गाजियाबाद में दीपावली अभियान: खाद्य सुरक्षा का जोर, नेपाली रिफाइंड सोयाबीन तेल के 79 टिन जब्त

-खराब और अस्वच्छ खाद्य सामग्री जब्त कर नष्ट, नागरिकों को सुरक्षित भोजन सुनिश्चित
-दीपावली अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा विभाग की कड़ी कार्रवाई
-असुरक्षित और अशुद्ध खाद्य पदार्थों पर रोक, नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। दीपावली के पावन अवसर को देखते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग ने शहर में असुरक्षित और अशुद्ध खाद्य पदार्थों के खिलाफ सख्त अभियान शुरु कर दिया है। विभाग की टीम ने विभिन्न क्षेत्रों में नियमित निरीक्षण कर खराब गुणवत्ता वाले खाद्य पदार्थों को जब्त किया और नष्ट करवाया। इस अभियान का उद्देश्य नागरिकों को शुद्ध और सुरक्षित खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराना और त्योहार के अवसर पर स्वास्थ्य संबंधी जोखिमों से बचाना है। खाद्य सुरक्षा अधिकारी अरविंद यादव सहायक आयुक्त (खाद्य) ग्रेड द्वितीय के नेतृत्व में चलाए गए अभियान में मंगलवार को खोड़ा क्षेत्र स्थित बंसल ट्रेडर्स के परिसर में नेपाली रिफाइंड सोयाबीन तेल के 79 टिन जब्त किए गए। इन टिनों का कुल वजन 1183 किलोग्राम था और अनुमानित कीमत 1,61,278 रुपए बताई गई। अधिकारियों ने एक नमूना जांच के लिए अलग रखा और जांच रिपोर्ट आने तक बाकी स्टॉक को सीज कर दिया।

इसी तरह, कलछीना क्षेत्र में समसुद्दीन पुत्र ताज मोहम्मद के विनिर्माण खाद्य कारोबार परिसर से अस्वच्छ परिस्थितियों में रखे गए 162 किलोग्राम खोए को जब्त कर नष्ट किया गया। परिसर में जमीन पर खुले में धूल और गंदगी होने के कारण खाद्य पदार्थ अस्वस्थकर और उपभोक्ता के लिए हानिकारक थे। इसके अतिरिक्त, रिजवान पुत्र गुलशेर के परिसर से 125 किलोग्राम खोया जब्त कर नष्ट किया गया। इन नष्ट किए गए खोए का कुल मूल्य 86,100 रुपए था। खाद्य सुरक्षा विभाग ने ग्राम नहाली भोजपुर के आस मोहम्मद से पनीर के दो नमूने भी संग्रहित किए। परिसर में रखे गए 120 किलोग्राम पनीर, जिसकी अनुमानित कीमत 36,000 रुपए थी, को नष्ट कर दिया गया। अधिकारियों ने बताया कि सभी नमूनों को आगे की जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है।

जांच रिपोर्ट आने के बाद खाद्य सुरक्षा और मानक अधिनियम 2006 के अंतर्गत आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। अरविंद यादव ने कहा कि दीपावली जैसे त्योहारों के समय खाद्य सुरक्षा को और सख्ती से लागू किया जा रहा है। उनका कहना था कि अस्वच्छ परिस्थितियों में तैयार किए गए खाद्य पदार्थ उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य के लिए खतरनाक होते हैं और ऐसे मामलों में विभाग तुरंत कार्रवाई करता है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे भी किसी संदिग्ध खाद्य सामग्री की सूचना तुरंत अधिकारियों को दें ताकि सुरक्षित और स्वच्छ खाद्य पदार्थ बाजार में उपलब्ध रहें।

खाद्य सुरक्षा विभाग के इस अभियान में अब तक कुल 109 नमूने संग्रहित किए जा चुके हैं और इनकी जांच के बाद दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने यह भी स्पष्ट किया कि इस तरह के निरीक्षण और कार्रवाई नियमित रूप से पूरे जिले में जारी रहेंगे, ताकि त्योहारों के दौरान नागरिकों को स्वस्थ और सुरक्षित भोजन उपलब्ध हो सके। इस अभियान के माध्यम से विभाग ने यह संदेश दिया कि स्वास्थ्य और सुरक्षा के लिए कोई समझौता नहीं किया जाएगा, और सभी व्यापारियों और खाद्य विक्रेताओं से अपेक्षा की जाती है कि वे शुद्ध और सुरक्षित खाद्य पदार्थ ही बाजार में उपलब्ध कराएं।

दीपावली के अवसर पर खाद्य सुरक्षा को लेकर विभाग की कार्रवाई लगातार जारी है। अस्वच्छ और अशुद्ध खाद्य पदार्थों के खिलाफ सख्त निगरानी की जा रही है और जरूरत पडऩे पर उन्हें नष्ट किया जा रहा है। नागरिकों से अपील है कि वे भी किसी संदिग्ध या असुरक्षित खाद्य सामग्री की सूचना तुरंत विभाग को दें, ताकि सभी के लिए सुरक्षित और स्वच्छ भोजन सुनिश्चित किया जा सके। उन्होंने यह भी कहा कि इस अभियान के तहत अब तक 109 नमूने संग्रहित किए जा चुके हैं और जांच रिपोर्ट आने के बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
अरविंद यादव
सहायक आयुक्त (खाद्य) ग्रेड द्वितीय