• 70 से अधिक घाटों पर सफाई, जल आपूर्ति और प्रकाश व्यवस्था की विशेष तैयारियां
• स्थलीय निरीक्षण में मुख्य अभियंता और महाप्रबंधक जल ने की तैयारियों की समीक्षा
• सुरक्षा बढ़ाने के लिए सीसीटीवी कैमरे, चेंजिंग रूम और कंट्रोल रूम का इंतजाम
• श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए बड़े पंडाल और बैठने की व्यवस्थाएं
• सभी विभागों और जनप्रतिनिधियों के सहयोग से पर्व मनाने की तैयारी पूरी
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। दीपावली के समापन के साथ ही अब नगर निगम छठ महापर्व की तैयारी में पूरी तरह जुट गया है। निगम के सभी विभागीय अधिकारी घाटों की व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के लिए संयुक्त रूप से मैदान में सक्रिय दिखाई दे रहे हैं। मुख्य अभियंता निर्माण नरेंद्र कुमार चौधरी, महाप्रबंधक जल कामाख्या प्रसाद आनंद, प्रभारी उद्यान डॉ. अनुज कुमार सिंह, और नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मिथिलेश कुमार ने मंगलवार को हिंडन छठ घाट, इंदिरापुरम, मोहन नगर, वसुंधरा, विजयनगर, कवि नगर और सिटी जोन के प्रमुख घाटों का स्थलीय निरीक्षण किया। नगर निगम द्वारा 70 से अधिक छठ घाटों पर व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने का कार्य प्रारंभ कर दिया गया है। नगर आयुक्त के निर्देशानुसार इन घाटों पर सफाई अभियान, शुद्ध पेयजल की आपूर्ति, प्रकाश व्यवस्था, और पेड़ों की कटिंग जैसे कार्य युद्धस्तर पर जारी हैं। निगम अधिकारियों ने बताया कि छठ पर्व को लेकर भव्य और सुरक्षित वातावरण तैयार करने के लिए सभी विभाग मिलकर काम कर रहे हैं।
मुख्य अभियंता नरेंद्र कुमार चौधरी ने बताया कि महापौर और नगर आयुक्त के निर्देशानुसार सभी घाटों की मरम्मत, घाटों को जाने वाले मार्गों की दुरुस्ती, और रंगाई-पुताई का कार्य जोरों पर चल रहा है। उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष की तरह इस बार भी सभी तैयारियां समय पर पूरी कर ली जाएंगी ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। महाप्रबंधक जल कामाख्या प्रसाद आनंद ने बताया कि नगर निगम द्वारा सभी घाटों को पानी से भरने का कार्य कराया जा रहा है। विशेष रूप से हिंडन छठ घाट पर पानी की आपूर्ति के लिए नई पाइपलाइन बिछाई जा रही है, जिससे पर्व के दौरान पर्याप्त जल उपलब्ध रहे। नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मिथिलेश कुमार ने बताया कि निगम की सफाई टीमें सभी सूचीबद्ध घाटों पर पहले ही स्वच्छता अभियान शुरू कर चुकी हैं। हिंडन घाट सहित प्रमुख स्थलों पर कचरा निस्तारण, मच्छर नियंत्रण, और सैनिटेशन कार्य वृहद स्तर पर किए जा रहे हैं।
नगर आयुक्त ने बताया कि दीपावली के बाद नगर निगम ने छठ पर्व की तैयारी में पूरी ताकत झोंक दी है। उन्होंने कहा कि छठ पर्व गाजियाबाद में भव्यता और श्रद्धा के साथ मनाया जाएगा, जिसके लिए सभी विभाग संयुक्त रूप से निरीक्षण और कार्यवाही कर रहे हैं। नगर आयुक्त ने बताया कि सुरक्षा की दृष्टि से मुख्य घाट पर 27 सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। साथ ही श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए 25 चेंजिंग रूम (टेंट के माध्यम से) और दो कंट्रोल रूम भी बनाए जाएंगे।
इसके अलावा पांच स्थानों पर बड़े पंडाल लगाकर आगंतुकों के बैठने की व्यवस्था की जा रही है।
नगर निगम अधिकारियों ने बताया कि छठ घाटों की तैयारियों में जनप्रतिनिधियों और पार्षदों का विशेष सहयोग मिल रहा है, जो लगातार निगरानी और मार्गदर्शन कर रहे हैं। नगर आयुक्त ने कहा कि छठ पर्व के आयोजन में सभी विभागों की सामूहिक भागीदारी से गाजि़याबाद में एक सुरक्षित, स्वच्छ और सुंदर वातावरण तैयार किया जाएगा। नगर निगम ने कहा कि सभी विभाग निर्माण, स्वास्थ्य, जल, उद्यान और प्रकाश एकजुट होकर कार्य कर रहे हैं। प्रात: से ही अधिकारी टीमों के साथ घाटों का संयुक्त निरीक्षण कर रहे हैं और सभी तैयारियों को समय पर पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।



















