- केवल सतही कार्रवाई से नहीं होगा समाधान, जड़ तक जाकर किया जाएगा कार्य: विक्रमादित्य सिंह मलिक
- मोहन नगर में मिली सफलता: ट्रक से बरामद 10 टन पॉलिथीन, स्वास्थ्य और जीएसटी टीम ने मिलकर कार्रवाई की, गोदाम सील
- शहर को प्लास्टिक मुक्त बनाने का संकल्प: लगातार निगरानी, सख्त कार्रवाई और जागरूकता से पूरा लक्ष्य हासिल
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। नगर निगम गाजियाबाद ने अपने प्लास्टिक मुक्त शहर अभियान में एक और बड़ी कार्रवाई करते हुए लगभग 50 टन सिंगल यूज प्लास्टिक जब्त किया। नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक के नेतृत्व में चल रहे इस अभियान का उद्देश्य न केवल प्लास्टिक पर रोक लगाना है, बल्कि नागरिकों को जागरूक करके गाजियाबाद को पूरी तरह से प्लास्टिक मुक्त बनाना भी है। मोहन नगर जोन में नगर निगम और जीएसटी विभाग की टीमों ने संयुक्त अभियान चलाया। अभियान के दौरान एक बड़े ट्रक को पकड़ा गया, जिसमें लगभग 10 टन पॉलिथीन के 40 बैग पाए गए। नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मिथिलेश कुमार ने बताया कि इन बैगों को रेत मंडी प्लांट पर भेजा गया। डॉ. मिथिलेश कुमार ने बताया कि यह कार्रवाई शहरवासियों के लिए स्पष्ट संदेश है कि प्लास्टिक के अवैध संचालन पर नगर निगम कोई ढील नहीं देगा। हर ट्रक, गोदाम और बिक्री केंद्र की निगरानी की जा रही है।
अभियान के दौरान निगम और जीएसटी टीम ने शहर के बड़े गोदामों में सघन छापेमारी की। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने मिलकर पॉलिथीन से भरे गोदाम को सील कर दिया। प्रारंभिक जांच में अनुमान है कि गोदाम में लगभग 40 टन अतिरिक्त पॉलिथीन मौजूद थी। नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने कहा कि समस्या का समाधान केवल सतही कार्रवाई से नहीं हो सकता। जड़ तक जाकर कार्रवाई करना ही शहर को प्लास्टिक मुक्त बनाने का सही तरीका है। ट्रक पकड़े जाने के बाद गोदाम तक की पूरी कार्रवाई सुनिश्चित की गई। दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई होगी।
महापौर सुनीता दयाल ने अभियान की सराहना की
महापौर सुनीता दयाल ने नगर निगम की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि शहर को प्लास्टिक मुक्त बनाने के लिए लगातार निगरानी, सक्रिय कार्रवाई और नागरिक जागरूकता आवश्यक है। उन्होंने नागरिकों से अपील की, सिंगल यूज प्लास्टिक का बहिष्कार करें और अपने बच्चों व पर्यावरण के हित में योगदान दें।
नागरिक जागरूकता अभियान भी जारी
नगर निगम के अभियान के तहत स्वास्थ्य विभाग लगातार जागरूकता अभियान भी चला रहा है। नागरिकों को प्लास्टिक के हानिकारक प्रभाव और उसके पर्यावरणीय नुकसान के बारे में जानकारी दी जा रही है। टीम शहर के अन्य हिस्सों में भी छापेमारी कर अवैध प्लास्टिक स्टोर और बिक्री पर नजर रख रही है। नगर आयुक्त ने कहा कि नागरिकों की सक्रिय भागीदारी से ही हम गाजियाबाद को पूरी तरह प्लास्टिक मुक्त शहर बना सकते हैं। इसके लिए हर व्यक्ति को जिम्मेदारी निभानी होगी।
शहर को पूर्णतया प्लास्टिक मुक्त बनाने का संकल्प
इस कार्रवाई के माध्यम से नगर निगम ने यह स्पष्ट संदेश दिया कि गाजियाबाद में प्लास्टिक का अवैध उत्पादन, भंडारण और बिक्री बर्दाश्त नहीं की जाएगी। नगर आयुक्त ने कहा कि शहर में लगातार निगरानी, सक्रिय कार्रवाई और जागरूकता के माध्यम से ही गाजियाबाद को पूर्णतया प्लास्टिक मुक्त शहर बनाया जा सकता है। नगर निगम का यह अभियान नागरिकों को यह संदेश भी देता है कि सिंगल यूज प्लास्टिक के प्रयोग से बचकर ही वे अपने परिवार, बच्चों और पर्यावरण के हित में योगदान दे सकते हैं।

नगर आयुक्त
हमारे शहर को प्लास्टिक मुक्त बनाना केवल एक अभियान नहीं, बल्कि हमारी जिम्मेदारी है। सतही कार्रवाई से समस्या का समाधान संभव नहीं है। इसलिए नगर निगम की टीम ने ट्रक पकडऩे के बाद गोदाम तक जाकर पूरी सघन जांच और कार्रवाई सुनिश्चित की। दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी और किसी भी तरह के अवैध प्लास्टिक संचालन को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। नागरिकों से अपील है कि वे सिंगल यूज प्लास्टिक का प्रयोग बंद करें और अपने बच्चों और पर्यावरण के हित में इस मुहिम में सक्रिय भाग लें। लगातार निगरानी, सख्त कार्रवाई और जागरूकता के माध्यम से ही गाजियाबाद को पूर्णतया प्लास्टिक मुक्त शहर बनाया जा सकता है।
विक्रमादित्य सिंह मलिक
नगर आयुक्त

















