नगर निगम का वृहद सड़क सुधार अभियान: 20 प्रमुख सड़कों को धूल-मुक्त और गड्ढा-मुक्त कर वायु गुणवत्ता में सुधार

-नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक के निर्देश पर सभी विभाग जुटे वायु प्रदूषण नियंत्रण और सड़क सुधार में
-सिटी, कवि नगर, मोहन नगर, वसुंधरा और अन्य जोनों की प्रमुख सड़कों का 30 करोड़ 84 लाख की लागत से सीसी रोड निर्माण
-इंदिरापुरम क्षेत्र में भी 10 करोड़ की लागत से सड़क सुधार कार्य जारी, संपर्क मार्गों की भी मरम्मत
-निर्माण विभाग द्वारा सड़क पर पड़े कंस्ट्रक्शन मटेरियल को हटाकर अभियान को और प्रभावी बनाया गया
-जन सहयोग से नगर निगम ने वायु गुणवत्ता सुधार के लिए पानी का छिड़काव और सड़क सुधार कार्य संयोजन में जारी रखा

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। नगर निगम ने शहर में वायु गुणवत्ता सुधार और सड़क सुरक्षा के लिए पांचों जोनों की 20 प्रमुख सड़कों पर व्यापक सड़क सुधार अभियान शुरू कर दिया है। कुल 30 करोड़ 84 लाख रुपये की लागत से यह अभियान नगर निगम निर्माण विभाग द्वारा संचालित किया जा रहा है। नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक के निर्देशानुसार नगर निगम के सभी विभाग वायु प्रदूषण की रोकथाम, सड़क सुधार और सार्वजनिक सुविधा में तेजी से जुटे हुए हैं। सिटी जोन में पटेल नगर] लाल चौक से आरके स्टील तक सड़क सुधार का कार्य कराया गया। हिंडन विहार मेट्रो स्टेशन से बाल्मीकि सभागार होते हुए गार्बेज फैक्ट्री तक सीसी रोड का निर्माण कार्य संपन्न हुआ। कवि नगर जोन के चिरंजीव विहार में साइ मंदिर से सेक्टर 2 मार्केट होते हुए विजय कॉलेज तक सड़क सुधार कार्य किया गया, वहीं वार्ड संख्या 91 के आई ब्लॉक की आंतरिक सड़कों और मानसरोवर पार्क कॉलोनी में हंसराज मार्केट तक सड़क सुधार का कार्य भी पूरा किया गया।

आरडीसी फ्लाईओवर के नीचे शौचालय से जल निगम कट तक सड़क सुधार कार्य, बालाजी एनक्लेव एवं कृष्ण गार्डन में मार्गों का मरम्मत कार्य, विजयनगर के अकबरपुर बहरामपुर में ग्रीन होटल से बसंत वाली तक सड़क सुधार, डूंडाहेड़ा में मैंन रोड जीटी ट्रांसपोर्ट से अंबेडकर भवन तक सड़क सुधार कार्य भी नगर निगम द्वारा संपन्न कराया गया। मोहन नगर जोन के भोपुरा से सफेद गेट लोनी रोड तक सड़क सुधार कार्य जारी है, जबकि भोपुरा डिफेंस कॉलोनी में गुर्जर चौक और शालीमार गार्डन वार्ड 78 व 37 की आंतरिक सड़कें मरम्मत के लिए चयनित की गई हैं। नगर निगम निर्माण विभाग ने वसुंधरा जोन के बृज विहार की मुख्य मार्गों और संपर्क मार्गों को भी दुरुस्त किया है। इसके अलावा इंदिरापुरम क्षेत्र में भी 10 करोड़ की लागत से सड़क सुधार का कार्य जारी है। निगम की टीम ने सड़क पर पड़े कंस्ट्रक्शन मटेरियल को हटाकर अभियान को और प्रभावी बनाया।

नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने कहा कि यह अभियान केवल सड़क सुधार तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका उद्देश्य गाजियाबाद की वायु गुणवत्ता में सुधार लाना और शहरवासियों को सुरक्षित और सुगम यातायात सुविधा प्रदान करना है। उन्होंने बताया कि नगर निगम की सभी सड़कें गड्ढा मुक्त और धूल मुक्त बनेंगी, ताकि नागरिकों को सुचारू यातायात और बेहतर जीवनयापन के अवसर मिल सकें। नगर निगम निर्माण विभाग लगातार सड़कों की मरम्मत के साथ-साथ मुख्य मार्गों और संपर्क मार्गों पर सीसी रोड निर्माण कर रहा है। इसके अलावा, पानी का छिड़काव अभियान भी जारी है, ताकि धूल और प्रदूषण को नियंत्रित किया जा सके।

अधिकारियों का कहना है कि इस अभियान के परिणामस्वरूप शहर की वायु गुणवत्ता में निश्चित रूप से सुधार होगा और नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित होगी। इस अभियान से न केवल सड़कों की गुणवत्ता में सुधार होगा, बल्कि वाहन चालकों और आम नागरिकों के लिए भी सुरक्षित और सहज यातायात व्यवस्था सुनिश्चित होगी। नगर निगम का यह कदम गाजियाबाद को अधिक व्यवस्थित और प्रदूषण-मुक्त शहर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में देखा जा रहा है।