दीपावली और छठ पर्व के लिए नगर निगम ने की विशेष तैयारियां, छठ घाटों पर सुरक्षा और सुविधा पर जोर

-नगर आयुक्त ने किया हिंडन छठ घाट का निरीक्षण, सभी विभागों को दिए स्पष्ट निर्देश

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। दीपावली के साथ-साथ छठ पर्व की तैयारियों को लेकर नगर निगम ने गति तेज कर दी है। नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने बुधवार को अपर नगर आयुक्त अवनींद्र कुमार, नगर निगम के चीफ इंजीनियर एनके चौधरी, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मिथिलेश कुमार, उद्यान प्रभारी डॉ. अनुज कुमार सिंह, जलकल महाप्रबंधक केपी आनंद और सिंचाई विभाग के अधिकारियों के साथ छठ घाटों का निरीक्षण किया। नगर आयुक्त ने मुख्य छठ घाट पर चल रहे कार्यों का जायजा लिया और देखा कि जेसीबी के माध्यम से हिंडन छठ घाट की सफाई का काम जोर-शोर से चल रहा है। उन्होंने सिंचाई विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि छठ पर्व से दो दिन पूर्व हिंडन नदी में पानी की उचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही प्रकाश प्रभारी आश कुमार को घाटों पर आकर्षक और सुरक्षित प्रकाश व्यवस्था लगाने के लिए कहा गया।

नगर निगम के चीफ इंजीनियर नरेंद्र कुमार चौधरी को घाटों पर रंगाई-पुताई और मरम्मत कार्य पूरा करने का आदेश दिया गया। इसके अलावा घाटों पर बनने वाली छठ प्रतिमा के लिए अलग से स्थान निर्धारित करने की जिम्मेदारी भी उन्हें सौंपी गई। नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मिथिलेश कुमार को सभी घाटों पर साफ-सफाई सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए। नगर आयुक्त ने बताया कि छठ घाटों पर श्रद्धालुओं की सुविधा का विशेष ध्यान रखा जाएगा। इसके तहत बैठने की व्यवस्था, स्नान की सुविधा, चेंजिंग रूम और पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था समय पर कराई जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि पिछले वर्ष की तरह इस वर्ष भी श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को प्राथमिकता दी जाएगी।

दीपावली और छठ पर्व के मद्देनजर शहर के कई मार्गों पर रंग-बिरंगी लाइटों का भी आयोजन किया गया है। हिंडन छठ घाट पर हजारों श्रद्धालु एकत्रित होते हैं और रात्रि में अधिकांश घाट पर ही रहते हैं। इस बार नगर निगम ने उनके लिए लेजर लाइट शो का आयोजन भी करने की योजना बनाई है, जिससे पर्व के दौरान श्रद्धालुओं को आनंददायक अनुभव प्राप्त हो। नगर आयुक्त ने सभी विभागों को स्पष्ट निर्देश दिए कि हर कार्य समय पर और व्यवस्थित ढंग से किया जाए। उन्होंने कहा कि सुरक्षा, स्वच्छता और सुविधा का उच्चतम स्तर बनाए रखना इस आयोजन की प्राथमिकता है। इसके साथ ही उन्होंने नगरवासियों से अपील की कि वे अपने सहयोग से पर्व को सुरक्षित और शांतिपूर्ण ढंग से मनाएं।

नगर निगम की ओर से छठ घाटों की तैयारियों में स्वास्थ्य विभाग, सिंचाई विभाग, जलकल विभाग और उद्यान विभाग की टीम मिलकर काम कर रही है। रोस्टर के अनुसार सभी घाटों पर समन्वित रूप से कार्य हो रहा है ताकि किसी भी तरह की अव्यवस्था न हो। नगर आयुक्त ने कहा कि इस वर्ष छठ पर्व पर विशेष सुरक्षा और सुविधाओं के लिए अतिरिक्त स्टाफ तैनात किया जाएगा। इस प्रकार नगर निगम ने दीपावली और छठ पर्व के लिए शहरवासियों और श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और आनंद को सुनिश्चित करने के लिए हर पहल की है। घाटों पर साफ-सफाई, पानी की आपूर्ति, प्रकाश व्यवस्था और सुरक्षा के समुचित इंतजामों के साथ ही नगर निगम ने सभी विभागों को समयबद्ध कार्य करने के लिए निर्देशित किया है।