- उत्सव केवल रोशनी का नहीं, बल्कि समाज में सहयोग और मानवता का संदेश है: विक्रमादित्य सिंह मलिक
- आरआरआर मुहिम के माध्यम से नगर निगम ने वितरित की मिठाई, चॉकलेट, किताबें और गर्म कपड़े, बच्चों को सिखाई स्वच्छता की आदत
- स्वच्छ दीपावली और सामाजिक जिम्मेदारी को लेकर नगर निगम की पहल बनी प्रेरणा, स्थानीय निवासियों ने सराहा योगदान
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। नगर निगम ने इस दीपावली पर्व को सामाजिक सेवा और उत्सव के रंग के साथ मनाया। रिड्यूस-रीयूज-रीसायकल (आरआरआर) मुहिम के अंतर्गत नगर निगम टीम ने रविवार को स्लम इलाकों में जाकर बच्चों और परिवारों में खुशियां और सहयोग बांटा। इस मौके पर ट्रिपल आर केंद्र पर जमा हुई वस्तुओं को जरूरतमंद बच्चों और परिवारों में वितरित किया गया। विवेकानंद नगर, वसुंधरा मैक्स अस्पताल के पास और पता वैशाली जैसे क्षेत्रों में नगर निगम टीम पहुंची और बच्चों को मिठाई और चॉकलेट वितरित किए। इसके अलावा, सर्दी की शुरुआत को देखते हुए ट्रिपल आर केंद्र पर जमा किए गए गर्म कपड़े, जूते और अन्य आवश्यक वस्तुएं भी जरूरतमंदों को दी गई। कुल मिलाकर लगभग पचास बच्चों को गर्म कपड़े और जूते प्रदान किए गए।
नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने इस अवसर पर कहा कि इस दीपावली पर हमारी प्राथमिकता केवल उत्सव मनाना नहीं, बल्कि समाज के वंचित वर्गों में खुशियां और सहयोग पहुंचाना है। आरआरआर मुहिम के माध्यम से हम न केवल पर्यावरण को स्वच्छ रखने का प्रयास कर रहे हैं, बल्कि जरूरतमंद बच्चों और परिवारों के जीवन में खुशियों की किरण भी ला रहे हैं। यह हमारी जिम्मेदारी है कि हम अपने शहर के हर बच्चे तक सहायता पहुंचाएं और उन्हें भी सकारात्मक और स्वस्थ जीवन के लिए प्रेरित करें।
नगर आयुक्त ने बताया कि आरआरआर मुहिम का उद्देश्य न केवल कचरे और संसाधनों की पुनरावृत्ति करना है, बल्कि समाज में साझेदारी और सहयोग की भावना भी बढ़ाना है। उन्होंने टीम के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि स्वास्थ्य विभाग और स्वच्छता अभियान टीम ने बच्चों को साफ-सफाई के महत्व के बारे में जागरूक किया और उन्हें स्वच्छ दीपावली का संदेश दिया। इस अवसर पर नगर निगम की टीम ने बच्चों के साथ मिलकर दीपावली की रोशनी सजाई और उन्हें स्वच्छता के महत्व के प्रति उत्साहित किया। आरआरआर केंद्र वैशाली में सामाजिक संस्थाओं और नागरिकों द्वारा एकत्र की गई किताबें, कपड़े, बर्तन और अन्य वस्तुएं स्लम इलाकों में पहुंचाई गईं। वहां के बच्चों और निवासियों ने खुशी जताई और नगर निगम की इस पहल को सराहा। नगर आयुक्त ने यह भी कहा कि इस तरह की गतिविधियां बच्चों में सहयोग, उदारता और समाज के प्रति जिम्मेदारी की भावना को बढ़ाती हैं। उन्होंने सभी नागरिकों से अपील की कि वे अपने आसपास के जरूरतमंद लोगों की मदद करें और त्योहार के अवसर पर साझेदारी और मानवता की भावना को आगे बढ़ाएं।
आरआरआर मुहिम के अंतर्गत नगर निगम टीम ने यह सुनिश्चित किया कि सभी वस्तुएं साफ, सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण हों। बच्चों ने उत्साह के साथ मिठाई और चॉकलेट ग्रहण की और अपनी खुशी का इजहार किया। नगर निगम द्वारा किए गए इस प्रयास ने सामाजिक एकता और आनंद का प्रतीक स्थापित किया। इस अवसर पर नगर निगम के अधिकारी और कर्मचारी, स्थानीय निवासी और सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे। उन्होंने नगर आयुक्त के नेतृत्व में चलाए गए इस अभियान की सराहना की और इसे बच्चों और परिवारों के लिए सकारात्मक अनुभव बताया। दीपावली के इस महोत्सव में न केवल रोशनी और मिठास बंटी, बल्कि समाज के वंचित वर्गों तक प्यार, सहयोग और स्नेह का संदेश भी पहुंचा। नगर निगम द्वारा आरआरआर मुहिम के तहत यह पहल सामाजिक जिम्मेदारी, पर्यावरण संरक्षण और बच्चों के कल्याण का जीवंत उदाहरण साबित हुई।
















