ सुना। उन्होंने प्रत्येक प्रार्थी से यह भी जाना कि क्या इस विषय में पहले कोई आवेदन दिया गया था और उस पर क्या कार्रवाई हुई। जिलाधिकारी ने कहा कि प्रशासन जनता की सेवा के लिए है, इसलिए अधिकारी सुनिश्चित करें कि जनसुनवाई में आने वाला कोई भी व्यक्ति निराश होकर न लौटे। जनसुनवाई के दौरान अपर जिलाधिकारी (भू-अधिग्रहण) विवेक मिश्र, सिटी मजिस्ट्रेट डॉ. सन्तोष कुमार उपाध्याय, आईएएस प्रशिक्षु अयान जैन और एसीएम राजेन्द्र कुमार सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
निर्देश और त्वरित कार्रवाई
श्री माँदड़ ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनता की हर शिकायत का निष्पक्ष और पूर्ण समाधान किया जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी शिकायत का आधा-अधूरा निस्तारण न किया जाए। जहाँ आवश्यक हो, वहाँ स्थलीय निरीक्षण कर ही समाधान किया जाए, ताकि शिकायतकर्ता को वास्तविक राहत मिल सके। उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि प्रत्येक शिकायत का समाधान करने के बाद शिकायतकर्ता से फीडबैक अवश्य लिया जाए, जिससे यह सुनिश्चित किया जा सके कि समाधान संतोषजनक और प्रभावी रहा। जनता दर्शन के दौरान जिलाधिकारी ने भूमि, बिजली, जल निकासी, स्वास्थ्य एवं कानून-व्यवस्था से जुड़ी समस्याओं को सुनते हुए संबंधित अधिकारियों से तुरंत दूरभाष पर संपर्क कर कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। भूमि संबंधी विवादों का निस्तारण राजस्व और पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा मौके पर जाकर तत्काल किया जाएगा, ताकि अनावश्यक विलंब या उत्पीडऩ की स्थिति न बने।
नागरिकों से अपील
रविन्द्र कुमार माँदड़ ने आम नागरिकों से कहा कि वे अपनी समस्याओं को जनता दर्शन या जनसुनवाई के माध्यम से सीधे प्रस्तुत करें। उन्होंने यह भी कहा कि शिकायत दर्ज करने से पहले संबंधित विभागीय अधिकारी से संपर्क करना चाहिए, ताकि समाधान की प्रक्रिया तेजी से हो सके।
















