गाजियाबाद में दीपावली पर उज्ज्वला योजना का अनूठा आयोजन, 150 लाभार्थियों को गैस सिलेंडर वितरित

-सदर विधायक संजीव शर्मा ने किया शुभारंभ, लाभार्थियों के चेहरे खिले
-मोदी-योगी सरकार का धरातलीय प्रयास: योजनाओं को केवल घोषणा नहीं, बल्कि क्रियान्वयन में भी सफल बनाना

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के अंतर्गत मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा दीपावली के अवसर पर बुधवार को नि:शुल्क गैस सिलेंडर वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम लोक भवन, लखनऊ में संपन्न हुआ, जिसका लाइव प्रसारण दुर्गावती देवी सभागार, विकास भवन, गाजि़याबाद में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जनपद के समस्त गैस एजेंसियों के माध्यम से योजना के लाभार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। कार्यक्रम का शुभारंभ सदर विधायक संजीव शर्मा द्वारा किया गया। उन्होंने सभी उपस्थित लाभार्थियों और गणमान्यों का हार्दिक स्वागत करते हुए दीपावली की शुभकामनाएँ दीं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा संचालित यह योजना ग्रामीण और शहरी परिवारों को रसोई गैस की सुविधा नि:शुल्क प्रदान करने के लिए है, जिससे घर-घर सुविधा और सुरक्षा सुनिश्चित हो सके। कार्यक्रम में 150 लाभार्थियों को प्रतीकात्मक चेक वितरित किया गया, जिनमें से 10 लाभार्थियों को माननीय विधायक संजीव शर्मा ने विशेष रूप से चेक प्रदान किया।

संजीव शर्मा ने कहा कि मोदी-योगी सरकार कहने में नहीं, करने में विश्वास रखती है। उन्होंने बताया कि सरकार द्वारा संचालित योजनाओं को धरातल पर शत-प्रतिशत लागू करने के लिए समय-समय पर विभिन्न कार्यक्रम, अभियान और जागरूकता शिविर आयोजित किए जाते हैं। उन्होंने कहा कि लाभार्थियों को योजना का लाभ दिलाने के साथ-साथ नए पात्र लोगों को भी शामिल किया जाता है, ताकि सभी योग्य नागरिकों तक सरकारी सुविधाएँ पहुँच सकें।
कार्यक्रम में उपस्थित लाभार्थियों ने प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के प्रति अपनी संतुष्टि और आभार व्यक्त किया। उनका कहना था कि इस योजना से उन्हें रसोई गैस की सुविधा नि:शुल्क प्राप्त हुई है, जिससे उनका जीवन अधिक सुरक्षित, सुविधाजनक और खुशहाल हुआ है।

लाभार्थियों ने यह भी कहा कि सरकार की योजनाएँ वास्तविक रूप से उनके जीवन में बदलाव ला रही हैं और उन्हें आत्मनिर्भर बनने में मदद कर रही हैं। कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी अभिनव गोपाल, एडीएम एल/ए  विवेक मिश्र, जिला पूर्ति अधिकारी अमित तिवारी, विभागीय अधिकारी/कर्मचारी, गैस एजेंसियों के प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में लाभार्थी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन डॉ. पूनम शर्मा ने किया और अधिकारियों के सहयोग तथा जनसहभागिता के माध्यम से यह आयोजन अत्यंत सफल और प्रेरणादायक बना।

उज्ज्वला योजना का उद्देश्य केवल गैस वितरण नहीं है, बल्कि इसके माध्यम से सुरक्षित और स्वच्छ रसोई का अनुभव देना, ग्रामीण और शहरी परिवारों की जीवन गुणवत्ता में सुधार करना और ऊर्जा के क्षेत्र में आधुनिक सुविधाओं का प्रचार करना है। संजीव शर्मा ने कहा कि मोदी-योगी सरकार हर लाभार्थी तक योजनाओं का लाभ पहुँचाने के लिए लगातार प्रयासरत है, जिससे हर नागरिक अपने जीवन में खुशहाली और सुरक्षा का अनुभव कर सके।