संभव जनसुनवाई में नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने सुनी जनता की समस्याएं

-13 संदर्भ प्राप्त, सड़क और पुलिया मरम्मत से जुड़े अधिकतर प्रकरणों का मौके पर हुआ समाधान, विभागों को दिए तत्परता से कार्यवाही के निर्देश

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। नगर निगम मुख्यालय में मंगलवार को आयोजित संभव जनसुनवाई दिवस के दौरान नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने नागरिकों की शिकायतें एवं समस्याएं सुनीं। उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों के साथ बैठकर जनहित से संबंधित मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की और कई मामलों में मौके पर ही कार्यवाही के निर्देश जारी किए। इस अवसर पर कुल 13 जनसंदर्भ प्राप्त हुए, जिनमें से अधिकांश मामले निर्माण विभाग से संबंधित पाए गए। नगर आयुक्त ने बताया कि प्राप्त पत्रों में तीन संदर्भ सड़क मरम्मत और पुलिया सुधार कार्यों से संबंधित थे, जिनमें मानसरोवर पार्क, गोविंदपुरम और पांडव नगर से शिकायतें प्राप्त हुईं। सभी मामलों में शीघ्र समाधान हेतु निर्माण विभाग की टीमें तत्काल स्थल पर भेजी गईं, जिन्होंने मौके पर पहुंचकर मरम्मत कार्य प्रारंभ करा दिया।
नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने कहा कि नगर निगम में प्रत्येक मंगलवार को संभव दिवस आयोजित किया जाता है, जिसका उद्देश्य नागरिकों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने बताया कि सभी विभागीय अधिकारी जनसुनवाई में उपस्थित रहते हैं ताकि शिकायतों का निस्तारण बिना विलंब के किया जा सके।

उन्होंने कहा कि नागरिकों की समस्याओं का शीघ्र समाधान हमारी प्राथमिकता है। किसी भी शिकायत को लंबित नहीं रहने दिया जाएगा। सभी विभाग यह सुनिश्चित करें कि जनता को राहत समय पर मिले। जनसुनवाई के दौरान अन्य विभागों से संबंधित संदर्भ भी प्राप्त हुए, जिनमें स्वास्थ्य विभाग से 1, उद्यान विभाग से 1, प्रकाश विभाग से 2, संपत्ति विभाग से 1, कर विभाग से 3, जलकल विभाग से 1 तथा अतिक्रमण संबंधी 1 संदर्भ शामिल रहा। नगर आयुक्त ने इन सभी मामलों में संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे शिकायतों का निराकरण जल्द से जल्द सुनिश्चित करें और रिपोर्ट प्रस्तुत करें। इस अवसर पर अपर नगर आयुक्त जंग बहादुर यादव, संयुक्त नगर आयुक्त ओमप्रकाश, मुख्य अभियंता (निर्माण) नरेंद्र कुमार चौधरी, महाप्रबंधक जलकल कामाख्या प्रसाद आनंद, प्रभारी उद्यान डॉ. अनुज सहित सभी विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे। नगर आयुक्त ने उपस्थित अधिकारियों से कहा कि जनसुनवाई में प्राप्त सभी शिकायतों का निस्तारण प्राथमिकता के आधार पर किया जाए तथा कार्रवाई की प्रगति नागरिकों को अवगत कराई जाए।

संभव जनसुनवाई के दौरान कई पार्षदों ने भी भाग लिया और अपने-अपने वार्डों की समस्याओं पर अधिकारियों से चर्चा की। नगर आयुक्त ने पार्षदों को आश्वासन दिया कि उनके क्षेत्रों में लंबित कार्यों को शीघ्र पूरा किया जाएगा और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। नगर आयुक्त ने कहा कि नगर निगम का लक्ष्य नागरिकों को स्वच्छ, सुरक्षित और सुगम नगरीय सेवाएं प्रदान करना है। उन्होंने अधिकारियों से अपेक्षा की कि वे संभव दिवस को मात्र औपचारिकता न मानें, बल्कि इसे जनता से जुडऩे और उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का सशक्त माध्यम बनाएं। इस प्रकार संभव जनसुनवाई में प्राप्त अधिकांश मामलों का समाधान मौके पर किया गया, जिससे उपस्थित नागरिकों ने नगर निगम की तत्परता की सराहना की और नगर आयुक्त के जनहितकारी दृष्टिकोण के लिए आभार व्यक्त किया।